जिन किसानों के पास होगा फार्मर आईडी, उन्हीं को मिलेगा PM किसान सम्मान निधि का लाभ
ग्वालियर। किसानों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुगम एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के लिये ग्वालियर जिले में भी शासन के निर्देशों के तहत किसानों की फार्मर आईडी बनाई जा रही है। फार्मर आईडी 30 नवम्बर तक बनवाई जा सकती हैं।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिले के किसान भाईयों से ऑनलाइन स्वयं अथवा स्थानीय युवा सर्वेयर, नागरिक सुविधा केन्द्र (सीएससी), पटवारी, सहकारी समिति या पीडीएस की दुकान के माध्यम से अपनी फॉर्मर आईडी बनवाने की अपील की है।
फार्मर आईडी इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिसम्बर माह के बाद उन्हीं किसानों को मिलेगा जिनकी फॉर्मर आईडी होगी। इसलिए किसान भाई अपनी फार्मर आईडी अवश्य बनवा लें। किसान आधारकार्ड, समग्र आईडी, खसरा/खतौनी की प्रतिलिपि व मोबाइल नम्बर इत्यादि के आधार पर अपनी फार्मर आईडी बनवा सकते हैं।
अब 28 अक्टूबर तक उपार्जन के लिए पंजीयन
इस बीच, मौजूदा खरीफ मौसम में समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार व बाजरा बेचने के लिये ग्वालियर जिले के जो किसान अभी तक पंजीयन नहीं करा पाए हैं, उन्हें प्रदेश सरकार ने एक और मौका दिया है। जिले के शेष किसान अब 28 अक्टूबर तक संबंधित खरीदी केन्द्र पर अपना पंजीयन करा सकते हैं। जिले के शेष किसानों के पंजीयन की तिथि बढ़ाने के लिये सांसद
भारत सिंह कुशवाह ने शासन स्तर पर विशेष पहल की थी। मौजूदा खरीफ विपणन वर्ष में समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार व बाजरा उपार्जन के लिये जिले में 29 पंजीयन केन्द्र बनाए गए हैं। इन केन्द्रों पर 1096 कृषक पंजीयन से शेष रह गए थे। इन सभी किसानों के हित में राज्य शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय द्वारा ग्वालियर जिले के लिये पंजीयन की तिथि 28 अक्टूबर तक बढ़ा दी है।