एक लाख सीड बाल बनाकर विद्यालय परिसर में लगाई प्रदर्शनी : एनसीसी और मिशन लाइफ क्लब का पर्यावरण जागरूकता का अनोखा प्रयास
राधेश्याम सोनवानी,रितेश यादव
गरियाबंद। राजिम। शासकीय पं. रामबिशाल पाण्डेय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, राजिम में शिक्षकों और छात्रों ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण के लिए एक वृहद अनुठा सीडबॉल महाभियान चलाया है। इस विशेष अभियान में छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग प्रकार के पेड़ों के बीजों से एक लाख सीड बाल तैयार किए और विद्यालय प्रांगण में आकर्षक प्रदर्शनी लगाकर प्रस्तुत किया। यह महाअभियान विद्यालय के एनसीसी अधिकारी एवं इको क्लब के जिला डीआरजी सागर शर्मा और मिशन लाइफ (इको एवं यूथ) क्लब की प्रभारी व्याख्याता समीक्षा गायकवाड़ के संयुक्त मार्गदर्शन में एनसीसी, मिशन लाइफ इको क्लब व साइंस क्लब के छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित किया गया। व्याख्याता सागर शर्मा ने बताया कि विद्यालय में संचालित एनसीसी और मिशन लाइफ क्लब के छात्र-छात्राओं द्वारा पर्यावरण के क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियां एवं जागरूकता अभियान चलाए जाते रहे हैं। इसी कड़ी में सीडबॉल अभियान चलाया गया जिसमें विभिन्न प्रकार के पेड़ों जैसे इमली नीम बबूल अशोक आम अमरूद सीताफल बर आदि के बीजों से सीड बाल बनाए गए और इन तैयार सीड बॉलों को जनसमूह में वितरित कर पर्यावरण जागरूकता का संदेश प्रसारित किया जाएगा। यह आयोजन विद्यालय में चल रहे प्रकृति संरक्षण अभियान और 'एक पेड़ माँ के नाम आंदोलन से प्रेरित होकर किया गया था। इन अभियानों का उद्देश्य बच्चों और समाज में वृक्षारोपण को व्यक्तिगत जिम्मेदारी के रूप में अपनाना है। प्रदर्शनी कार्यक्रम में आए अतिथियों ने शिक्षकों और छात्रों के इस प्रयास काफी सराहना की। व्याख्याता गायकवाड़ द्वारा सीड बाल बनाने की प्रक्रिया और इससे पर्यावरण में होने वाले लाभ की जानकारी दी गई। समारोह में सुजाता शर्मा अध्यक्ष, शाला विकास समिति ने कहा कि यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली की धरोहर बनेगा। वहीं, राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी विवेक शर्मा ने कहा कि यह प्रदर्शनी बच्चों को व्यावहारिक शिक्षा प्रदान कर रही है। वहीं,विधायक प्रतिनिधि खुशी साहू ने कहा कि यह अभियान छात्रों को जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करेगा। विद्यालय के प्राचार्य संजय एक्का ने शिक्षक और छात्रों की भूरि भूरि प्रशंसा कर इसे अनूकरणीय प्रयास बताया। अतिथियों में विजेता दीवानी सहित शाला विकास समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता समीक्षा गायकवाड़ ने किया। इस अवसर पर बी एल ध्रुव, संतोष सूर्यवंशी, कमल सोनकर, गोपाल देवांगन, शिखा महाडिक और अंजू मारकंडे सहित अनेक शिक्षक मौजूद रहे। प्रदर्शनी में विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स, इको क्लब एवं साइंस क्लब के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। साथ ही आसपास के अन्य स्कूलों के छात्र भी प्रदर्शनी में शामिल हुए और सीड बाल बनाने की प्रक्रिया सीखी। छोटे-छोटे बच्चों ने बड़ी संख्या में सीड बाल लेकर अपने घर-आसपास वितरित करने का संकल्प लिया। प्रदर्शनी के बाद इन सीड बालों को ज़िले के अन्य विद्यालयों और संस्थानों में भी बांटा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग वृक्षारोपण से जुड़ सकें।