भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में सौरभ शर्मा और अन्य के खिलाफ चला तलाशी अभियान, 23 करोड़ कैश बरामद, ED ने जारी किया नया बयान
भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व आरटीओ आरक्षक सौरभ शर्मा केस में अब तक कई अहम खुलासे हो चुके हैं। धनकुबेर के एक के बाद एक काले कारनामों से पर्दा उठते जा रहा है। इस बीच प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बड़ी जानकारी दी है। एजेंसी ने सौरभ के ठिकानों से 23 करोड़ की नगदी भी बरामद की है।
मंगलवार की देर शाम ED ने सोशल मीडिया पर बताया कि ईडी, भोपाल ने सौरभ शर्मा और अन्य के मामले में मध्य प्रदेश के भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर जिलों में स्थित विभिन्न परिसरों में पीएमएलए, 2002 के प्रावधानों के तहत 27.12.2024 को तलाशी अभियान चलाया। तलाशी अभियान के दौरान विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेज, सौरभ शर्मा के सहयोगी चेतन सिंह गौर के नाम पर 6 करोड़ रुपये से अधिक की सावधि जमा के रूप में चल संपत्ति, सौरभ शर्मा के परिवार के सदस्यों और कंपनियों के नाम पर 4 करोड़ रुपये से अधिक का बैंक बैलेंस और 50 लाख रुपये से अधिक की अचल संपत्ति/संपत्ति से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए. 23 करोड़ रुपये मूल्य की नकदी बरामद कर जब्त कर ली गई।
बता दें कि मध्य प्रदेश की लोकायुक्त पुलिस की ओर से बीते दिनों की गई छापेमारी में सौरभ शर्मा के ठिकानों से 234 किलो चांदी और करोड़ों रुपए कैश मिले थे। इसके बाद सौरभ के सहयोगी की कार से इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को 54 किलो सोना और 10 करोड़ रुपए नकद मिले थे। फिलहाल सौरभ शर्मा फरार है।