छत्तीसगढ़ / सरगुजा

सेवा संकल्प से साकार हुआ पक्के आवास का सपना, रामेश्वर के परिवार को मिला सुरक्षित आशियाना

 अम्बिकापुर । सेवा संकल्प अभियान के बीच शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से ग्रामीण परिवारों के जीवन में आए बदलाव की प्रेरक तस्वीरें सामने आ रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों का अपने पक्के घर का सपना साकार हो रहा है। सरगुजा जिले के ग्राम गोरता निवासी रामेश्वर सिंह का परिवार भी ऐसे ही हितग्राही परिवारों में शामिल है, जिन्हें पक्का आवास मिलने से वर्षों पुरानी परेशानी से राहत मिली है।

रामेश्वर सिंह बताते हैं कि पहले उनका परिवार मिट्टी के बने छोटे से मकान में रहता था। सीमित जगह के साथ बरसात के दिनों में छत से पानी टपकना परिवार के लिए बड़ी परेशानी थी। पुराने मकान में केवल दो कमरे थे। एक कमरे का उपयोग घरेलू सामान रखने के लिए होता था, जबकि दूसरे कमरे में परिवार के सदस्य रहते थे। जगह कम होने के कारण रामेश्वर को कई बार बरामदे में रहना पड़ता था।

आर्थिक परिस्थितियों के कारण स्वयं से पक्का मकान बनाना परिवार के लिए आसान नहीं था। पक्के घर की चाह तो थी, लेकिन सीमित संसाधनों के कारण यह सपना लंबे समय तक पूरा नहीं हो सका। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास का लाभ मिलने के बाद अब परिवार का पक्का मकान बनकर तैयार हो गया है। नए घर ने परिवार को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास के साथ वर्षों की चिंता से भी राहत दी है।

“मिट्टी के घर में होती थी परेशानी, अब पक्के घर में मिला सुकून” : 

अपनी खुशी साझा करते हुए रामेश्वर सिंह ने बताया कि पहले मिट्टी के मकान में रहने के दौरान बरसात में पानी टपकने सहित कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। परिवार के लिए उपलब्ध जगह भी काफी कम थी। अब पक्का घर बन जाने से परिवार को बेहतर सुविधा मिली है और सभी सदस्य बेहद खुश हैं।

उन्होंने कहा कि हर ग्रामीण परिवार की इच्छा होती है कि उसका भी एक सुरक्षित और पक्का मकान हो। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में भी जरूरतमंद परिवारों का यह सपना धीरे-धीरे साकार हो रहा है।

पक्की छत ने परिवार के जीवन में बढ़ाया भरोसा : 

रामेश्वर के लिए नया आवास केवल ईंट और सीमेंट से बना मकान नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर जीवन का आधार है। पहले जहां मौसम बदलने के साथ मिट्टी के मकान को लेकर चिंता बनी रहती थी, वहीं अब पक्की छत मिलने से परिवार स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस कर रहा है। रामेश्वर सिंह ने पक्का आवास मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में सहयोग करने वाले स्थानीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा कि पक्के मकान का सपना लंबे समय से था, जिसे शासन की योजना और अधिकारियों के सहयोग से पूरा होने का अवसर मिला। आज उनका परिवार अपने पक्के घर में खुश है और इस बदलाव के लिए शासन के प्रति आभारी है।

सेवा संकल्प से जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ : 

सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को सामने लाया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के जरिए पक्के आवास से वंचित पात्र ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित छत उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। ग्राम गोरता के रामेश्वर सिंह के परिवार की कहानी इसी बदलाव की एक तस्वीर है, जहां पक्के आवास ने वर्षों की परेशानी दूर कर परिवार के सपने को हकीकत में बदल दिया है।

Leave Your Comment

Click to reload image