मध्य प्रदेश

टहलने निकले छात्र के गले से बाइक सवार बदमाशों ने खींची सोने की चेन

 भोपाल। शहर के हबीबगंज थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाश सड़क पर पैदल जा रहे एक छात्र के गले से सोने की चेन छीनकर रफूचक्कर हो गए। घटना रविवार रात बांसखेड़ी चौराहे पर हुई। उस वक्त छात्र खाना खाकर टहलने निकला था।

छात्र ने कुछ दूर तक दौड़ते हुए बाइक सवार बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे। अंधेरे की वजह से छात्र बाइक का नंबर भी नहीं देख पाया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
 
हबीबगंज थाना प्रभारी संजय सोनी के मुताबिक मन्नीपुरम कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय रचित जैन एमबीए का छात्र है। वह रविवार की रात खाना खाने के बाद घर से निकलकर मनीषा मार्केट तक टहलने के लिए गया था। वहां से लौटते समय रचित बांसखेड़ी चौराहे के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से बाइक सवार तीन बदमाश उसके करीब आए। तभी बाइक पर पीछे बैठे एक बदमाश ने उसके गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन खींच ली। चेन झपटने के बाद बदमाश तेजी से फरार हो गए।
 

 

घटना के बाद रचित अपने घर चला गया। अगले दिन सोमवार को रचित स्वजनों को साथ लेकर हबीबगंज थाने पहुंचा और मामले में एफआइआर दर्ज करा दी। बाइकसवार अज्ञात बदमाशों की तलाश में पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। साथ ही पुराने बदमाशों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। थाना प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि इस घटना में दो टीमें बनाकर आरोपित की तलाश की जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image