मध्य प्रदेश

श्रीहरि अल्ट्रासाउंड सेंटर सील: गर्भवती को दी थी गलत रिपोर्ट, भ्रूण की धड़कन नहीं होने का किया था दावा

भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड के हाउसिंग कॉलोनी स्थित श्रीहरि अल्ट्रासाउंड को गलत जांच रिपोर्ट जारी करने के आरोप में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया। प्रसूता की शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई है। अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में भ्रूण की धड़कन न होने का दावा किया गया था, जबकि दूसरी जांच में भ्रूण स्वस्थ पाया गया।

प्रसूता ने आरोप लगाया था कि 18 दिसंबर को श्रीहरि अल्ट्रासाउंड में जांच कराने के दौरान उसे भ्रूण की धड़कन न होने की रिपोर्ट दी गई थी। इस आधार पर उसे गर्भ साफ कराने की सलाह दी गई। परिवार की सलाह पर पांच दिन बाद पूजा अल्ट्रासाउंड में जांच कराई, जिसमें भ्रूण की धड़कन सामान्य पाई गई। इस पर महिला के परिजनों ने कलेक्टर और सीएमएचओ से मामले की शिकायत की।
 
शिकायत के बाद मंगलवार शाम जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आलोक शर्मा और पूरी टीम श्रीहरि अल्ट्रासाउंड पहुंची। टीम ने पंचनामा तैयार कर सेंटर को सील कर दिया। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि जब शिकायत दर्ज की गई तो संचालक ने शिकायतकर्ता को धमकाने का प्रयास किया। कलेक्टर के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से अन्य सेंटर संचालकों को भी चेतावनी मिली है कि गलत रिपोर्ट जारी करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image