छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं विज्ञान प्रतियोगिताओं का आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा’

 ’विज्ञान मॉडल, नवाचार, टीएलएम और विज्ञान नाटिका के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रस्तुत की रचनात्मक सोच’

दंतेवाड़ा, 30 अक्टूबर 2026

जिले में विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दंतेवाड़ा में विकासखण्ड स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं विज्ञान प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद, नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 2026-27, पश्चिम भारत विज्ञान मेला 2026-27 एवं विज्ञान नाटिका प्रतियोगिता 2026-27 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में विकासखण्ड के विभिन्न माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
 
जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रमोद ठाकुर एवं विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्री संतोष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिताओं की शुरुआत प्रातः 10 बजे हुई। इस वर्ष का मुख्य विषय “सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार” रखा गया। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों ने विज्ञान आधारित मॉडल, व्यक्तिगत एवं सामूहिक परियोजनाओं, विज्ञान नाटिका, प्रश्न मंच तथा शिक्षकों द्वारा निर्मित सहायक शिक्षण सामग्री (टीएलएम) के माध्यम से अपनी प्रतिभा और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन किया।प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी आधारित मॉडलों ने उपस्थित शिक्षकों और प्रतिभागियों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिताओं में निःशक्त विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए प्रदर्शों को भी विशेष स्थान दिया गया, जिससे सभी विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का समान अवसर मिला।
इस अवसर पर विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्री संतोष कुमार गुप्ता ने बताया कि विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं निर्धारित समय-सीमा से पूर्व पूर्ण करा ली गई थीं। चयनित प्रतिभागियों की सूची, पंजीयन प्रपत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज भी समय पर जमा किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता, प्रयोगधर्मिता और नवाचार की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतियोगिता की विभिन्न श्रेणियों में चयनित प्रतिभागी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में विकासखण्ड का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयोजन समिति, विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave Your Comment

Click to reload image