अंगारकी चतुर्थी पर आज उज्जैन में विशेष आयोजन, महामंगल के दरबार में लगेगा अन्नकूट
उज्जैन। अंगारकी चतुर्थी पर मंगलवार को अंगारेश्वर व मंगलनाथ मंदिर में अन्नकूट महोत्सव मनाया जाएगा। शाम 5 बजे महामंगल को पकवानों का महाभोग लगाकर आरती की जाएगी। मंदिर में दीपमालिका सजेगी। पुजारी आतिशबाजी कर दीपावली मनाएंगे।
मंगलनाथ व अंगारेश्वर मंदिर की पूजन परंपरा में दीपावली के बाद आने वाले पहले मंगलवार को अन्नकूट महोत्सव मनाया जाता है। इस बार मंगलवार को अंगारक चतुर्थी के संयोग में महामहोत्सव मनाया जा रहा है।
पंचामृत व फलों के रस से महाअभिषेक
अंगारेश्वर मंदिर के पुजारी पं. रोहित उपाध्याय ने बताया दोपहर 3 बजे भगवान अंगारेश्वर महादेव का पंचामृत व फलों के रस से महाअभिषेक कर पूजा अर्चना की जाएगी।
इसके बाद दिव्य स्वरूप में शृंगार कर पकवानों का महाभोग लगाया जाएगा। मंदिर परिसर में दीपमालिका सजाई जाएगी। पुजारी, पुरोहित आतिशबाजी कर दीपावली मनाएंगे।
इसी प्रकार मंगलनाथ मंदिर में दीपोत्सव मनाया जाएगा। महंत जितेंद्र भारती ने बताया, भगवान मंगलनाथ का अभिषेक पूजन कर विशेष मुखारविंद धारण कराया जाएगा। इसके बाद छप्पन पकवानों का महाभोग लगाकर आरती की जाएगी।