मध्य प्रदेश

मालेगांव ब्लास्ट केस में कोर्ट का वारंट, साध्वी प्रज्ञा ने एक्स पर लिखा- कांग्रेस का टॉर्चर... जिंदा रही तो जाऊंगी

 भोपाल। भोपाल से पूर्व लोकसभा सदस्य साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के नाम मुंबई की स्पेशल एनआइए कोर्ट ने जमानती वारंट जारी किया है। साध्वी प्रज्ञा वर्ष 2008 में हुए मालेगांव बम विस्फोट मामले में आरोपित हैं। इस बीच साध्वी प्रज्ञा ने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए अपनी खराब सेहत का हवाला दिया और लिखा कि 'जिंदा रही तो कोर्ट अवश्य जाऊंगी।' भोपाल में उनके प्रतिनिधि ने भी कहा है कि वे गंभीर रूप से बीमार हैं और दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती हैं।

साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने बुधवार आधी रात को अपने आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट पर एक पोस्ट डाली। इसमें उन्होंने लिखा कि कांग्रेस का टॉर्चर सिर्फ एटीएस अभिरक्षा तक ही नहीं, मेरे जीवन भर के लिए मृत्युदायी कष्ट का कारण हो गये। ब्रेन में सूजन, आंखों से कम दिखना, कानों से कम सुनना, बोलने में असंतुलन, स्टेरायड और न्यूरो की दवाओं से पूरे शरीर में सूजन है। एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। जिंदा रही तो कोर्ट अवश्य जाऊंगी।

इस पोस्ट के साथ साध्वी ने अपनी एक तस्वीर लगाई, जिसमें उनका चेहरा काफी सूजा हुआ दिख रहा है। भोपाल में उनके प्रतिनिधि का कहना है कि उनके स्वास्थ्य को देखते हुए अदालत में पेश होना फिलहाल संभव नहीं दिख रहा है। उनके वकील इस स्थिति को न्यायालय के सामने रखेंगे।

 

इस वर्ष यह दूसरी बार है जब प्रज्ञा सिंह ठाकुर को न्यायालय में पेश होने के लिए वारंट जारी हुआ। इसी वर्ष मार्च में न्यायालय ने 10 हजार रुपये के अर्थदंड सहित वारंट जारी किया था। उनके वकील ने 10 हजार रुपये जमा कर दिए थे और एक चिकित्सकीय प्रमाण पत्र पेश किया था। इसके बाद वह कोर्ट में पेश नहीं हुईं।

13 नवम्बर को होनी है पेशी

मुंबई की विशेष एनआईए अदालत ने पांच नवम्बर को एक जमानती वारंट जारी कर 13 नवम्बर को उन्हें पेश करने को कहा था। न्यायालय ने लिखा कि मुख्य आरोपित को अदालत में उपस्थित होना चाहिए क्योंकि मामला अंतिम चरण में है।

2008 के बम विस्फोट का मामला

साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ यह मामला 29 सितंबर 2008 को महाराष्ट्र के मालेगांव में हुए धमाकों से जुड़ा हुआ है। उस दिन एक मस्जिद के पास हुए बम धमाके में छह लोगों की मौत हो गई थी और 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। इस मामले में महाराष्ट्र एटीएस ने साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को गिरफ्तार किया था। बाद में यह मामला एनआईए के पास चला गया।

Leave Your Comment

Click to reload image