छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव
सभी आकाशवाणी केंद्रों से प्रसारित होगा दीदी के गोठ कार्यक्रम
राजनांदगांव । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन की सरकार ने छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम बढ़ाया है। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत तैयार विशेष रेडियो कार्यक्रम ''दीदी के गोठ'' का शुभारंभ 31 अगस्त 2025 को दोपहर 12.15 बजे किया जाएगा। यह कार्यक्रम आकाशवाणी रायपुर केंद्र सहित प्रदेश के सभी आकाशवाणी केंद्रों से एक साथ प्रसारित होगा। साथ ही इसकी लाइव स्ट्रीमिंग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म
(www.onlineradiofm.in/stations/all-india-air-raipur) पर भी उपलब्ध रहेगी, जिससे लोग भी जुड़ सकेंगे।
मुख्यमंत्री और मंत्रियों का विशेष संदेश
कार्यक्रम के इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भारत सरकार के केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री तथा राज्य के उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा द्वारा ग्रामीण महिलाओं के नाम विशेष संदेश और प्रेरणादायी शुभकामनाएँ प्रसारित की जाएंगी। यह अवसर न केवल एक कार्यक्रम का शुभारंभ होगा, बल्कि शासन की नीतियों और योजनाओं को सीधे जनता तक पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम भी बनेगा।
दीदी के गोठ का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण अंचलों की महिलाओं को शासन की विभिन्न योजनाओं से जोडऩा, उन्हें स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना तथा आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन की ओर अग्रसर करना है। इस कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों की सफल महिलाओं की कहानियाँ सुनाई जाएंगी। कैसे उन्होंने संघर्ष और कठिनाइयों को पार कर अपनी मेहनत और आत्मविश्वास से न सिर्फ आर्थिक रूप से मजबूती हासिल की बल्कि समाज में भी एक नई पहचान बनाई। आज छत्तीसगढ़ की लाखों महिलाएँ लखपति दीदी बन चुकी हैं। उनका जीवन बिहान योजना से सकारात्मक रूप से बदला है। इनकी प्रेरणादायी कहानियाँ रेडियो की आवाज के माध्यम से हर गाँव और हर घर तक पहुँचेंगी, ताकि दूसरी महिलाएँ भी आत्मनिर्भरता की राह पकड़ सकें।
इस कार्यक्रम के प्रभाव को और अधिक व्यापक बनाने के लिए पंचायत, ग्राम संगठन और संकुल संगठन स्तर पर सामूहिक श्रवण की व्यवस्था की जा रही है। इसमें जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय समुदाय और स्व-सहायता समूह की दीदियाँ विशेष रूप से शामिल होंगी। सामूहिक श्रवण से ग्रामीण क्षेत्रों में आपसी संवाद, चर्चा और प्रेरणा का वातावरण बनेगा। दीदी के गोठ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी की सुशासन की सरकार की दूरदर्शी सोच का प्रतिबिंब है। इसका उद्देश्य महिलाओं की आवाज को पूरे समाज तक पहुँचाना, उनके संघर्ष और उपलब्धियों को सामने लाना तथा उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़कर सकारात्मक परिवर्तन की राह दिखाना है।
आदि कर्मयोगी अभियान का शुभारंभ 1 सितंबर से
राजनांदगांव। भारत सकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा जनजातीय अंचलों में सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए ''आदि कर्मयोगी अभियान-रेस्पॉन्सिव गवर्नेस प्रोग्राम के तहत राजनांदगांव जिले में 1 सितंबर 2025 से श्री रजवाड़ा होटल एण्ड रेस्टोरेंट में डिस्ट्रिक्ट प्रोग्रेसिव लैब की शुरूआत की जा रही है। यह तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम जनजातीय समुदायों के विकास के लिए एक प्रभावी रोडमैप तैयार करना है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कृषि, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, पीएचई, पंचायत, वन, राजस्व एवं आदिवासी विभाग के कर्मचारियों के साथ गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के कुल 40 प्रतिभागी शामिल होंगे। सेवा पर्व एवं आदि कर्मयोगी अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राजनांदगांव जिले के 105 गांवों का चयन किया गया है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनरों को जनजातीय विकास के विभिन्न पहलुओं और सरकारी योजनाओं के कुशल क्रियान्वयन के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
एग्रीस्टेक पोर्टल में 1 लाख 17 हजार 512 किसानों ने कराया कृषक पंजीयन
लगभग 94 प्रतिशत किसानों ने कराया पंजीयन
राजनांदगांव । कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने खरीफ विपणन वर्ष 2024- 25 के लिए एग्रीस्टेक के तहत कृषक पंजीयन हेतु राजस्व, कृषि एवं सहकारी विभाग को निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में आज कृषक पंजीयन के अंतिम दिवस जिले के लगभग 94 प्रतिशत किसानों ने कृषक पंजीयन करा लिया है। कुल 1 लाख 17 हजार 512 किसानों ने एग्रीस्टेक के अंतर्गत कृषक पंजीयन कराया है। जिले में कृषि विभाग द्वारा मिशन मोड में कृषक पंजीयन के लिए कृषक जोड़ो अभियान चलाया गया था। जिले में एग्रीस्टेक पोर्टल फॉर्मर रजिस्ट्री के तहत कृषक पंजीयन के लिए कृषक जोड़ो अभियान के तहत लगातार कृषकों का पंजीयन कराने के लिए जागरूक किया गया। छूटे हुए किसानों का पंजीयन कराने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए पाम्प्लेट, पोस्टर के माध्यम से भी जानकारी दी गई।
शेष किसानों का पंजीयन तकनीकी दिक्कतों का कारण नहीं हो सका है। जिसमें फार्मर रजिस्ट्री वेबपोर्टल में अपलोड डाटा वर्तमान में राजस्व रिकार्ड के डाटा जैसे क्रय-विक्रय, फौती नामांतरण, बंटवारा नामांतरण के पश्चात् एंट्री, भूमि स्वामी के नाम का मिलान नहीं होने, महिला कृषकों के जमीन रिकार्ड में पिता का नाम एवं आधार कार्ड में पति का नाम दर्ज होने के कारण एवं अन्य तकनीकी कारणों से शेष कृषकों का पंजीयन नहीं हुआ है। शीघ्र ही छुटे हुए किसानों का पंजीयन भी हो सकेगा। उल्लेखनीय है कि जिले में पूर्व वर्ष में धान बिक्री करने वाले किसानों की संख्या 1 लाख 25 हजार 610 है। जिसमें से 1 लाख 17 हजार 512 किसानों ने एग्रीस्टेक के अंतर्गत कृषक पंजीयन कराया है।
साल भर क्रिकेट प्रशिक्षण कमला कॉलेज मैदान
ग्राम बरबसपुर में वित्तीय समावेशन शिविर का हुआ आयोजन
शिविर में 115 खातों का किया गया पुन: केवाईसी
राजनांदगांव । वित्तीय समावेशन योजनाओं के संतृप्ति हेतु चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत आज बैंक ऑफ महाराष्ट्र द्वारा राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम बरबसपुर में एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय निदेशक भारतीय रिजर्व बैंक रायपुर श्रीमती रीनी अजीत ने एक दिवसीय वित्तीय समावेशन शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने बैंकिंग कार्यों के प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बैंकिंग कार्यों के संबंध में स्थानीय निवासियों, व्यापार प्रतिनिधियों और बैंक अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने विभिन्न बैंकिंग सेवाएं निर्बाध रूप से मिलने के लिए अपने खातों को पुन: केवाईसी कराने के लिए प्रोत्साहित किया।
शिविर में बकाया खातों के केवाईसी विवरणों के पुन: सत्यापन के महत्व के बारे में बताया। शिविर में भारतीय रिजर्व बैंक एकीकृत योजना 2021 और दावा न की गई जमाराशियों के बारे में जानकारी दी गई। डिजिटल धोखाधड़ी को रोकने के लिए अपनाई जाने वाली सावधानियों के संबंध में जानकारी दी गई। शिविर में ग्राम पंचायत बरबसपुर और आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया गया। शिविर के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, पंजाब नेशनल बैंक एवं जिला राज्य सहकारी बैंक आदि सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। शिविर में 115 खातों की पुन: केवाईसी की गई। शिविर में अग्रणी जिला प्रबंधक मुनीश शर्मा सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
पंजीकृत कोचिंग संस्थाओं से 19 सितम्बर तक ऑनलाईन रूचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित
राजनांदगांव। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय राजनांदगांव के कक्षा 9वीं, 10वीं 11वीं एवं 12वीं में अध्यापन सह कोचिंग कार्य हेतु फैकल्टी की व्यवस्था के लिए पंजीकृत कोचिंग संस्थाओं से 19 सितम्बर 2025 तक ऑनलाईन रूचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित की गई है। साथ ही समस्त आवश्यक दस्तावेज को 19 सितम्बर 2025 को शाम 5 बजे के पूर्व कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास राजनांदगांव में अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। प्राप्त प्रस्ताव को 22 सितम्बर 2025 को समिति के समक्ष खोला जाएगा। इस संबंध में विस्तृत जानकारी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है तथा वेबसाईट http://eproc.cgstate.gov.in का अवलोकन किया जा सकता है।
सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा विषय पर जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन 30 अगस्त को
राजनांदगांव । सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा विषय पर जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन 30 अगस्त 2025 को सुबह 11 बजे से डॉ. बल्देव प्रसाद मिश्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर राजनांदगांव में किया गया है। विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिमा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दल जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दल संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान आने वाले दल को 7000 रूपए, द्वितीय स्थान आने वाले दल को 5000 रूपए, तृतीय स्थान आने वाले दल को 5000 रूपए, सांत्वना पुरस्कार पांच प्रतिभागियों को 2000 रूपए पुरस्कार दिया जाएगा।
जिला पंचायत सीईओ ने प्रगतिरत महतारी सदन के निर्माण कार्यों का किया आकस्मिक निरीक्षण
राजनांदगांव। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम भानपुरी, सोमनी, देवादा, मोखला एवं सुकुलदैहान में प्रगतिरत महतारी सदन के निर्माण कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने महतारी सदन निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्ता के साथ समय सीमा में महतारी सदन के निर्माण कार्य को पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग राजनांदगांव, अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा उपसंभाग राजनांदगांव एवं अन्य उप अभियंता उपस्थित थे।
सीसी सड़क निर्माण कार्य हेतु प्रशासकीय स्वीकृति
राजनांदगांव । मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने जिला पंचायत विकास निधि अंतर्गत छुरिया विकासखंड के ग्राम मासुल में कलामंच से लेकर गौठान तक सीसी सड़क निर्माण कार्य एवं ग्राम टेकेहर्रा में संदीप घर से कलामंच तक सीसी सड़क निर्माण कार्य हेतु 2-2 लाख रूपए कुल 4 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने निर्माण एजेंसी को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
भारतीय अग्निवीर थलसेना भर्ती, शारीरिक दक्षता परीक्षा प्रशिक्षण के लिए 1 तक आवेदन
राजनांदगांव । भारतीय अग्निवीर थलसेना भर्ती 2025 अंतर्गत ऑनलाईन लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले जिले के अभ्यर्थियों को जिला प्रशासन राजनांदगांव द्वारा शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन माह दिसम्बर 2025 अथवा जनवरी 2026 में आयोजित होना संभावित है। शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए पात्र अभ्यर्थी नि:शुल्क प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए 1 सितम्बर 2025 तक अग्निवीर थलसेना पंजीयन फार्म के साथ जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र राजनांदगांव में अनिवार्य रूप से आवेदन जमा कर सकते है या व्हाट्सएप नंबर 7073207374 पर भेज सकते हैं।
इस वर्ष से प्रारंभ होगा नवनिर्मित एजुकेशन हब परिसर में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय
अकादमिक कैम्पस में शेष कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश
राजनांदगांव । जिले में नवनिर्मित एजुकेशन हब परिसर में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय इस वर्ष से प्रारंभ होगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के विशेष प्रयासों से इसी सत्र में 500 सीटर नवीन प्रयास आवासीय विद्यालय राजनांदगांव प्रारंभ करने हेतु 43 लाख 90 हजार रूपए की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसी कड़ी में कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने आज नवनिर्मित एजुकेशन हब परिसर में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने अकादमिक कैम्पस में शेष कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रयास आवासीय विद्यालय के पूर्ण होने से विद्यार्थियों की शिक्षा सुचारू तरीके से प्रारंभ की जा सकेगी। उन्होंने मिशन मोड में रेलिंग, पेंट एवं पुट्टी, इंटर लॉकिंग, एल्युमिनियम सेक्शन एवं दरवाजा लगाने का कार्य शीघ्र पूरा करने के लिए कहा। उन्होंने हॉस्टल के पीछे गल्र्स हास्टल के पास बाउन्ड्रीवाल निर्माण के लिए प्राक्कलन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने अध्ययन कक्ष, प्राचार्य कक्ष, प्रयोगशाला कक्ष, कम्प्यूटर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि नवनिर्मित एजुकेशन हब परिसर में प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित किया जाना है। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना अंतर्गत 500 सीटर नवीन प्रयास आवासीय विद्यालय राजनांदगांव प्रारंभ करने हेतु 43 लाख 90 हजार रूपए की स्वीकृति प्राप्त हुई है। प्रयास आवासीय विद्यालय राजनांदगांव के लिए पदों के सृजन के लिए सहमति प्रदान करते हुए प्रशासकीय अधिकारी के 2 पद, छात्रावास अधीक्षक के 4 पद, रिसेप्शनिस्ट सह कम्प्यूटर ऑपरेटर के 2 पद, स्टोर कीपर सह लेखापाल के 2 पद की सहमति प्रदान की गई है। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग सुश्री दीक्षा गुप्ता एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अवसर पर स्कूलों में हो रहे विविध आयोजन
- जिले के स्कूलों में मनोरंजक, ज्ञानवर्धक, रचनात्मक कार्यक्रमों और खेलकूद प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
राजनांदगांव । छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओं बेटी पढाओं अभियान के तहत जिले के सभी शासकीय और गैर शासकीय स्कूलों में मनोरंजक, ज्ञानवर्धक, रचनात्मक कार्यक्रमो और खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। जिले के सभी शासकीय और गैर शासकीय स्कूलों में विविध प्रतियोगिताओं के माध्यम से किशोरी बालिकाओं की प्रतिभा को एक नया आयाम देने की कोशिश की जा रही है। इसी कड़ी में शासकीय हाई स्कूल डिलापहरी में रंगोली बनाओ और म्यूजिकल कुर्सी दौर प्रतियोगिता, शासकीय हायर सेकेन्ड्री स्कूल हरडुवा में रंगोली प्रतियोगिता, शासकीय हाई स्कूल जंगलपुर में चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिता, शासकीय हाई स्कूल हरदी चित्रकला एवं पोस्टर बनाओं प्रतियोगिता, शासकीय हायर सेकेन्ड्री स्कूल धामनसरा में रंगोली प्रतियोगिता, शासकीय हाई स्कूल बघेरा में कबडडी, कुर्सी दौड़, पोस्टर बनाओं, स्लोगन और चित्रकला प्रतियोगिता, शासकीय हाई स्कूल अण्डी में पोस्टर बनाओं, स्लोगन, चित्रकला और निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
आंगनबाडी केन्द्र क्रमांक 1 में किशोरी बालिकाओं और ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं द्वारा एक से बढ़कर एक सुंदर और आकर्षक खिलौने बनाऐ गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर मनोबल बढ़ाया गया। साथ ही अन्य प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का उददेश्य राज्य निर्माण की 25वीं वर्षगांठ को हर्षोउल्लाष के साथ मनाना किशोरी बालिकाओं की प्रतिभाओं को निखारना है। रजत महोत्सव के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से शासकीय हाई स्कूल जंगलपुर में किशोरी बालिकाओं का रक्त परीक्षण कराया गया। शासकीय हाई स्कूल बघेरा में भी मेगा हेल्थ कैम्प के माध्यम से 188 लोगों का रक्त चाप, मधुमेह और हिमोग्लोबिन की जांच की गई। 25 अगस्त को शास हाई स्कूल बिल्हरी में खेलकूद स्पर्धा और पोषण संबंधी जागरूकता विशेषज्ञों के माध्यम से प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, क्षेत्र के जनप्रतिनिधीगण उपस्थित थे। कार्यक्रम में सभी स्कूल के प्राचार्य और शिक्षकों का सहयोग मिला। कार्यक्रम के दौरान परियोजना अधिकारी श्रीमती बिमला शर्मा, श्रीमती शिल्पा तिवारी, श्रीमती किरण श्रीवास्तव और श्रीमती कमलवती मरकाम, जिला मिशन समन्वयक किशोर माहेश्वरी, जेण्डर विशेषज्ञ श्रीमती नीलम साहू, वित्तीय साक्षरता एवं समन्वय विशेषज्ञ पुकेश कुमार वर्मा, पर्यवेक्षक दिशा शिंदे, अंजु प्रभा ठाकुर, श्रीमती इंदू कपूर, अर्चना ध्रुव, पूजा दीक्षित, शबाना रहीम, इंदू कुर्रे, दुर्गा जादौन, अपूर्वा सार्वा, सूमी देवांगन, स्वाती बोरकर सहित आंगनबाडी कार्यकर्ता एवं सहायिका बड़ी संख्या में उपस्थित रही।
स्कूली बच्चों को साईबर सुरक्षा के प्रति लगातार किया जा रहा जागरूक
- छत्तीसगढ़ निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर महिला बाल विकास विभाग द्वारा मनाया जा रहा रजत महोत्सव
राजनांदगांव । छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिलेभर में रजत महोत्सव मनाया जा रहा है। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं अभियान के तहत जिले के सभी शासकीय और गैर शासकीय स्कूलों में साईबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर किशोरी बालिकाओं को जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पुलिस विभाग के साईबर विशेषज्ञों के माध्यम से स्कूली बच्चों को साईबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। जागरूकता कार्यक्रम में आईटी एक्ट 67 अ, ब साईबर बुलिंग, फिशिंग, साईबर गु्रमिंग, ऑनलाईन गेमिंग, कॉफ्रेंस कॉल, फर्जी वॉइस एवं वीडियों कॉल, फर्जी सिम, कॉल क्लोनिंग, साईबर स्टोकिंग, ट्रेडिंग, शेयर मार्केट, डिजिटल अरेस्टिंग, घर बैठे बैंकिग लोन, लोन के नाम पर सर्विस टैक्स और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर ठगी, वर्क फ्राम होम और ऑनलाइन जॉब के झासे, शेयर मार्केट और क्रिप्टो करेन्सी के माध्यम से पैसे डबल और ट्रिपल करने जैसे झांसे, कौन बनेगा करोड़पति, लाखों रूपये की लॉटरी, क्रेडिट कार्ड और सरते टर्स, इंश्योरेन्स, फर्जी भुगतान का मैसेज, फर्जी पेंमेंट स्कैनर, एटीएम कार्ड की अदला-बदली करने वालों ठगों से सावधान रहने की हिदायत दी गई। अनजान नंबर को उठाने से पहले ट्रू कॉलर में सर्च करने इसके साथ ही निजी एवं गोपनीय तस्वीरें, चाईल्ड पोर्नोग्रॉफी, आपत्तिजनक पोष्ट सोशल मीडिया प्लेटफार्म में साझा नहीं करने और लाईक अथवा शेयर नहीं करने की सलाह दी गई। सोशल मीडिया का सावधानी से प्रयोग, 2 स्टेप वेरिफिकेशन, स्ट्रॉग पासवर्ड, प्राइवेसी लॉक को हमेशा एक्टिव रखने की सलाह दी गई। रिश्ते जोडऩे का झांसा फर्जी मेट्रोमोनियल साईट्स, अनजाने शॉपिंग साईट्स का इस्तेमाल नहीं करने और किसी भी प्रकार की साईबर ठगी होने की दशा में नेशनल हेल्प लाईन 1930 में डॉयल कर अपनी शिकायत दर्ज करने जैसी उपयोगी जानकारी स्कूली छात्राओं को प्रदान की गई।
छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के तहत शासकीय हायर सेकेण्ड्री स्कूल हरडुवा, शासकीय हाई स्कूल जंगलपुर में उपनिरीक्षक ईशा ओगरे, शासकीय हाई स्कूल रामाटोला में उप निरीक्षक नरेश बंजारे, शासकीय हाई स्कूल हरदी में उप निरीक्षक दीपचंद वर्मा, स्वामी आत्मानंद हायर सेकेण्ड्री स्कूल सुकुलदैहान में उप निरीक्षक चंद्रभूषण सिन्हा, शासकीय हाई स्कूल अण्डी में थाना प्रभारी अविनाश श्रीवास, शासकीय हाई स्कूल धामनसरा में सुरगी थाना प्रभारी शंकर गिरी गोस्वामी, शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई कन्या शाला में उप निरीक्षक सुमन कर्ष ने साईबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। 23 अगस्त को शासकीय हाई स्कूल कल्लूबंजारी, शासकीय हाई स्कूल जोशीलमती और 25 अगस्त को शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय में साईबर सेल के थाना प्रभारी विनय कुमार पम्मार छात्रों को साईबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे। कार्यक्रम के दौरान परियोजना अधिकारी श्रीमती बिमला शर्मा, श्रीमती शिल्पा तिवारी, श्रीमती किरण श्रीवास्त्व और श्रीमती कमलवती मरकाम, जिला मिशन समन्वयक किशोर माहेश्वरी, जेण्डर विशेषज्ञ श्रीमती नीलम साहू, वित्तीय साक्षरता एवं समन्वय विशेषज्ञ पुकेश कुमार वर्मा, पर्यवेक्षक दिशा शिंदे, अंजु प्रभा ठाकुर, श्रीमती इंदू कपूर, अर्चना धु्रव, पूजा दीक्षित, शबाना रहीम, इंदू कुर्रे, दुर्गा जादौन, अपूर्वा सार्वा, सूमी देवांगन सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका बड़ी संख्या में उपस्थित थी।
चयनित अभ्यर्थियों को 1 से 10 सितम्बर तक जिला मुख्यालयों में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश
राजनांदगांव। होमगार्ड विभाग द्वारा वर्ष 2024-25 में 1715 महिला नगर सैनिकों की छात्रावास तथा 500 महिला एवं पुरूष नगर सैनिक जनरल ड्यूटी हेतु भर्ती का परिणाम जारी कर दिया गया है। जिसका अवलोकन वेबसाईट http://www.cghgcd.gov.in एवं https://firenoc.cg.gov.in पर किया जा सकता है। चयनित अभ्यर्थियों को 1 से 10 सितम्बर 2025 तक जिला मुख्यालयों में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है।
जिला स्तरीय कला उत्सव कार्यक्रम संपन्न
राजनांदगांव । समग्र शिक्षा (माध्यमिक) जिला परियोजना कार्यालय राजनांदगांव द्वारा डॉ. बल्देव प्रसाद मिश्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर राजनांदगांव में एक दिवसीय जिला स्तरीय कला उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान राज्य परियोजना कार्यालय रायपुर के निर्देशों के परिपालन में विभिन्न विधाओं में चारों विकासखण्डों से चयनित कुल 80 प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में विधा दृश्यकला प्रतियोगिता में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय डोंगरगांव की विद्यार्थी मिष्ठी वैष्णव एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांदो के हुसैन, सामूहिक दृश्यकला प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रूदगांव के विद्यार्थी हुकेश्वरी एवं पिंकी, पारंपरिक कहानी वाचन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरगी के विद्यार्थी वरूण एवं रविकुमार, संगीत गायन एकल में भाव्या श्रीवास्तव, गायन सामूहिक प्रतियोगिता में मनकसा एवं साथी, वादन प्रतियोगिता में अजीज पब्लिक स्कूल राजनांदगांव के पार्थ जैन, सामूहिक वादन प्रतियोगिता में आर्यन जंघेल एवं साथी, एकल नृत्य प्रतियोगिता में जे.एल.एम. गायत्री विद्यापीठ राजनांदगांव की प्रांतीका सरकार, सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरगी की गुंजा एवं साथी, नाटक प्रतियोगिता में जे.एल.एम. गायत्री विद्यापीठ राजनांदगांव की रूपाली साहू एवं साथी प्रथम स्थान पर रहे।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती बी. संगीता राव, सहायक जिला परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा श्रीमती रश्मि सिंह, जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा सतीश कुमार ब्यौहरे, सहायक कार्यक्रम समन्वयक पी.आर. झाड़े, आदर्श वासनिक, एम.आर. अंसारी, के.पी. विश्वकर्मा, श्रीमती कामिनी साहू सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विजेता छात्र छात्राओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का संचालन विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक राजनांदगांव भगत सिंह ठाकुर ने किया। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन सहायक कार्यक्रम समन्वयक श्रीमती कामिनी साहू द्वारा किया गया।
आय, जाति, निवास प्रमाण बनाने समस्त ग्राम पंचायतों में अभियान चलाकर शिविरों में आवेदन पत्र किए जा रहे जमा
राजनांदगांव । छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अवसर पर कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे के निर्देशानुसार आय, जाति, निवास प्रमाण पत्रों के शत-प्रतिशत सेचुरेशन हेतु समस्त ग्रामों में अभियान चलाकर ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर व्यापक पैमाने पर आवेदन पत्र जमा करने का कार्य किया जा रहा है।
इसी कड़ी में ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों में आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र बनाने के लिए बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं एवं अन्य पात्र हितग्राहियों ने उत्साहपूर्वक आवेदन जमा किया। इसके लिए राजस्व विभाग द्वारा मुनादी करते हुए प्रचार-प्रसार किया गया, ताकि सभी पात्र हितग्राहियों के आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र आसानी से बनाया जा सके। 20 अगस्त से 30 अगस्त 2025 तक आवेदन लेने का कार्य किया जाएगा। इसके लिए तहसील विद्यालयों एवं हास्टल में आवेदन पत्रों का प्रारूप हितग्राहियों को नि:शुल्क वितरण कराने के निर्देश दिए गए है। 20 अगस्त से विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें पटवारी, कोटवार, सरपंच, सचिव की उपस्थिति में शिविर का आयोजन किया जा रहा है तथा आवेदन पत्र जमा किए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि सुशासन तिहार के दौरान आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र से संबंधित बहुत से आवेदन प्राप्त हुए थे। इसके दृष्टिगत कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने संपूर्ण जिले में स्कूली छात्र-छात्राओं एवं अन्य पात्र हितग्राहियों के लिए आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र जारी करने हेतु शिविर लगाने के निर्देश दिए। इसी कड़ी में स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनाने के लिए फ्री आईडी जारी किया गया है। जिसके तहत आवेदन पत्र तथा दस्तावेज अपलोड करने पर राशि नहीं लगेगी। जबकि अन्य पात्र हितग्राहियों के लिए निर्धारित शुल्क लगेगा। अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय ने बताया कि आवेदन के लिए 30 रूपए तथा प्रत्येक दस्तावेज के लिए 5 रूपए की राशि देय होगा। उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र का संकलन 20 से 30 अगस्त 2025 तक जमा किए जाएंगे तथा साथ ही अन्य दस्तावेज भी जमा किए जाएंगे। आधार सेवा केन्द्र एवं लोकसेवा केन्द्र के माध्यम से दस्तावेज ऑनलाईन अपलोड किए जाएंगे तथा ऑनलाईन प्रविष्टि के बाद प्रमाण पत्रों का निराकरण किया जाएगा। संबंधित एसडीएम एवं तहसीलदारों के द्वारा प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा तथा ऑनलाईन आवेदन स्वीकृति के उपरांत प्रमाण पत्र स्कूलों या ग्राम पंचायत के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे।
छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव पर ग्राम सोमनी में हुआ महतारी मेगा हेल्थ कैम्प
राजनांदगांव । छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष की पूर्णता के उपलक्ष्य में वर्ष 2025 को छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे के मार्गदर्शन में एकीकृत बाल विकास परियोजना राजनांदगांव ग्रामीण-1 द्वारा ग्राम सोमनी में महतारी मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन किया गया।
महतारी मेगा हेल्थ कैम्प में महतारी वंदन योजना के महिला हितग्राहियों एवं स्थानीय ग्राम व आस-पास के ग्रामीणों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। मेगा हेल्थ कैम्प में लगभग 108 महिलाओं ने स्वास्थ्य जांच कराया। महिलाओं का ब्लड प्रेशर, शुगर, मलेरिया, सिकलसेल टेस्ट किया गया तथा दवाईयों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों ने महिलाओं को स्वास्थ्य जाँच कराने एवं महतारी वंदन की राशि का उद्देश्यपूर्ण उपयोग में बधाई व शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों को श्रीफल व साड़ी देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष जनपद पंचायत राजनांदगांव प्रतिमा चंद्राकर, सदस्य जिला पंचायत देवकुमारी साहू, सदस्य जिला पंचायत शीला सिन्हा, सभापति महिला एवं बाल विकास विकास स्थायी समिति पुष्पा उईके, सरपंच, पर्यवेक्षक, परियोजना अधिकारी एवं अन्य स्टॉफ उपस्थित थे।