गृहमंत्री के गृह जिले में बेलगाम अपराध, कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई – नवीन जायसवाल
कबीरधाम |
2026-02-14 17:09:12
कवर्धा जिला बना अपराध का गढ़
कवर्धा--
प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा के गृह जिले कवर्धा में अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कवर्धा में लगातार हत्या, लाश मिलने और धार्मिक स्थलों में तोड़फोड़ जैसी घटनाएं अब आम बात हो चुकी हैं।
चिंताजनक बात यह है कि अब यही हाल पंडरिया का भी हो गया है। कुछ महीने पहले पंडरिया में पुलिस थाना के सामने एक व्यक्ति की निर्मम हत्या हुई। इसके बाद हाल ही में हरिनाला के पास एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली। वहीं कवर्धा के लालपुर नर्सरी के पास भी कुछ हफ्ता पहले शव बरामद हुआ, लेकिन आज तक इस मामले में आरोपी गिरफ्तार नहीं हो पाए हैं। इतना ही नहीं, हाल ही में ग्राम अंधियारखोर (पाडांतरई) में ठाकुर जी की मूर्ति के साथ अज्ञात लोगों द्वारा तोड़फोड़ की गई, जिससे ग्रामवासियों व क्षेत्र की धार्मिक भावना को गहरी ठेस पहुंची है।
जिला अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि यह साफ दर्शाता है कि जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं। साथ ही ऐसे सुनने में आता है कि पंडरिया में अपराध नियंत्रण के लिए स्थानीय विधायक द्वारा सीधे पंडरिया टी.आई. की नियुक्ति भी करवाई गई थी, लेकिन यह व्यवस्था पूरी तरह खोखली साबित हुई। अपराध कम होने की बजाय लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
जायसवाल ने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब प्रदेश के गृहमंत्री स्वयं इसी जिले और इसी विधानसभा से आते हैं, तब भी हालात इतने बदतर क्यों हैं यह बेहद शर्मनाक है कि जिस जिले से गृहमंत्री आते हों, वही जिला हत्या, लूट, व धार्मिक अपमान का केंद्र बन चुका हो। इससे बड़ा प्रमाण और क्या होगा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि जब गृहमंत्री अपने ही गृह जिला और गृह विधानसभा को अपराध से नहीं बचा पा रहे हैं, तो फिर पूरे प्रदेश की सुरक्षा की उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है यह सीधे तौर पर विजय शर्मा जी की विफलता और अक्षमता को दर्शाता है।यह स्पष्ट है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में विजय शर्मा जी के गृहमंत्री बनने के बाद कवर्धा पंडरिया क्षेत्र अपराध का गढ़ बनता जा रहा है। हत्या, लूट, धार्मिक स्थलों पर हमले यह सब तथाकथित सुशासन की पोल खोलने के लिए काफी है।
जिला अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि विगत भाजपा के 2 वर्षों के शासन में बड़ी घटनाओं की लंबी श्रृंखला सामने आई है, जो भाजपा की नाकामियों को उजागर करती है। लोहरीडीह कांड, साधराम यादव हत्याकांड, प्रशांत साहू हत्याकांड, नागाडबरा हत्याकांड, SP ऑफिस के सामने मां-बेटी की निर्मम हत्या जैसी घटनाएं इसका जीता-जागता उदाहरण हैं। इसके अलावा अनेक हत्याएं हुईं, जिनमें कई मामलों में आज तक अपराधी पकड़े नहीं गए हैं।
जायसवाल ने कहा कि सिर्फ हत्या ही नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था पर भी लगातार हमला हुआ है। भाजपा शासन की नाकामी की वजह से हिंदू देवी-देवताओं का भी अपमान हुआ। हरमो-कटगो शिव मंदिर व कबीर चबूतरा खंडित कांड, मोहगांव शिव मूर्ति खंडित कांड, कामटी कांड, काली गार्डन शिव मूर्ति खंडित कांड, कवर्धा,बोड़ला में माता काली और शिव मंदिर खंडित कांड , दौजरी ठाकुर मंदिर कांड नवागांव कबीर साहेब चादर तिलक पोस्टर कांड जहां स्वयं भाजपा नेताओं के द्वारा पोस्टर फाड़ गया था इस प्रकार अनेक मामले सामने आए हैं। ऐसे और भी कई कांड भाजपा के शासन में हुए हैं। केवल 2 वर्षों में इतना अपराध और धार्मिक घटनाएं होना यह साबित करता है कि जिला पूरी तरह असुरक्षित हो चुका है, और कई मामलों में आज तक अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं।
जिला अध्यक्ष जायसवाल ने कहा कि जनता अब पूछ रही है क्या यही भाजपा का सुशासन है? क्या यही सुरक्षा की गारंटी है?
हमारी मांग है कि सभी हत्या मामलों में तुरंत आरोपियों की गिरफ्तारी हो, धार्मिक तोड़फोड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा जिले में कानून व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस और स्थायी कदम उठाए जाएं। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी जनआंदोलन के लिए बाध्य होगी।