छत्तीसगढ़ / जांजगीर-चाम्पा
बीमा योजना व किसान क्रेडिट कार्ड में बढ़ाए लाभार्थियों की संख्या : कलेक्टर
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सलाहकार एवं परामर्शदात्री समिति की त्रैमासिक बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभिन्न हितग्राहीमुखी विकास तथा रोजगारमूलक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को इन योजनाओं के प्रकरणों में शत-प्रतिशत स्वीकृति और सहायता ऋण राशि के समयबद्ध वितरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ जिले के प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे। उन्होंने विशेष रूप से वित्तीय समावेशन से जुड़ी योजनाओं पर ज़ोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना जैसे कार्यक्रम स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए अत्यंत प्रभावी हैं।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शहरी क्षेत्रों में कौशल आधारित योजनाओं को प्राथमिकता दी जाए और इनके अंतर्गत ऋण स्वीकृति में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रकरणों को प्राथमिकता से स्वीकृत करें। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना में पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक जोड़ने के निर्देश भी दिए। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड के लंबित आवेदनों का त्वरित निराकरण करने और मत्स्य व पशुपालन विभाग के हितग्राहियों को योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए समन्वित प्रयास करने को कहा। इसके अतिरिक्त, आधार सीडिंग के कार्य और ई केवाईसी में अगली बैठक तक अधिक लक्ष्य पूर्ण करने और वित्तीय फ्रॉड से बचाव हेतु जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री सूक्ष्म उद्योग उन्नयन योजना, रोजगार सृजन योजना, आजीविका मिशन, जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति, पीएमएमवाय और पीएमस्वनिधि जैसी योजनाओं की प्रगति तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा भेजे गए प्रकरणों की स्थिति की भी विस्तृत जानकारी ली।
कलेक्टर ने आगामी ग्राम सभा में योजनाओं के अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने और अधिकतम लाभ दिलाने के निर्देश दिए । इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, रिजर्व बैंक, लीड बैंक अधिकारी, नाबार्ड सहित संबंधित विभागों के जिला अधिकारी सहित जिले के विभिन्न बैंक शाखाओं के प्रबंधक उपस्थित थे।
मुद्रा योजना में सरलीकरण, सरल ऋण प्रक्रिया पर जोर :
कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत कोई भी व्यक्ति देश के किसी भी बैंक से सरल प्रक्रिया के तहत लोन प्राप्त कर सकता है। योजना का उद्देश्य युवाओं, महिलाओं और छोटे व्यवसायियों को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बैंक अधिकारियों को शिशु, किशोर और तरुण घटकों के लिए बैंकवार पृथक लक्ष्य निर्धारण कर जिले में अधिक से अधिक स्वीकृत करने कहा।
कलेक्टर के निर्देशन पर बंधक बनाए गए श्रमिकों को सकुशल लौटाया गया अपने घर
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए ग्राम मेकरी, थाना-पामगढ़ के श्री राजेश सूर्यवंशी सहित 6 लोगो को बंधन से मुक्त कराकर सुरक्षित वापस उनके गृहग्राम भेजा।
श्रम पदाधिकारी ने बताया ग्राम मेकरी निवासी श्रीमती प्रभा सूर्यवंशी ने 25 सितम्बर को आवेदन कर बताया था कि उनके पति श्री राजेश सूर्यवंशी समेत 6 अन्य लोगो को उत्तर प्रदेश के जिला जामुंद हरदासपुर स्थित बिराट ईंट भट्ठे के मालिक द्वारा बंधक बनाया गया है। सूचना मिलते ही कलेक्टर श्री महोबे ने तत्काल संबंधित विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए। श्रम विभाग एवं प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से मजदूरों को मुक्त कराकर उन्हें सुरक्षित वापस लाया गया।
सभी श्रमिक 27 सितम्बर को बिलासपुर पहुंच चुके हैं और वहां से अपने-अपने गृहग्राम के लिए रवाना हो गए हैं। श्रमिकों के सुरक्षित घर पहुंचने के बाद उनके बयान लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आकस्मिक मृत्यु के 06 प्रकरणों में 24 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आपदा मृत्यु के 06 प्रकरणों में राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत चार-चार लाख रुपए के मान से कुल 24 लाख रुपये की आर्थिक सहायता अनुदान राशि की स्वीकृति दी है।
जिले की तहसील बलौदा के ग्राम पंचायत बेलटुकरी निवासी श्री राहुल कुमार पाटले की पानी में डूबने से मृत्यू होने पर उनके पिता श्री लक्ष्मीनारायण, तहसील सारागांव के ग्राम दर्री निवासी श्री निखिल भैना की पानी में डूबने से मृत्यु होने पर उनके पिता श्री बुंदराम भैना, तहसील राहौद के ग्राम तनौद निवासी कुमारी कंचन पटेल की सर्पदंश से मृत्यु होने पर उनके पिता श्री मुकेश कुमार पटेल, तहसील अकलतरा के ग्राम मुरलीडीह (कंजी) निवासी इन्द्रकुंवर राजवाड़े की पानी में डूबने से मृत्यु होने पर उनके पुत्र श्री सुकुल राजवाड़े, तहसील पामगढ़ के ग्राम डिघोरा निवासी श्री आयुष कुमार यादव की सर्पदंश से मृत्यु होने पर उनके पिता श्री मनोज कुमार यादव एवं तहसील चांपा के ग्राम हथनेवरा निवासी श्री लक्ष्मीप्रसाद साहू की पानी में डूबने से मृत्यु होने पर उनकी पत्नी श्रीमती विनीता साहू को राजस्व पुस्तक 6-4 के तहत् चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा। जिले की नवागढ़ पुलिस ने वन मंडल विभाग निगम में नौकरी लगाने के नाम पर 3 लाख की धोखाधड़ी के मामले में फरार आरोपी चंद्रकांत चौहान को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ IPC की धारा 420 के तहत जुर्म दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी, कोरबा जिले के बांकीमोंगरा का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक, रूखमणी चौहान ने 19 जनवरी 2022 को रिपोर्ट लिखवाई थी कि, सोशल मीडिया के माध्यम चंद्रकांत चौहान उर्फ गोलू से मुलाकात हुई थी। तब उसने अपने आप को SCEL में अधिकारी के पद पर पदस्थ हूं कहकर अपने परिवार के अन्य सदस्य को भी बड़े पोस्ट में होना बताया था। इस दौरान उसे झांसे में लेकर वन मंडल विभाग निगम में सीधी भर्ती में नौकरी लगवाने के नाम पर रुपये की मांग की थी।
इस पर वह अलग-अलग क़िस्त में 3 लाख 23 हजार रुपए दिए थे। इसके बाद में आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज किया था और अब पुलिस ने 3 साल से फरार आरोपी चंद्रकांत चौहान उर्फ गोलू को गिरफ्तार करके उसे न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।
प्रधान जिला न्यायाधीश, कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने किया जिला जेल का निरीक्षण
जांजगीर-चांपा। उच्चतम न्यायालय के निर्णय के दिशा निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर एवं बोर्ड आफ विजिटर्स द्वारा आज जिला जेल जांजगीर खोखरा का निरीक्षण प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर श्री शक्ति सिंह राजपूत, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री प्रवीण मिश्रा, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री मनोज कुमार कुशवाहा की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप, सहायक जेल अधीक्षक श्री डी.डी. टोंडर सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान जेल के प्रत्येक बैरक पर जाकर बंदियों की रहने की व्यवस्था, बंदियों की समस्याएं व खान पान की जानकारी लेते हुए बंदियों के संबंध में शिकायत पेटी, पाक शाला, अस्पताल, कार्यालय कक्ष, किशोर बंदियों की पहचान, जमानत एवं अपील की संबंध में जानकारी, लीगल एड क्लिनिक द्वारा दी जाने वाली बंदियों की सुविधा, बंदीयो की सामानों की जांच, बंदी कॉलिंग की सुविधा, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम, बंदी मुलाकात केंद्र, अस्पताल सुविधा की जांच की गई। साथ ही बंदियों की समस्याओं को सुना गया। उन्होने जेल परिसर में स्वच्छता, रसोई कक्ष की साफ-सफाई एवं रख-रखाव, अस्पताल में दवाईयो की उपलब्धता की जानकारी ली।
श्री रामलला के दर्शन के लिए जिले से श्रद्धालुओं का दल रवाना
श्री रामलला दर्शन अयोध्या धाम योजनांतर्गत अब तक जिले के 1870 श्रद्धालु लाभान्वित
जांजगीर-चांपा । छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना के अंतर्गत आज जिले से श्रद्धालुओं का दल रवाना हुआ। इस योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को निःशुल्क यात्रा, दर्शन, आवास, भोजन और सुरक्षा की संपूर्ण व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है। श्री रामलला दर्शन अयोध्या धाम योजनांतर्गत आज खोखरा से जिले के कुल 187 श्रद्धालुओं को लेकर दो बसें अयोध्या धाम दर्शन यात्रा के लिए रवाना हुईं। यह बस जिले के श्रद्धालुओं को बिलासपुर रेलवे स्टेशन तक ले जाएगी, जहाँ से विशेष ट्रेन द्वारा अयोध्या धाम के लिए प्रस्थान किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल, पूर्व विधायक श्री अंबेश जांगड़े, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती उमा राजेन्द्र राठौर, श्री अमर सुलतानिया, इंजी रवि पाण्डेय, पार्षदगण सहित जनप्रतिधियों ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही यात्रियों को सेवा पखवाड़ा दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। सभी जनप्रतिनिधियों ने श्री रामलला दर्शन योजना की सराहना की एवं यात्रियों को तिलक लगाकर एवं फूलमाला पहनाकर शुभकामनाओं सहित रवाना किया। इस अवसर पर एसडीएम व उप संचालक समाज कल्याण श्री पवन कोसमा, उप संचालक पंचायत श्री अभिमन्यु साहू सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
उप संचालक समाज कल्याण विभाग ने बताया कि श्री रामलला दर्शन (अयोध्या धाम) योजनांतर्गत यह 10वीं यात्रा है। प्रत्येक यात्रा में 187 श्रद्धालु अयोध्या दर्शन हेतु भेजे जाते हैं, इस प्रकार जिले से अब तक कुल 1870 श्रद्धालु योजना से लाभान्वित हो चुके हैं। यात्रा पर रवाना हो रहे श्रद्धालुओं ने राज्य शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त की। उन्होंने कहा कि श्री रामलला के दर्शन का यह अवसर उनके लिए आनंददायक और सौभाग्यपूर्ण है। श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति धन्यवाद प्रकट करते हुए कहा कि यह योजना उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
कलेक्टर महोबे ने जिले में सेवा पखवाड़ा अंतर्गत स्वच्छता अभियान का किया शुभारंभ
ग्राम पंचायतों, विद्यालयों और महाविद्यालयों सहित विभिन्न स्थलों में स्वच्छता अभियान चलाकर लिया स्वच्छता शपथ
जांजगीर-चांपा । स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने और लोगों को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से जिले में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक का शुभारंभ आज कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने किया। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों से स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छता अभियान चलाते हुए स्वयं झाड़ू लगाकर लोगों को प्रेरित किया।
आज सुबह पूर्व सांसद श्री कमला देवी पाटले, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव श्री अंबेश जांगड़े, पूर्व विधायक श्री चुन्नीलाल साहू, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर जांजगीर पहुंचकर हाथों में झाड़ू लेकर अस्पताल परिसर की सफाई की और खरपतवार को भी हटाया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियो एवं कलेक्टर ने सभी जिलेवासियों से आग्रह किया कि इस स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाएं। इस अवसर पर सभी को स्वच्छता ही सेवा की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर श्री अमर सुलतानिया, इंजी. रवि पांडेय, श्री पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, श्री आशुतोष गोस्वामी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे आज कुदरी बैराज स्थित गार्डन पहुंचे। यहां उन्होंने गार्डन परिसर, बोटिंग जोन के आस पास झाड़ू एवं फावड़ा चलाकर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर कलेक्टर ने उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों को स्वच्छता शपथ दिलाई और उन्हें स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल कार्यक्रम भर नहीं है बल्कि यह सभी की जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। यदि हर नागरिक अपने घर, मोहल्ले और आसपास को साफ रखे तो पूरा जिला आदर्श बन सकता है। इसके साथ ही जिले के विभिन्न ग्र्राम पंचायतो में स्वच्छता ही सेवा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत ग्राम पंचायत चंडीपारा, ग्राम सेमरा, बिर्रा सहित विभिन्न ग्रामों में स्वच्छता शपथ कार्यक्रम, स्वच्छता रैली, श्रमदान सहित अन्य गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर बलौदा जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शारदा सनत देवांगन, जनपद पंचायत सदस्य श्री चूड़ामणि राठौर, जनपद सदस्य श्रीमती रति रमेश सोनझरी, सरपंच कुदरी श्रीमती बबली आर के यादव, विभिन्न जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारी, स्व-सहायता समूह की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
स्वच्छता ही सेवा हेतु दिलाई गई शपथ :
इस अवसर पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सभी को स्वच्छता के प्रति सजग रहने, समय देने तथा श्रमदान कर स्वच्छता के संकल्प को चरितार्थ करने स्वच्छता ही सेवा हेतु शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई एक अच्छी आदत है, स्वच्छ पर्यावरण और आदर्श जीवन शैली के लिये हर एक को यह आदत बनानी चाहिये।
बालको ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर खिलाड़ियों के सपनों को दिया पंख
बालको ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर खिलाड़ियों के सपनों को दिया पंख
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगा महतारी सदन - उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा
जांजगीर-चांपा । प्रदेश के प्रत्येक ग्राम पंचायतों में ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने तथा आपसी समरसता स्थापित करने सामायिक कार्यक्रमों में सामूहिक भागीदारी तथा महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के निर्देशानुसार महतारी सदन का निर्माण कार्य किया जाना है। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के प्रयास से 166 महतारी सदन की स्वीकृति आदेश जारी किया गया है, इसके लिए 49 करोड़ 80 लाख रुपये की स्वीकृति जारी की गई है। जिसके तहत जिले के 10 ग्रामों में पंचायतों में 30-30 लाख की लागत से महतारी सदन बनेगा। जिसमें विकासखंड बम्हनीडीह के ग्राम चोरिया, सरहर, बम्हनीडीह, बिर्रा, विकासखंड पामगढ़ के ग्राम धरदेई व मेउभांठा, विकासखंड अकलतरा के ग्राम कोटमीसोनार, विकासखंड बलौदा के ग्राम जर्वे (ब), विकासखंड नवागढ़ के ग्राम सेमरा व पचेड़ा में महतारी सदन बनाये जाएंगे।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि न्यू इंडिया के ग्रोथ साइकल में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की आत्मनिर्भर भारत अभियान महिलाओं की क्षमता को देश के विकास के साथ जोड़ रहा है। प्रदेश के ग्राम पंचायतों में बनने जा रहा महतारी सदन भी इसी दिशा में एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि लगातार ग्राम भ्रमण के दौरान महिलाओं द्वारा बैठने की स्थान न होने की शिकायत की और बैठने हेतु स्थान दिलाने की मांग की जाती रही इसलिए महतारी सदन बनाने का विचार आया। ततपश्चात महिलाओं को रोजगार दिलाने और उनको काम काज के लिए स्थान उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार गांवों में महतारी सदन बनाने जा रही है। अब तक 368 महतारी सदन की स्वीकृति इसी उद्देश्य को पूर्ति के लिये जारी किया गया है। कार्यों में एकरूपता के दृष्टिकोण से पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा कार्य का एक मानक डिजाईन एवं प्राक्कलन तैयार किया गया है। प्रति महतारी सदन की लागत राशि रुपये 30 लाख होगी।
5 वर्षों में सभी ग्राम पंचायतों में महतारी सदन बनाने की योजना
प्रदेश के सभी ग्राम पंचायतों में महतारी सदन बनाया जाएगा। महतारी सदन बनाने की शुरुआत हो गयी है व 5 साल में सभी ग्राम पंचायत में महतारी सदन बनेंगे। प्रदेश में बनने वाले महतारी सदन का निर्माण लगभग 25 सौ वर्गफुट में कराया जाएगा। सदन में कमरा, शौचालय, बरामदा, हाल, किचन और स्टोररूम जैसी सुविधाएं रहेगी। पानी के लिए ट्यूबवेल के साथ वाटर हार्वेस्टिंग भी किया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा के लिए इसमे बॉउंड्रीवाल भी बनाये जाएंगे। महतारी सदन में सामुदायिक शौचालय का भी निर्माण किया जाएगा।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व शहीदों के परिजन और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों का हुआ सम्मान
जांजगीर में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य स्वतंत्रता समारोह में
राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने किया ध्वजारोहण
15 अगस्त 2025



जांजगीर-चांपा जिले के शासकीय हाईस्कूल मैदान जांजगीर में आयोजित 79 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने जनता के नाम मुख्यमंत्री संदेश का वाचन किया और सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं और बधाई दी। उन्होंने हर्षाेल्लास एवं उमंग के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े। मंत्री श्री वर्मा ने इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व शहीदों के परिजनों को शॉल तथा श्रीफल से तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया।
इस दौरान विधायक जांजगीर-चांपा श्री ब्यास कश्यप, पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल, पूर्व विधायक श्री अंबेश जांगड़े, पूर्व विधायक श्री चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका जांजगीर-नैला अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढेवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गगन जयपुरिया, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल कुमार रावटे सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं सहित बड़ी संख्या में आमनागरिक उपस्थित थे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में परेड सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल प्रथम, सीएएफ 11वीं बटालियन भारत रक्षित द्वितीय एवं तृतीय स्थान महिला नगर सेना को प्राप्त हुआ। परेड जूनियर में प्रथम स्थान एनसीसी 325 ट्रूप शा.उ.मा.वि जांजगीर बालिका, एनसीसी 325 ट्रूप शा.उ.मा.वि जांजगीर बालक द्वितीय एवं गाइड दल ज्ञानोदय उ.मा.वि. जांजगीर को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पहरिया को प्रथम स्थान, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय चांपा को द्वितीय एवं लायंस पब्लिक स्कूल चांपा को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय के कचहरी चौक स्थित शहीद स्मारक में अमर जवान एवं शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
जांजगीर-चांपा में सड़क हादसे में नवविवाहिता की मौत
जांजगीर-चांपा । जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक सड़क हादसे में 20 वर्षीय नवविवाहिता पूजा केवट की मौत हो गई।
एक साल पहले उसने कल्याणपुर निवासी राहुल साहू से लव मैरिज की थी। घटना में पति राहुल (25) और देवर प्रकाश साहू (24) घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, बिलासपुर से लौटते वक्त अकलतरा ओवरब्रिज के पास बाइक का बैलेंस बिगड़ने से तीनों गिरे और पीछे से आए ट्रेलर ने टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल पूजा को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, पिता सुखीराम ने दामाद पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि इसे हादसा बताया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों और आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने हंगामा व विरोध प्रदर्शन किया।
थाना प्रभारी ने प्रारंभिक जांच, घटनास्थल निरीक्षण और पीएम रिपोर्ट के आधार पर इसे सड़क हादसा बताया है तथा बीएनएनएस की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है। उल्लेखनीय है कि 1 मई 2025 को पूजा ने बिलासपुर महिला थाने में पति और ससुर के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी।
11 लाख की लूट निकली फर्जी: कर्ज से उबरने रची थी साजिश, आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा। बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में 1 अगस्त को दिनदहाड़े हुई ₹11.79 लाख की कथित लूट की कहानी फर्जी निकली। मामले में सूचना देने वाला ही लूट की झूठी कहानी का मास्टरमाइंड निकला, जिसे पुलिस ने चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पूरी नकदी और लैपटॉप बरामद कर लिया गया है।
घटना की झूठी स्क्रिप्ट
आरोपी दीपेश देवांगन (25 वर्ष), निवासी चोरिया थाना सारागांव ने पुलिस को बताया था कि वह करनौद गांव से किरीत सिन्हा से ₹11,79,800 लेकर यूनियन बैंक चांपा में जमा करने जा रहा था। इस दौरान ग्राम पूछेली-अमोदी के पास तीन अज्ञात लोगों ने मारपीट कर रकम और लैपटॉप लूट लिया।
पुलिस ने खोली साजिश की परतें
शुरुआती जांच में ही पुलिस को संदेह हुआ, क्योंकि घटनास्थल से लूट के कोई निशान नहीं मिले। बयानों में विरोधाभास, घटना की सूचना में देरी और आरोपी का संदेहास्पद व्यवहार जांच में सामने आया। साइबर टीम और थाना स्टाफ ने जब गहन पूछताछ की तो आरोपी टूट गया और कबूल कर लिया कि उसने खुद यह झूठी कहानी रची थी।
कर्ज में डूबा था आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उस पर लगभग ₹8 लाख का कर्ज था। कर्ज चुकाने की नीयत से उसने रकम का गबन कर लूट की झूठी स्क्रिप्ट गढ़ी और पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश की।
आरोपी के घर से बरामद हुई पूरी रकम
पुलिस ने आरोपी के ग्राम चोरिया स्थित घर से ₹11,79,800 नकद और लैपटॉप जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत और पुलिस को झूठी सूचना देकर भ्रमित करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
पुलिस की अपील
जिला पुलिस जांजगीर-चांपा ने नागरिकों से अपील की है कि झूठी शिकायतें दर्ज न करें। ऐसा करने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय सहयोग
इस कार्रवाई में निरीक्षक सागर पाठक (साइबर सेल प्रभारी), सउनि विवेक सिंह, आरक्षक सहबाज खान, प्रदीप दुबे, श्रीकांत सिंह, रोहित कहरा और सउनि नीलमणि कुसुम का विशेष योगदान रहा।
यह मामला न सिर्फ कानून का दुरुपयोग दिखाता है, बल्कि ऐसे झूठे मामलों से पुलिस संसाधनों का दुरुपयोग भी होता है। जिला पुलिस ने समय रहते सच्चाई उजागर कर मिसाल कायम की है।
बम्हनीडीह में अवैध राखड़ डंपिंग पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, तीन ट्रेलर जब्त
जांजगीर-चांपा । जिले के बम्हनीडीह क्षेत्र में अवैध रूप से औद्योगिक राखड़ (फ्लाई ऐश) के डंपिंग की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की।
चांपा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुमित बघेल के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में मौके से तीन भारी ट्रेलर वाहनों को जब्त किया गया, जो बिना किसी अधिकृत अनुमति के खुले में राखड़ फेंकते पाए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से शिकायत कर रहे थे कि कुछ ट्रेलर वाहन चालक औद्योगिक राखड़ को अनधिकृत स्थानों पर डंप कर रहे हैं, जिससे न केवल गांव के रास्ते अवरुद्ध हो रहे हैं बल्कि पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
खुले में राखड़ फैलने के कारण क्षेत्र में धूल का गुबार उठता था, जिससे खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सांस लेने में कठिनाई हो रही थी। इसके अलावा, बारिश के दिनों में राखड़ बहकर खेतों में जा रही थी, जिससे फसलें भी प्रभावित हो रही थीं।
शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम सुमित बघेल ने स्वयं क्षेत्र का निरीक्षण किया और राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान तीन भारी ट्रेलर वाहनों को अनधिकृत स्थल पर राखड़ गिराते हुए पकड़ा गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने न तो वाहनों के पास कोई वैध अनुमति पत्र पाया और न ही डंपिंग स्थल के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति। इसके बाद तीनों ट्रेलरों को जब्त कर बम्हनीडीह थाना के सुपुर्द कर दिया गया।
कार्रवाई के बाद एसडीएम बघेल ने स्पष्ट कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी इस प्रकार की हरकतें पाई जाती हैं, तो संबंधित वाहन मालिकों, ट्रांसपोर्टरों और उद्योगों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि पर्यावरण संरक्षण और आम जनता की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने संकेत दिया है कि बम्हनीडीह समेत पूरे क्षेत्र में नियमित निगरानी की जाएगी। यदि किसी भी स्थान पर पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन होता है या राखड़ का अवैध परिवहन व डंपिंग पाई जाती है, तो संबंधित पक्षों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि प्रशासन स्थानीय लोगों की शिकायतों को गंभीरता से ले रहा है और पर्यावरण संरक्षण के लिए पूरी तरह सजग है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इस प्रकार की सतर्कता बरती जाएगी।
फर्जी अरेस्ट वारंट भेजकर रिटायर्ड कर्मचारी से 32 लाख की ठगी
जांजगीर। जिले में साइबर ठगों ने शातिराना तरीके से एक रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी को फर्जी मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी देकर 32 लाख 54 हजार 996 रुपए की ठगी कर ली। ठगों ने खुद को CBI और टेलीकॉम अथॉरिटी का अधिकारी बताकर फर्जी अरेस्ट वारंट भेजा और पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बनाया। जब सभी नंबर बंद हो गए, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।
65 वर्षीय रिटायर्ड कर्मचारी बने ठगी का शिकार
कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 18, शंकर नगर निवासी तुषार कर देवांगन, जो वर्ष 2022 में सिंचाई विभाग से रिटायर हुए थे, उनके पास 3 जुलाई को एक कॉल आया। कॉल करने वालों ने खुद को विजय खन्ना (टेलीकॉम अधिकारी) और रश्मि शुक्ला (CBI प्रोसेसिंग अधिकारी) बताया और दावा किया कि उनके नाम से एक सिम कार्ड का दुरुपयोग मनी लॉन्ड्रिंग के लिए हो रहा है।
इसके बाद कथित "कोलाबा पुलिस स्टेशन" से कॉल आया और एक फोटो भेजा गया जिसमें नरेश गोयल नामक व्यक्ति को आरोपी बताया गया। दावा किया गया कि वह केनरा बैंक के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल है और तुषार कर के नाम से भी एक एटीएम कार्ड इस्तेमाल हुआ है।
व्हाट्सएप पर भेजा गया फर्जी गिरफ्तारी वारंट
ठगों ने देवांगन को व्हाट्सएप पर एक नकली गिरफ्तारी वारंट भेजा और कहा कि बुजुर्ग होने के कारण इसे होल्ड किया गया है। डर के कारण उन्होंने अपनी बैंक जमा पूंजी को 3 जुलाई से 17 जुलाई तक ठगों द्वारा बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिया। रकम कुल 32.54 लाख रुपए थी।
मुंबई पुलिस से संपर्क कर हुआ खुलासा
जब 18 जुलाई के बाद सभी फोन नंबर बंद हो गए, तब तुषार कर देवांगन को शक हुआ। उन्होंने गूगल से कोलाबा पुलिस स्टेशन का नंबर निकालकर वहां संपर्क किया, जहां से उन्हें बताया गया कि इस नाम के किसी भी अधिकारी या केस की जानकारी पुलिस के पास नहीं है और यह पूरी तरह से ठगी का मामला है।
एफआईआर दर्ज, साइबर ठगों के खिलाफ जांच शुरू
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 649/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4), 3 (5) के तहत मामला दर्ज किया है। जांजगीर पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या डिजिटल धमकी पर भरोसा न करें और सतर्क रहें।
पुलिस की सलाह:
अनजान कॉलर्स की बातों में न आएं।
कोई भी अरेस्ट वारंट या कानूनी प्रक्रिया फोन या व्हाट्सएप से नहीं होती।
तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर सेल से संपर्क करें।
11वीं बटालियन पुटपुरा में 23 हेक्टेयर क्षेत्र में 25,300 पौधे लगाए गए
जांजगीर-चांपा । वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के तत्वावधान में आज 11वीं बटालियन पुटपुरा परिसर में वन महोत्सव कार्यक्रम-2025 का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता आनंद मिरि, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, डीएफओ हिमांशु डोंगरे, कमांडेंट विमल बैस, जिला पंचायत सदस्य सुश्री आशा साव, श्रीमती उमा राजेन्द्र राठौर, अमर सुल्तानिया, आनंद मिरि सहित जनप्रतिनिधि एवं उपवनमंडल अधिकारी, वनपरिक्षेत्र अधिकारी, अधिकारी-कर्मचारियों ने एक पेड़ माँ के नाम 2.0 अभियान के तहत पौधारोपण किया।
कलेक्टर महोबे ने 11वीं बटालियन पुटपुरा में किये गये 23 हेक्टेयर में 25,300 पौधरोपण अभियान की सराहना की। कलेक्टर ने सभी नागरिकों से अपने आस-पास अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक पेड़ माँ के नाम अभियान का उद्देश्य वृक्षारोपण एवं भावनात्मक जुड़ाव के माध्यम से प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना है। उन्होंने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल व निगरानी सुनिश्चित करने कहा। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता आनंद मिरि एवं जनप्रतिनिधियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उसकी देखभाल करने की अपील की।
वनमंडलाधिकारी श्री हिमांशु डोंगरे ने कहा कि 11वीं बटालियन पुटपुरा में 23 हेक्टेयर क्षेत्र में चरणबद्ध 25,300 पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने सभी नागरिकों, स्वयं सेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों से पौधरोपण करने और उसकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधरोपण से हम न केवल पर्यावरण को सुरक्षित करते हैं, बल्कि भावी पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण का उपहार देते हैं। इस अवसर पर नीम, सागौन, महोगनी, आम, अर्जुन, करंज, अशोक, आंवला सहित विभिन्न औषधीय एवं फलदार पौधे लगाये गये।
तबीयत ठीक करने के बहाने महिला से रेप करने वाला पास्टर गिरफ्तार
जांजगीर चांपा। तबीयत ठीक करने का झांसा देकर महिला से अनाचार करने वाले आरोपित पास्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला अकलतरा थाना का है।
पुलिस के अनुसार पीडिता की अक्सर तबीयत खराब होती थी। ग्राम बुडगहन के वार्ड नंबर छह थाना बलौदा वर्तमान पता खिसोरा थाना अकलतरा निवासी अशोक श्रीवास से मुलाकात होने पर तबीयत ठीक हो जाएगा बोलकर कर पीड़िता को अपने घर ले गया। जहां उसके साथ जबरदस्ती अनाचार किया।
महिला की रिपोर्ट पर अकलतरा पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध धारा 376, 506,323 के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया। आरोपित की पतासाजी की जा रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित अकलतरा स्टेशन पर है और भागने की फिराक में है।
पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जिस पर उसने जुर्म स्वीकार किया। आरोपित ने बताया कि वह पास्टर बनकर ख़िसोरा में प्रार्थनासभा करवाता था। पुलिस ने आरोपित अशोक श्रीवास को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में जेल भेजा है।
2024 में मतांतरण के मामले में भी गया था जेल
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपित अशोक श्रीवास पास्टर बन कर प्रार्थना सभा करवाता था। अभी खिसोरा में चलाता था। 2024 में मतांतरण के मामले में भी चालान हुआ था।
कृषि नवाचारों और योजनाओं के माध्यम से बढ़ेगी किसानों की आय - कलेक्टर
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिला स्तरीय कृषक प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन आज ऑडिटोरियम जांजगीर में किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, कृषि नवाचार, नवीनतम कृषि तकनीकों, योजनाओं एवं सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लाभकारी कार्यक्रमों की जानकारी देना था। कार्यशाला में फसल चक्र, ऑयल पाम खेती, दलहन-तिलहन, बागवानी, मशरूम उत्पादन, मछली पालन, कुकुट पालन, पशुपालन, धान के बदले अन्य लाभकारी फसल, कीट प्रबंधन सहित अन्य महत्वपूर्ण कृषि विषयों पर किसानों को जानकारी दी गई। कार्यशाला में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और स्थायी खेती के तरीकों से अवगत कराया गया, ताकि वे अपनी आय बढ़ा सकें और मिट्टी के स्वास्थ्य को भी बनाए रख सकें। कार्यशाला में कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कृषक शामिल हुए।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि जांजगीर-चांपा जिला किसानों की मेहनत और समर्पण के कारण एक कृषि प्रधान जिला के रूप में पहचाना जाता है। जिले की लगभग 89 प्रतिशत भूमि सिंचित है, जो कृषि के लिए बेहद अनुकूल वातावरण प्रदान करती है। कलेक्टर ने कहा कि कार्यशाला किसानों की आय बढ़ाने, उनकी शंकाओं का समाधान करने, शासन की योजनाओं की जानकारी देने और किसानो से सीधी चर्चा करने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। उन्होंने उन्होंने कहा कि जिले के कुछ किसान पारंपरिक खेती के साथ-साथ लाभकारी फसलों, उद्यानिकी, मत्स्य पालन एवं पशुपालन जैसे क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि जिले के अन्य किसानों को इसने प्रेरणा लेकर नवीनतम कृषि तकनीको व नवाचारो का उपयोग कर अधिक आय अर्जित करने किसानों से अपील की। कलेक्टर ने ब्लाक एवं कलस्टर स्तर पर कृषक प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन करने एवं एग्रीस्टेक में किसानों का पंजीयन करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि कृषक पंजीयन कृषि क्षेत्र में डिजिटलीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिससे पारदर्शिता बढेगी और शासकीय योजनाओं का लाभ किसानों तक सीधे पहंुच सकेगा। साथ ही उन्होंने रबी में अन्य अधिक लाभदायक फसल लेने कृषकों को प्रेरित किया। साथ ही कार्यशाला में उपस्थित कृषि वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों द्वारा बताई गई आधुनिक तकनीकों व नवाचारों को अपनाकर कृषि को और अधिक समृद्ध बनाएं।
कार्यशाला में कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण एवं विशेषज्ञों ने भी जानकारी साझा की। किसानों को विभिन्न कृषि संबंधी योजनाओं से अवगत कराते हुए उन्नत कृषि के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई एवं उनकी शंकाओं का समाधान किया गया। इस दौरान संबंधित विभागों द्वारा स्टॉल के माध्यम से कृषक पंजीयन, जैविक खेती, दलहन एवं तिलहन फसलों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव को साझा किया। साथ ही किसानों की सफलता की कहानी को वीडियों के माध्यम प्रदर्शन भी किया गया। कार्यशाला में जिला पंचायत सदस्य सुश्री आशा साव, श्रीमती उमा राजेन्द्र राठौर, उप संचालक कृषि ललित मोहन भगत, सहायक संचालक उद्यान श्रीमती रंजना माखीजा, सहायक संचालक मत्स्य, कृषि वैज्ञानिक डॉ आशुलता धु्रव, शशिकांत सूर्यवंशी, डॉ आशीष प्रधान, डॉ राजीव दीक्षित , डॉ रंजीत मोदी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, प्रगतिशील कृषक सहित बड़ी संख्या में कृषक एवं नागरिकजन उपस्थित थे।
ऑयल पाम खेती के बारे दी गई विस्तार से जानकारी -
कार्यशाला में सहायक संचालक उद्यानिकी श्रीमती रंजना माखीजा एवं कृषि वैज्ञानिक डॉ राजीव दीक्षित ऑयल पाम की खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कलेक्टर महोबे के निर्देशन में जिले में 500 हेक्टेयर में ऑयल पाम की खेती का लक्ष्य रखा गया है। ऑयल पाम अन्य तिलहन फसलों अधिक लाभदायक है एवं कम देखरेख की आवश्यकता होती है। ऑयल पाम का उत्पादन तीसरे वर्ष से प्रारंभ होकर 25 से 30 वर्षों तक होता है। पौधे की उम्र बढऩे के साथ-साथ उत्पादन में भी वृद्धि होती है। एक हेक्टेयर से प्रति वर्ष 15 से 20 टन तक उपज लिया जा सकता है और किसान सालाना ढ़ाई से तीन लाख रुपये तक की आय प्राप्त कर सकते है। ऑयल पाम के पौधे एक निश्चित दूरी में लगाए जाते है जिससे किसान इन पौधों के बीच अंतर्वर्ती फसल लगाकर अतिरिक्त आमदनी प्राप्त कर सकते हैं। उत्पादित फसल की बिक्री हेतु भारत सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अनुबंधित कंपनियां सीधे खेत से फसल की खरीदी करती है। इसका भुगतान किसानों को डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे बैंक खाते में किया जाता है।