मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस पर 31 अक्टूबर को भोपाल में एयर शो की तैयारी, सेना का बैंड भी देगा प्रस्तुति

 भोपाल। मध्य प्रदेश का 69वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। चार दिन तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे। 31 अक्टूबर को लाल परेड मैदान पर भारतीय सेना के बैंड का प्रदर्शन होगा। एयर शो की भी तैयारी है। एक नवंबर को अमृत मध्य प्रदेश के अंतर्गत समवेत नृत्य-नाटिका की प्रस्तुति होगी तो दो नवंबर को पूरे प्रदेश में गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को स्थापना दिवस समारोह की तैयारी समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सेवा कार्य किए जाएं और इसका नेतृत्व कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधि करें। मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश के 69वें स्थापना दिवस और दीपावली पर सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ ही समाज के जरूरतमंद वर्ग के जीवन में खुशियां बिखरने के लिए समर्थ वर्ग को आगे आना चाहिए।

निर्माण श्रमिकों, अस्पतालों में दाखिल निर्धन वर्ग के रोगियों और अन्य जरूरतमंद व्यक्तियों को प्रत्येक नागरिक अपनी क्षमता के अनुसार फल, मिष्ठान और उनके बच्चों के लिए पटाखों का प्रबंध करें। शासकीय अधिकारी, व्यापारी वर्ग, उद्योगपति और निजी क्षेत्र के संस्थान भी प्रदेश के स्थापना दिवस और दीपावली पर सामाजिक प्रकल्प हाथ में लें।

 

108 कलाकार हिस्सा लेंगे

 

इस दौरान बताया गया कि भोपाल के लाल परेड पर 31 अक्टूबर को भारतीय सेना की ओर से बैंड प्रदर्शन और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्थापना दिवस पर अमृत मध्य प्रदेश के अंतर्गत समवेत नृत्य-नाटिका प्रस्तुत होगी, जिसमें 108 कलाकार हिस्सा लेंगे।

लोकमाता अहिल्या देवी को समर्पित महेश्वर घाट की थीम पर कार्यक्रम का आकल्पन किया जा रहा है। संगीतकार अंकित तिवारी कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। रवीन्द्र भवन में सांस्कृतिक संध्या के साथ ही एक नवंबर को जन अभियान परिषद द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएंगी। ऐतिहासिक स्मारकों और महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं बाजारों में सुंदरीकरण करने के साथ महत्वपूर्ण स्थलों पर 69 दीप जलाए जाएंगे।

Leave Your Comment

Click to reload image