मध्य प्रदेश

सेल्फी विद शौचालय: World Toilet Day पर इंदौर में हुआ अनोखा आयोजन, एक लाख ‘Selfie’ का रखा लक्ष्य

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में विश्व शौचालय दिवस को बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। स्वच्छता में लगातार देशभर में नंबर वन रहने वाले इंदौर ने इस मौके पर अनोखी पहल की। इस अभियान में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा और बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की थीम एक लाख “सेल्फी विद शौचालय” का लक्ष्य रहा आज के दिन शाम 8 बजे तक, नगर निगम ने विश्व शौचालय दिवस पर एक लाख “सेल्फी विद शौचालय” का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा।

इसके तहत शहरवासियों को शौचालयों के सामने सेल्फी लेकर स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी दिखाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने शहर के विभिन्न सार्वजनिक शौचालयों के सामने सेल्फी ली और सोशल मीडिया पर इसे साझा किया। इसके साथ ही इंदौर ने पिछले सात वर्षों से स्वच्छता सर्वेक्षण में अपना शीर्ष स्थान बनाए रखा है। इस बार भी नगर निगम ने शहर को लगातार आठवीं बार नंबर वन और सेवन स्टार रेटिंग दिलाने की कवायद शुरू कर दी है। निगम ने 700 से अधिक सार्वजनिक शौचालयों को पूरी तरह स्वच्छ और सुविधाजनक बनाए रखना का संकल्प लिया है। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम ने सभी शौचालयों की सफाई सुनिश्चित करने और जनता को स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इसके लिए निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी इस अभियान में हिस्सा लिया।

महापौर और आयुक्त का संदेश

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि स्वच्छता में इंदौर का नंबर वन रहना शहरवासियों की भागीदारी और जिम्मेदारी का परिणाम है। उन्होंने इस अभियान को स्वच्छता के प्रति एक नई पहल बताया। नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने शहरवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान में सहयोग करें और इस अभियान को सफल बनाएं।

शहरवासियों का उत्साह

विश्व शौचालय दिवस पर शहरवासियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। सोशल मीडिया पर “सेल्फी विद शौचालय” अभियान को लेकर बड़ी संख्या में पोस्ट्स देखी गईं। लोग अपने वीडियो और तस्वीरें साझा कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाते नजर आए। इंदौर की यह अनोखी पहल न केवल स्वच्छता की दिशा में एक और कदम है, बल्कि यह देशभर में अन्य शहरों के लिए प्रेरणा भी बनेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image