लेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने जिले में चल रहे निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने, गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के दिए निर्देश
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का किया निरीक्षण, छात्राओं से की संवाद
मोहला, सितंबर 2026
कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने जिले में चल रहे विभिन्न अधोसंरचना विकास एवं निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा से पूर्व पूर्ण करने, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा आवश्यकता के अनुसार श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मोंगरा बैराज में बारिश के कारण जलस्तर एवं पानी की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।
कलेक्टर श्रीमती सलाम ने सर्किट हाउस निर्माण, संयुक्त कलेक्टर कार्यालय भवन निर्माण तथा महिला महाविद्यालय के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर निर्माण की वर्तमान प्रगति, कार्य की गुणवत्ता तथा आगामी कार्ययोजना के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासकीय भवन एवं अधोसंरचना से जुड़े निर्माण कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए निर्माण में गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को आवश्यकतानुसार अतिरिक्त श्रमिक लगाकर कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा से पहले कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, छात्रावास सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन कर छात्राओं को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचि, भविष्य की योजनाओं और करियर संबंधी आकांक्षाओं के बारे में बातचीत की। कलेक्टर ने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विद्यालय में चल रहे निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य अक्टूबर माह तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में चल रहे सभी विकास एवं निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो और निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि अधोसंरचना विकास से जुड़े कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन प्रशासन की प्राथमिकता है।
छात्राओं के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने खेल एवं अन्य गतिविधियों से संबंधित आवश्यकताओं की जानकारी भी साझा की। कलेक्टर ने विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए खेल सामग्री उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेल, रचनात्मक गतिविधियां और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।