लॉस एंजेलिस में आग के तांडव से सहमीं Preity Zinta, कहा- 'अगर हवा शांत नहीं हुई तो...'
नई दिल्ली। लॉस एंजेलिस का आसमान आग के धुएं से काला हो गया है। आसमान से राख बरस रही है और वहां रहने वालों का दिल दहल सा गया है। जंगलों में लगी आग ने पूरे शहर को चपेट में ले लिया, जिसने सिर्फ आम नहीं बल्कि सितारों के घर भी उजाड़ दिए। कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज भी लॉस एंजेलिस में रहते हैं जिनमें से एक डिंपल गर्ल प्रीति जिंटा (Preity Zinta) भी हैं।
प्रीति जिंटा अपने पति जीन गुडइनफ और दो बच्चों के साथ लॉस एंजेलिस में रहती हैं। शहर में लगी आग ने उन्हें अंदर से सहमा दिया है। उन्हें कभी नहीं लगा था कि उन्हें कभी ऐसा कुछ भी देखना पड़ेगा। हाल ही में, उन्होंने एक पोस्ट के जरिए इस तबाही के बारे में अपना दर्द बयां किया है।
आग से प्रीति जिंटा हुईं परेशान
प्रीति जिंटा ने एक्स हैंडल पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं ऐसा दिन देखूंगी जब LA में हमारे आस-पास के इलाकों में आग लग जाएगी, दोस्तों और परिवारों को या तो घर खाली करना पड़ेगा या हाई अलर्ट पर रखा जाएगा, धुएं के आसमान से बर्फ की तरह राख गिरेगी और इस बात को लेकर डर और अनिश्चितता रहेगी कि अगर हवा शांत नहीं हुई तो क्या होगा और हमारे साथ छोटे बच्चे और दादा-दादी होंगे।"
विदेश में सुरक्षित हैं प्रीति जिंटा
प्रीति जिंटा ने आगे कहा, "मैं अपने आस-पास की तबाही देखकर दुखी हूं और भगवान की आभारी हूं कि हम अभी सुरक्षित हैं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन लोगों के साथ हैं जो विस्थापित हुए हैं और इन आग में अपना सब कुछ खो चुके हैं। उम्मीद है कि हवा जल्दी ही शांत हो जाएगी और आग पर काबू पा लिया जाएगा। अग्निशमन विभाग, अग्निशमन कर्मियों और जान-माल को बचाने में मदद करने वाले सभी लोगों को बहुत-बहुत धन्यवाद। सभी सुरक्षित रहें।"
प्रीति जिंटा के वर्क फ्रंट की बात करें तो एक्ट्रेस सालों बाद लाहौर 1947 से फिल्मी दुनिया में वापसी कर रही हैं। वह फिल्म में सनी देओल के साथ नजर आएंगी।