छत्तीसगढ़ / बलौदा बाजार
कलेक्टर ने तीन आदतन अपराधियों को किया जिला बदर
एक वर्ष तक जिला एवं सीमावर्ती जिलों में प्रवेश प्रतिबंधित
बलौदाबाजार,2 सितम्बर 2026
जिले में वर्तमान कानून व्यवस्था को देखते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने पुलिस प्रशासन से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर तीन आदतन अपराधियों को एक वर्ष के लिए जिला बदर के आदेश जारी किया है।
आदेश के तहत थाना पलारी अंतर्गत निवासी नगर पंचायत पलारी के शिवम उर्फ कथरी वर्मा पिता हेमलाल वर्मा, थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार अंतर्गत निवासी ग्राम करहीबाजार के राहुल कुमार अंजान पिता अशोक अंजान एवं थाना सिटी कोतवाली अंतर्गत निवासी पुरानी बस्ती बलौदाबाजार के विकास जोशी पिता राजकुमार जोशी को जिला बदर किया गया है।
उक्त कार्रवाई छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 3,5 (ख ) के तहत किया गया है जिसमें 1 वर्ष के कालावधि के लिए बलौदाबाजार-भाटापारा जिला एवं उसके सीमावर्ती जिले बिलासपुर, रायपुर, रायगढ़, महासमुंद, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ति, बेमेतरा एवं सारंगढ़- बिलाईगढ़ जिलों की सीमाओं से आदेश पारित होने के 24 घंटे के भीतर हटने एवं बाहर चले जाने के आदेश दिए है।
’शोभित को थी चलने फिरने की समस्या, सीएम हेल्पलाइन नंबर से त्वरित मिला बैटरी चलित ट्राइसाइकिल
बलौदाबाजार, 01 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। जिले के ग्राम रावन निवासी शोभित राम वर्मा के लिए भी सीएम हेल्पलाइन उनकी समस्या के समाधान का जरिया बनी।
पेशे से टेलर का काम करने वाले शोभित राम वर्मा को गांव के एक व्यक्ति से सीएम हेल्पलाइन नंबर 1076 के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने हेल्पलाइन पर फोन कर अपनी समस्या दर्ज कराई और समस्या के निराकरण के लिए आवेदन किया। उनकी शिकायत पर संबंधित विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें समाज कल्याण विभाग के माध्यम से बैटरी चलित ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई।
समस्या का शीघ्र समाधान होने और बैटरी चलित ट्राइसाइकिल मिलने पर शोभित राम वर्मा काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से उनकी समस्या का समाधान हुआ, जिससे उन्हें काफी सुविधा मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को आत्मीयता से “विष्णु भैया” कहते हुए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील पहल से शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है। सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में सुशासन और संवेदनशील प्रशासन का सशक्त माध्यम बन रही है।
आयस्टर मशरूम उत्पादन से आत्मनिर्भर बन रही टिकेश्वरी साहू,
बिहान योजना ने बनाया आर्थिक रूप से सशक्त
बलौदाबाजार, अगस्त 2026
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं स्वरोजगार के नए अवसरों से जुड़ रही हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं। विकासखंड बलौदाबाजार के ग्राम अर्जुनी निवासी टिकेश्वरी साहू भी बिहान के माध्यम से आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रही हैं। वे ओम शांति स्व सहायता समूह से जुड़कर अपने पड़ोस की दीदी के साथ मिलकर घर पर ही आयस्टर मशरूम का उत्पादन कर रही हैं। टिकेश्वरी साहू ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष भी घर पर आयस्टर मशरूम का उत्पादन किया था, जिससे उन्हें लगभग 20 से 25 हजार रुपए की आय प्राप्त हुई थी। इस अनुभव से उनका आत्मविश्वास बढ़ा और उन्होंने इस वर्ष भी मशरूम उत्पादन शुरू किया है। घर पर ही कम लागत में शुरू की गई इस गतिविधि से उन्हें अपनी मेहनत के अनुसार अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर मिल रहा है। टिकेश्वरी का कहना है कि बिहान स्व सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने और अपनी क्षमता को पहचानने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए संचालित बिहान योजना, महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। महतारी वंदन योजना से आर्थिक संबल मिला है, वहीं उज्ज्वला योजना के माध्यम से स्वच्छ ईंधन की सुविधा मिलने से महिलाओं को चूल्हे के धुएं से राहत मिली है। बिहान योजना ने महिलाओं को घर की जिम्मेदारियों के साथ-साथ स्वरोजगार और आय अर्जित करने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर दिया है।
टिकेश्वरी साहू ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विष्णु भैया के सुशासन में इन जनहितकारी योजनाओं ने हम महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाया है और हमें केवल चूल्हे-चौके तक सीमित रहने के बजाय बाहर की दुनिया को देखने, नई चीजें सीखने और अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि आज वे अपने घर पर ही मशरूम उत्पादन कर रही हैं और इससे उन्हें आत्मनिर्भर बन रही है।
भाटापारा मे रक्तदान शिविर का आयोजन : 66 यूनिट रक्तदान से बचेगी कई जिंदगियां
बलौदाबाजार -भाटापारा,24 अगस्त 2026
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की पूर्व प्रशासिका डॉ. दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्य स्मृति के अवसर पर समाज सेवा प्रभाग, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय भाटापारा और जिला रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए कुल 66 यूनिट रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में 50 पुरुष और 16 महिलाएं शामिल रहीं।
आयोजकों ने कहा कि रक्तदान महज एक सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन बचाने वाला कार्य है। इस शिविर के माध्यम से लोगों को नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक करने और समाज में रक्तदान को लेकर सकारात्मक माहौल बनाने का संदेश दिया गया।
सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने रक्तदान से जुड़ी जरूरी जानकारी साझा करते हुए बताया कि सामान्य तौर पर 18 से 65 वर्ष की आयु का व्यक्ति, जिसका वजन कम से कम 45 किलोग्राम और हीमोग्लोबिन 12.5 ग्राम या उससे अधिक हो, रक्तदान कर सकता है। हालांकि अंतिम पात्रता का निर्धारण रक्तदान केंद्र की चिकित्सकीय जांच के बाद किया जाता है। उन्होंने बताया कि एक बार रक्तदान के दौरान करीब 350 मिलीलीटर रक्त लिया जाता है। स्वस्थ और पात्र व्यक्ति के लिए निर्धारित अंतराल के बाद दोबारा रक्तदान करना सुरक्षित माना जाता है। डॉ. वर्मा ने लोगों से अपील की कि रक्तदान को लेकर अनावश्यक डर या भ्रम न रखें और चिकित्सकीय रूप से पात्र होने पर रक्तदान के लिए आगे आएं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने ब्रह्माकुमारी संस्थान और रक्तदाताओं द्वारा किए गए इस नेक कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित होते रहेंगे और अधिक से अधिक लोग रक्तदान के लिए आगे आएंगे।
रक्तदान शिविर आयोजन में जिला अस्पताल की टीम ने भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया। जिला अस्पताल एवं आयोजक संस्था के समन्वय से रक्तदान की प्रक्रिया पूरी की गई।
समूह की महिलाओं को मिला सोलर पैनल इंस्टालेशन व वेंडर रजिस्ट्रेशन का प्रशिक्षण
बलौदाबाजार, 19 अगस्त 2026
कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार बुधवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े संकुल स्तरीय संगठन के महिला समूहों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र से जोड़ना और उन्हें सोलर पैनल इंस्टालेशन तथा वेंडर रजिस्ट्रेशन की तकनीकी प्रक्रिया में सक्षम बनाना था। प्रशिक्षण सत्र के दौरान सीएसपीडीसीएल के अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों ने महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्यों को सोलर पैनल की स्थापना, रखरखाव तथा इससे जुड़ी आवश्यक सुरक्षा सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही महिलाओं को वेंडर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी समझाई गई, जिससे वे भविष्य में आधिकारिक रूप से सोलर वेंडर के रूप में पंजीकृत होकर अपने आजीविका के अवसरों को बढ़ा सकें। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के संकुल स्तरीय संगठनों की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुख्य रूप से सीएलएफ समूह लाहोद, सोनाखान, वटगन बनसांकरा, करहीबाजार के महिलाएं शामिल थीं। अधिकारियों ने महिलाओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ ऊर्जा के प्रसार के साथ-साथ महिला सशक्तीकरण और स्वरोजगार को एक नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम में सीएसपीडीसीएल के अधीक्षण अभियंता ज़ीपी अनंत, कार्यपालन अभियंता एके ठाकुर सहित एनआरएलएम, जिला पंचायत के कर्मचारी उपस्थित रहे।
फर्जी ट्रांसफर आदेश से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप...
बलौदाबाजार । जिले में फर्जी दस्तावेज के जरिए स्थानांतरण कराने का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी में पदस्थ ग्रामीण चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी करण देवांगन के नाम से कथित तौर पर एक फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार किया गया। जांच के दौरान आदेश पत्र पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के हस्ताक्षर फर्जी पाए गए और विभाग ने ऐसा कोई आदेश जारी करने से इनकार किया है।
जानकारी के अनुसार, करण देवांगन के नाम से तैयार स्थानांतरण आदेश में उनका तबादला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी से भाटापारा ब्लॉक के मोपर स्थित स्वास्थ्य केंद्र किए जाने का उल्लेख था। कथित आदेश पत्र लेकर करण देवांगन 17 अगस्त को संबंधित ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज वर्मा के समक्ष पहुंचे।
आदेश पत्र को देखने के बाद बीएमओ को इसकी प्रमाणिकता पर संदेह हुआ। इसके बाद जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कार्यालय से आदेश की पुष्टि कराई गई।
CMHO के हस्ताक्षर निकले फर्जी
जांच में सामने आया कि आदेश पत्र पर अंकित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के हस्ताक्षर उनके द्वारा किए ही नहीं गए थे। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में भी ऐसा कोई स्थानांतरण आदेश जारी होना नहीं पाया गया।
फर्जी दस्तावेज की जानकारी सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया।
पलारी थाने में शिकायत, जांच शुरू
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से पलारी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस अब कथित फर्जी आदेश तैयार करने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।
जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि फर्जी आदेश किसने तैयार किया, इसे विभाग के समक्ष किस उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया और इस पूरे मामले में अन्य कोई व्यक्ति शामिल है या नहीं।
सरकारी दस्तावेजों की सुरक्षा पर उठे सवाल
सरकारी आदेश और अधिकारी के हस्ताक्षर की कथित जालसाजी का मामला सामने आने के बाद विभागीय दस्तावेजों की सुरक्षा और सत्यापन प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस की जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा सघन जांच अभियान,अवमानक गुड़ पर 50 हजार जुर्माना
बलौदाबाजार, 19 अगस्त 2026
आगामी विभिन्न पर्वो एवं बरसात के मौसम को दृष्टिगत दृष्टिगत रखते हुए आम नागरिकों को सुरक्षित, शुद्ध. गुणवत्तापूर्ण एवं मानक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले मे सात दिवसीय सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान "बने खाबो-बने रहिबो 2.0" पूरे जिले में पसंचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान होटल,ढाबो एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानो की सघन जांच की जा रही है।पूर्व जांच के दौरान ज्ञानचंद एंड संस, सदर बाजार भाटापारा से गुड़ का नमूना जाँच हेतु लिया गया था जो जाँच में अवमानक पाए जाने पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी द्वारा सम्बंधित फर्म पर 50000 रूपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है।
मंगलवार को लिटल बावर्ची रेस्टोरेंट गार्डन चौक बलोदाबज़ार, अंश होटल अम्बेडकर चौक से पनीर, आटा, मगज, फल्लीदाना एवम बासमती चावल का नमूना लेकर जाँच हेतु खाद्य परिक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।बरकती बिरयानी अम्बेडकर चौक बलोदाबाज़ार 5किलोग्राम रंग युक्त चिकन फ्राई एबम चिकन चिल्ली को मौके पर नष्ट करवाकर नोटिस जारी किया गया। खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत कड़ी वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कीटनाशक विक्रय केंद्रों का किया गया औचक निरीक्षण, 3 विक्रेताओं को नोटिस
बलौदाबाजार, 19 अगस्त 2026
कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार कृषि विभाग द्वारा खरीफ 2026 अंतर्गत वर्तमान कृषि कार्य को दृष्टिगत रखते हुए कृषकों को गुणवत्तायुक्त कीटनाशक दवाई उपलब्ध कराने के उद्देश्य जिले के कीटनाशक निरीक्षको द्वारा नियमित रूप से कीटनाशक विक्रय केंद्रों में दबिश देकर सघन निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी मे मंगलवार को निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर 3 विक्रेताओं को नोटिस जारी किया गया।
विकासखंड पलारी के निरीक्षक सुचिन कुमार वर्मा ने ग्राम संडी में संचालित महेंद्र कृषि सेवा केंद्र का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान विक्रय केंद्र में कैश मेमो तथा स्त्रोत प्रमाण पत्र का उचित संधारण नहीं पाए जाने के कारण विक्रेता को कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है। ग्राम संडी के ही भगत कृषि सेवा केंद्र के निरीक्षण के दौरान स्रोत प्रमाण पत्र का उचित संधारण नहीं पाए जाने के कारण विक्रेता को कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है। ग्राम कोदवा में संचालित कौटिल्य कृषि सेवा केंद्र के औचक निरीक्षण के दौरान विक्रय केंद्र में कैश मेमो का उचित संधारण नहीं पाया गया जिस कारण उन्हें कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है। विकासखंड सिमगा के कीटनाशक निरीक्षक ऑलिव मेरी कुजूर ने किसान कृषि केंद्र, दामाखेड़ा का औचक निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। विकासखंड कसडोल के कीटनाशक निरीक्षक धनेश्वर साय ने ग्राम कटगी में संचालित साहजित कृषि सेवा केंद्र एवं तकिम कृषि सेवा केंद्र का औचक निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। विकासखंड भाटापारा के कीटनाशक निरीक्षक अवधेश उपाध्याय ने ग्राम कोदवा में संचालित हितेश कृषि सेवा केंद्र का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए ।
उपसंचालक कृषि दीपक नायक ने सभी कृषि आदान विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उर्वरक, बीज, कीटनाशक सहित अन्य कृषि आदान सामग्री के भंडारण एवं विक्रय से संबंधित सभी आवश्यक अभिलेखों का नियमित रूप से संधारण करें। स्टॉक रजिस्टर एवं बिल बुक में प्रत्येक आवक और विक्रय का सही तथा अद्यतन विवरण दर्ज किया जाना अनिवार्य है। विभाग ने विक्रेताओं को शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी है।
₹12 लाख के जेवर लूटकांड का फरार आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस और नकदी बरामद
बलौदाबाजार-भाटापारा । बलौदाबाजार जिले के ग्राम रोहरा में ज्वेलर्स संचालक से करीब ₹12 लाख के सोना-चांदी के जेवर लूटने के मामले में फरार चल रहे अंतरराज्यीय गिरोह के शातिर आरोपी कौशलेश त्रिपाठी को बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल और ₹61,950 नकद सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
मामला 16 जुलाई 2026 का है। ग्राम रोहरा निवासी एवं दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी एक्टिवा से तरेंगा से रोहरा जा रहे थे। रोहरा हाई स्कूल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर मोबाइल और स्कूटी की चाबी छीन ली और बैग में रखे करीब 13 किलो चांदी तथा 70 ग्राम सोने के जेवर, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹12 लाख थी, लूटकर फरार हो गए।
शिकायत पर थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्रमांक 404/2026 के तहत धारा 309(6) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पहले चार आरोपी पकड़े गए, पांचवां था फरार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय (आईपीएस) के निर्देशन में थाना भाटापारा ग्रामीण और साइबर सेल की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूर्व में गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि कौशलेश त्रिपाठी फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार कौशलेश लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। तकनीकी विश्लेषण, सटीक सूचना तंत्र और विभिन्न टीमों के बीच समन्वय के जरिए पुलिस ने उसके छिपने के स्थान का पता लगाया। इसके बाद पुलिस टीम ने सीतामढ़ी, कोरबा में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
25 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज
पुलिस के मुताबिक आरोपी कौशलेश त्रिपाठी आदतन और खतरनाक अपराधी है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, बलवा और चोरी जैसे गंभीर अपराधों के 25 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वारदात के दौरान वह घातक हथियारों का इस्तेमाल करने से भी नहीं हिचकता था।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और प्रकरण की विवेचना जारी है।
पिस्टल, कारतूस और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पुरानी पिस्टल, मैगजीन में दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, ₹61,950 नकद और आरोपी का पैन कार्ड जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपी: कौशलेश त्रिपाठी, पिता देवमणी, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम डेरावारी, थाना लालापुर, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश। फिलहाल उसका निवास गुलाब नगर, श्री पार्क, जामनगर, गुजरात बताया गया है।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने संयुक्त जिला कार्यालय मे किया ध्वजारोहण,स्वतंत्रता दिवस की दी शुभकामनाएं
बलौदाबाज़ार 15 अगस्त 2026
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने अपने निवास कार्यालय एवं संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया। उन्होंने जिलेवासियों को 80 वां स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों ने अपने प्राणों की आहुति देकर जो अमूल्य बलिदान दिया है, वह सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उनके त्याग, संघर्ष और समर्पण के परिणामस्वरूप ही आज हम स्वतंत्र भारत में स्वाभिमान और स्वतंत्रता के साथ जीवन जी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का अर्थ केवल राजनीतिक आजादी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका वास्तविक आशय यह भी है कि देश के प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक जीवन जीने तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने का अवसर मिले। शासन-प्रशासन का दायित्व है कि विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि शासकीय कर्मचारी होने के नाते हम सभी का दायित्व है कि नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और उनके प्रकरणों एवं शिकायतों का यथाशीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनसेवा की भावना और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए प्रशासन को नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना चाहिए।
उन्होंने देश में भाईचारा, सामाजिक सौहार्द, आपसी एकता एवं सद्भाव का वातावरण सदैव कायम रहने की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने सभी जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल,अपर कलेक्टर सुश्री दीप्ति गोते,ए.आर. टंडन,निशा नेताम मड़ावी, सीमा ठाकुर सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
तिरंगा हमारी आन -बान और सम्मान का प्रतीक-राजस्व मंत्री श्री वर्मा
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा तिरंगा की अगुवाई मे भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन
बलौदाबाजार, 13 अगस्त 2026
देशभक्ति के जज्बे और उमंग के साथ गुरुवार को जिला मुख्यालय बलौदाबाजार में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय गार्डन चौक स्थित अटल परिसर से हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा का शुभारम्भ किया ।तिरंगा यात्रा मे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा,डॉ सनम जांगड़े,प्रमोद शर्मा भी शामिल हुए।
*देशभक्ति के रंग में रंगा जिला मुख्यालय*-तिरंगा यात्रा गार्डन चौक से प्रारम्भ होकर नया बस स्टैंड होते हुए अम्बेडकर चौक में सम्पन्न हुआ। यात्रा की शुरुआत भारत माता के जयकारों और देशभक्ति गीतों के साथ हुई। पूरे मार्ग में 'वंदे मातरम' और 'भारत माता की जय' के नारों से माहौल गुंजायमान रहा। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे लोगों यात्रा का हिस्सा बनते गये।
यात्रा प्रारम्भ करने से पूर्व मंत्री श्री वर्मा ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि तिरंगा सिर्फ एक कपड़ा नहीं बल्कि हमारे देश की आन-बान,शान और सम्मान का प्रतीक है। आज की यह भव्य यात्रा यह दर्शाती है कि हमारे नागरिकों के दिलों में राष्ट्र के प्रति कितना सम्मान और प्रेम है। हमें अपने वीर शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए और देश के विकास में अपना योगदान देना चाहिए।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी मे आह्वान पर पूरे देश मे देश भक्ति के जज्बे के साथ तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है।सभी इस यात्रा से जुड़े और एकता और भाईचारा का सन्देश दें।
इस भव्य तिरंगा यात्रा मे जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल,कलेक्टर कुलदीप शर्मा,डीएफओ पंकज कमल, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी,सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि,नागरिकगण एवं स्कूली छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या मे शामिल हुए।
रायपुर : वन महोत्सव में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को मिला जनसमर्थन
बलौदाबाजार वनमंडल में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाना एक अत्यंत आवश्यक कदम है। पेड़ हवा को शुद्ध करते हैं, ऑक्सीजन देते हैं, तापमान नियंत्रित करते हैं और मिट्टी के कटाव को रोकते हैं। हम सबको मिलकर अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। बारिश के मौसम में पौधे लगाना सबसे अच्छा माना जाता है क्योंकि इन्हें पनपने के लिए प्राकृतिक पानी मिलता है।
पर्यावरण संरक्षण के लिए किया प्रेरित
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में बलौदाबाजार वनमंडल के वन परिक्षेत्र बल्दाकछार में परिक्षेत्र स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक वृक्षारोपण को बढ़ावा देना, पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।
जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
कार्यक्रम में वनमंडलाधिकारी श्री धम्मशील गणवीर, प्रभारी वन परिक्षेत्र अधिकारी सुश्री एकता कर सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा जनपद सदस्य, सरपंच, वन प्रबंधन समितियों के अध्यक्ष और सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी और ग्रामीणजन भी शामिल हुए। वृक्ष लगाएँ, जीवन बचाएँ क्योकि प्रकृति केवल हमारी विरासत ही नहीं, बल्कि उसका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।
ग्राम अर्जुनी (ब) गौठान में हुआ वृक्षारोपण
कार्यक्रम के दौरान ग्राम अर्जुनी (ब) स्थित गौठान में स्थानीय और उपयोगी प्रजातियों के पौधे लगाए गए। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल करने का संकल्प लिया।
पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल भी जरूरी
कार्यक्रम में बताया गया कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। वन महोत्सव के माध्यम से समाज के हर वर्ग को प्रकृति संरक्षण के अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पौधे वर्षा लाने में मदद करते हैं और भूजल स्तर बढ़ाते हैं । यह पक्षियों और जानवरों को आश्रय देते हैं।हवा को शुद्ध करता है और इसके औषधीय गुण होते हैं। पौधे लगाने के बाद उनकी नियमित रूप से सिंचाई करें। पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड या बाड़ का उपयोग करें।
प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता बढ़ाने का प्रयास
वनमंडलाधिकारी श्री धम्मशील गणवीर ने कहा कि वन मंत्री श्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह अभियान लोगों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, वन प्रबंधन समितियों, विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकता है।
हमारे आसपास के पर्यावरण को सुरक्षित बनाए रखने और खुली स्वच्छ हवा में सांस लेने के लिए पौधों की अतुलनीय भूमिका है। वन महोत्सव के माध्यम से बलौदाबाजार वनमंडल में पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को नई ऊर्जा मिली है, जो हरित और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
’वीबी-ज़ी.राम जी अंतर्गत जिले की 476 ग्राम पंचायतों में 555 कार्य स्वीकृत’
बलौदाबाजार,6अगस्त 2026
विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) वीबी- जी राम जी के अंतर्गत जिला बलौदाबाजार- भाटापारा में ग्रामीण विकास एवं रोजगार सृजन की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। जिले की कुल 519 ग्राम पंचायतों में से 476 ग्राम पंचायतों के लिए 555 विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई है।
योजनांतर्गत जिला प्रशासन द्वारा ग्राम पंचायतों में श्रमिकों की मांग के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसरों से जोड़ने पर विशेष बल दिया जा रहा है। स्वीकृत कार्यों में जल सुरक्षा, जल संरक्षण, भू-जल संवर्धन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक मूलभूत अधोसंरचना के निर्माण को प्राथमिकता दी गई है।
विकासखंडवार बलौदाबाजार की 104 ग्राम पंचायतों में 139 कार्य, भाटापारा की 85 ग्राम पंचायतों में 105 कार्य, कसडोल की 111 ग्राम पंचायतों में 135 कार्य, पलारी की 72 ग्राम पंचायतों में 72 कार्य तथा सिमगा की सभी 104 ग्राम पंचायतों में 104 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। शेष 43 ग्राम पंचायतों में भी कार्य स्वीकृति की प्रक्रिया प्राथमिकता के साथ पूर्ण की जा रही है। जिला प्रशासन का उद्देश्य मांग करने वाले प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को समयबद्ध रोजगार उपलब्ध कराने के साथ ग्राम पंचायतों को जल-सुरक्षित, आत्मनिर्भर एवं आधारभूत सुविधाओं से सशक्त बनाना है।
खेती में तकनीक का उपयोग: किसानों ने ड्रोन से खरपतवार नाशक का छिड़काव कर 40 हेक्टेयर में बचाया समय और श्रम’
बलौदाबाजार,6 अगस्त 2026

जिले के किसान अब खेती में तकनीक का इस्तेमाल कर आधुनिक खेती की ओर अग्रसर हो रहे हैं। इसी कड़ी में विकासखंड भाटापारा के ग्राम पाटन, धौरभठा और खोलवा के किसानों ने खेती में तकनीक का नया उदाहरण पेश किया है। यहां करीब 40 हेक्टेयर रकबे में किसानों ने ड्रोन के माध्यम से खरपतवार नाशक का छिड़काव करवाया।
पारंपरिक तरीके से इस रकबे में छिड़काव करने में 10 से 15 दिन लग जाते थे। ड्रोन की मदद से पूरा काम कुछ ही घंटों में पूरा हो गया। इससे किसानों के समय, श्रम और लागत तीनों की बचत हुई।ग्राम धौरभठा के किसान आलोक जायसवाल एवं खोलवा के कृषक गुड्डू चांडक ने बताया कि़ पहले 2से 3 एकड़ में छिड़काव करने के लिए 2 मजदूर पूरे दिन लगते थे। ड्रोन से 40 हेक्टेयर का काम एक दिन में हो गया। पानी भी कम लगी और पीठ पर टंकी ढोने की परेशानी नहीं रही।
कृषि विभाग और स्थानीय कृषि तकनीक सेवा प्रदाता के सहयोग से ड्रोन को खेतों में उतारा गया। ड्रोन ने निर्धारित ऊंचाई से एक समान रूप से खरपतवार नाशक का छिड़काव किया। इससे दवा की बर्बादी भी कम हुई और फसल पर असर बेहतर रहा।मैनुअल छिड़काव की तुलना में 80 प्रतिशत समय कम लगा। इसके साथ ही मजदूरी और दवा दोनों में बचत एवं एक समान छिड़काव से खरपतवार नियंत्रण बेहतर हुई।
जिला प्रशासन द्वारा सहकरी समिति के माध्यम से किसानों को ड्रोन उपलब्ध कराया जा रहा है जिसमें 4 नग ईफको कम्पनी के भी है। कृषि विभाग के अधिकारियो ने बताया कि़ इस व्यवस्था से अब छोटे किसानों को भी कम दर पर ड्रोन सेवा मिल रही है। भाटापारा क्षेत्र में धान और दलहन की फसल में खरपतवार नियंत्रण के लिए यह तकनीक तेजी से लोकप्रिय हो रही है।फिलहाल पाटन, धौरभठा और खोलवा के किसान इस प्रयोग से काफी संतुष्ट हैं और आने वाले सीजन में और अधिक रकबे में ड्रोन से छिड़काव करवाने की योजना बना रहे हैं।
बलौदाबाजार जिला खनिज न्यास निधि से 1.05 करोड़ रुपये के 14 निर्माण कार्यों को मिली हरी झंडी
रायपुर । ग्रामीण अंचलों का सर्वांगीण विकास देश की प्रगति के लिए बहुत जरूरी है। इसमें पक्की सड़कें, हर घर साफ़ पानी, बिजली, अच्छे स्कूल, अस्पताल और डिजिटल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधाएं शामिल हैं। इन कामों से गाँवों के लोगों का जीवन सुधरता है और शहर की तरफ पलायन कम होता है।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ग्रामीण अंचलों के सर्वांगीण विकास और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। राज्य के राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा की विशेष पहल पर बलौदाबाजार जिले के सिमगा और बलौदाबाजार ब्लॉक के विभिन्न ग्रामों के लिए जिला खनिज न्यास निधि (DMF) के अंतर्गत कुल 105 लाख (1.05 करोड़) रुपये के 14 विकास कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के समुचित विकास और जन-सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है। जिला खनिज न्यास निधि के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर माहौल तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्कूलों में अतिरिक्त कमरों, प्रार्थना शेड और बाउंड्रीवाल के निर्माण से जहां विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, वहीं सीसी रोड के निर्माण से ग्रामीणों के आवागमन की राह आसान और सुगम होगी।
इस नई स्वीकृति के तहत सिमगा जनपद क्षेत्र के ग्राम उड़ेला में प्राथमिक शाला के 02 अतिरिक्त कक्ष निर्माण हेतु 10 लाख रुपये तथा भोथाडीह में प्रार्थना शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके साथ ही सिनोधा, टेकारी और धोबनडीह (बुड़गहन) में 10-10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा वहीं दूसरी ओर, बलौदाबाजार जनपद क्षेत्र में शिक्षा और अधोसंरचना को बढ़ावा देते हुए भद्रापाली के शासकीय प्राथमिक शाला में प्रार्थना शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये और लिमाही तथा धंवई के प्राथमिक शालाओं में अहाता (बाउंड्रीवाल) निर्माण के लिए 5-5 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त कोकड़ी में 10 लाख रुपये तथा कंजीत, खैरवारडीह (ढनढनी), ढाबाडीह, ढाबाडीह ‘ख’ और पुरेना (धंवई) में 5-5 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्यों की मंजूरी दी गई है।
इन सभी निर्माण कार्यों की औपचारिक स्वीकृति 4 अगस्त 2026 को जारी कर दी गई है। इन विकास कार्यों के स्वीकृत होने से स्थानीय ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों में खासा उत्साह है, क्योंकि इससे न केवल गांवों का संपर्क बेहतर होगा बल्कि प्राथमिक शिक्षा के ढांचे में भी व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।
नशा दीमक की तरह जीवन को खोखला कर देता है: टंक राम वर्मा
बलौदाबाजार में 'नशामुक्त युवा संकल्प अभियान', राजस्व मंत्री ने दिलाई शपथ
बलौदाबाजार । बलौदाबाजार- भाटापारा जिले में 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' का शंखनाद हुआ। मुख्य अतिथि की आसंदी से राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि "नशा एक दीमक की तरह है जो न केवल व्यक्ति को खोखला करता है, बल्कि उसके परिवार, माता-पिता के सपनों और भविष्य को भी तबाह कर देता है।
जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार व समाज को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई।
राजस्व मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 2047 तक 'विकसित भारत' के सपने को साकार करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इतिहास गवाह है कि देश में जितने भी बड़े परिवर्तन हुए हैं, वे युवाओं के दम पर ही संभव हुए हैं। युवाओं को नशे के चंगुल से मुक्त रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगानी होगी।
100 सप्ताह तक चलेगा जनजागरूकता का महाअभियान
इस संकल्प अभियान के तहत आगामी 100 हफ्तों तक जिले भर में खेल, कला, संस्कृति और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने नशामुक्ति पर केंद्रित एक बेहद संवेदनशील व आकर्षक नाटिका का मंचन किया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने युवाओं को संदेश में कहा कि नशा केवल व्यक्ति का नहीं, पूरे परिवार का विनाश करता है। हमारी युवा पीढ़ी को सही संस्कार और विचार अपनाकर अपने भविष्य को सुरक्षित करना होगा। एक समृद्ध और स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए युवाओं का व्यसनमुक्त होना अनिवार्य है। इस 100-साप्ताहिक अभियान में जिले के युवा बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आकांक्षा जायसवाल, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, जिला पंचायत सदस्य ईशान वैष्णव, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, खेल अधिकारी सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि और युवा उपस्थित थे।
डी.ए.व्ही. स्कूल में द्वितीय चरण का आवेदन 22 जुलाई तक आमंत्रित’
बलौदाबाजार, 17 जुलाई 2026
जिला बलौदाबाजार-भाटापारा अंतर्गत संचालित डी.ए.व्ही. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल सकरी(बलौदाबाजार), छरछेद (कसडोल), टिकुलिया (भाटापारा) के लिए आरक्षित प्री प्राथमिक, प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक कक्षा में प्रवेश हेतु द्वितीय चरण का आवेदन निर्धारित प्रपत्र में 22 जुलाई 2026 तक संबंधित डी.ए.व्ही. स्कूलों में जमा कर सकते है।
इन स्कूलों में आरक्षित कुल 8 प्रतिशत निःशुल्क शासकीय कोटा के लिए आरक्षित सीट में से रिक्त सीटों के लिए अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति वर्ग के बीपीएल श्रेणी के बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा।