छत्तीसगढ़ / दुर्ग
नकली पिस्टल की नोक पर लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग । नंदिनी थाना अंतर्गत बोथरा पेट्रोल पंप में नकली पिस्टल की नोक पर लूट करने वाले दो आरोपियों को नंदिनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर ने बताया कि पंप के मैनेजर छत्रपाल साहू ने नंदिनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बीते 19-20 दिसंबर की दरम्यानी रात बोथरा पेट्रोल पंप में चार अज्ञात लड़कों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है।
चारों लड़के देर रात अपनी बाइक में पेट्रोल डलवाने पहुंचे थे। उन्होंने पेट्रोल पंप बंद होने के बावजूद वहां का ऑफिस खुलवाया उसके बाद नकली पिस्टल और चाकू की नोक पर पंप के कर्मचारियों से मारपीट की। इसके बाद ऑफिस में रखे 28000 रुपए और मोबाइल को लूटा और भाग गए। नंदिनी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पंप के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। विवेचना के दौरान टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर पेट्रोल पंप में उपस्थित कर्मचारियों से घटना से संबंधित जानकारी इकट्ठा की। सीसीटीवी फूटेज को बारीकी से देखने पर पता चला कि पंप में चार युवक आए थे।
उनके पास एक एक्टिवा काले कलर की और बाइक सिल्वर रंग की थी। सीसीटीवी फुटेज से प्राप्त चारों लड़कों का फुटेज एवं गाड़ियों के संबंध में पतासाजी की गई। इस दौरान मुखबीर से सूचना मिली कि ग्राम कोड़िया निवासी एक नाबालिग के पास सिल्वर कलर की बाइक है। साथ ही साथ घटना के सीसीटीवी में दिखे आरोपियों से भी उसका चेहरा व हुलिया मिल रहा है। पुलिस ने तुरंत उस लड़के को थाने में पूछताछ के लिए बुलाया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर लूट की घटना को करना स्वीकार किया। अन्य अपराधियों की पता तलाश की गई। इसमें एक युवक को ग्राम कोड़िया से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं दो आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
बाई को पैसे के लिए अब किसी के पास हाथ फैलाने की जरूरत नहीं
सफलता की कहानी
दुर्ग। 70 वर्षीय वृद्धा उमा बाई को जरुरत के समय अब किसी से पैसा मांगने की जरूरत नही पड़ती। महतारी वंदन योजना की राशि से हो जाती हैं उसकी जरूरत की पूर्ति। दुर्ग जिले के ग्राम बोडे़गांव निवासी उमा बाई ने बताया कि कुछ माह पहले तक अपनी छोटी-छोटी जरुरत के लिए बेटा-बहू से पैसा मांगने की आवश्यकता पड़ती थी, कई बार कुछ रुपये के लिये उन्हें लंबा इंतजार भी करना पड़ता था, जब से महतारी वंदन योजना की राशि एक हजार रुपये मिलने लगी हैं, तब से किसी से रुपए मांगने के लिए हाथ फ़ैलाने जैसी नौबत नही आई है। उमा बाई ने बताया कि उम्र के साथ ही उन्हें काम करने में परेशानी है। बीते मार्च माह से महतारी वंदन योजना की एक हजार की राशि उन्हें मिल रही है। उनका कहना है कि महतारी वंदन योजना को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा लागू किये जाने के बाद हम जैसी वृद्ध महिलाओं के लिए यह वरदान साबित हो रही है। हर महिने खाते में एक हजार की राशि प्राप्त हो जाती है। इससे हम छोटी-मोटी जरुरते पूरी कर लेते हैं, इस योजना से हम गरीब महिला को बहुत लाभ मिली है। उमा बाई ने योजना लागू करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार को बहुत-बहुत धन्यवाद ज्ञापित किया है।
संभाग स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम
दुर्ग । कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशानुसार डॉ. एमपी महेश्वर (सयुक्त संचालक), डॉ. कमलेश जैन (राज्य नोडल अधिकारी) की अध्यक्षता में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम अन्तर्गत संभाग स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी व जिला कार्यक्रम प्रबंधक भूमिका वर्मा व जिला नोडल अधिकारी डॉ. आरके खंडेलवाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में डॉ. शिल्पा जैन मास्टर ट्रेनर के द्वारा तम्बाकू के नशे से होने वाले दुष्प्रभाव के विस्तार पूर्वक जानकारी दी। डॉ. शैलेंद्र कुमार मिश्रा राज्य समन्वयक के द्वारा ज़िले में राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के कार्य संपादन किए जाने के लिए ज़िले के समस्त शासकीय कार्यालय, शासकीय व निजी स्कूलों और ग्राम पंचायत को तम्बाकू मुक्त किए जाने हेतु निर्देश दिए गए साथ ही ज़िले में राज्य सलाहकार ख्याति जैन द्वारा कोटपा अधिनियम 2003 के उल्लंघन पर प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए सभी सार्वजनिक स्थानों को तंबाकू मुक्त करना प्राधिकृत अधिकारी द्वारा धारा 4 के उल्लंघन के तहत चलानी कार्रवाई, सभी शासकीय भवनों एवं कार्यालय को तंबाकू मुक्त किये जाने हेतु प्रचार प्रसार एवं स्कूलों कॉलेजों के 100 गज के दायरे में यलो लाईन अभियान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समस्त विभागों को तंबाकू मुक्त बनाने तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सुनिश्चित करने, समस्त विभाग को धूम्रपान मुक्त किए जाना सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिये हैं। संभागीय समन्वयक विलेश रावत ने बताया कि ज़िले में शिक्षण संस्थान को तम्बाकू मुक्त बनाने हेतु कोटपा अधिनियम को सुचारु रूप से लागू किया जा रहा है धारा 5 और 6 के अंतर्गत रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन सार्वजनिक स्थान सभी कार्यालय को धूम्रपान मुक्त किए जाने समय-समय पर चालानी कार्यवाही की जा रही है, सभी विभागों में नोडल अधिकारी नामांकित जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिला कार्यक्रम प्रबंधक भूमिका वर्मा द्वारा सभी कार्यक्रम के साथ समन्वय करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया साथ ही विकासखंड स्तर कार्यक्रम हेतु प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान कविता ताम्रकार तंबाकू नशा मुक्ति केंद्र के विस्तार पूर्वक जानकारी दी एवं ललित कुमार साहू भी उपस्थित थे।
सुशासन सप्ताह अंतर्गत वरिष्ठजन, दिव्यांगजन एवं दिव्यांग खिलाड़ी हुए सम्मानित
विष्णु के सुशासन में दिव्यांगजनों को मिल रहा सम्मान
दुर्ग। शासकीय वृद्धाश्रम पुलगांव दुर्ग में सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सुशासन सप्ताह अन्तर्गत वरिष्ठजन, दिव्यांगजन, एवं ख्याति प्राप्त अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग खिलाड़ियों को सम्मिलित करते हुए सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विष्णु के सुशासन में दिव्यांगजनों को सम्मान मिल रहा है। समाज कल्याण द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी भी सम्मिलित हुई। इस दौरान उन्होंने अन्तर्राष्ट्रीय दिव्यांग खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के लिए सम्मानित किया। जिसमें श्रीमंत झा., अनुराग सिंह, संगीता मसीह शामिल है। कलेक्टर सुश्री चौधरी ने सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर समस्त जनों को अवगत कराते हुए सभी का अभिवादन किया और वृद्धजनों से मुलाकात कर उनका कुशल क्षेम पूंछा। कलेक्टर को अपने बीच पाकर वृद्धजन अभिभूत हुए और वृद्धाश्रम में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकजनों को श्रीफल व साल से सम्मान किया गया। साथ ही चिन्हांकित पात्र दिव्यांगजनों को जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक उपकरण एवं सामग्रियां प्रदान की गई। कलेक्टर सुश्री चौधरी ने अपने कर कमलों से राजू यादव (नंदिनी खुंदनी), मनोज प्रताप सिंह (सेक्टर-11 जोन-2 खुर्सीपार भिलाई), आबिद हुसैन (ओम शांतिपारा भिलाई-3),संतोषी यादव जयंती (सिकोला बस्ती) को बैटरी ट्रायसायकल एवं सुकवारो बाई यादव (पोटियाकला), पुसउ साकरे (सुपेला भिलाई) को सामान्य ट्रायसायकल एवं नारायण साहू, (सिरसाकला), भावना पठारी (कृष्णानगर सुपेला मिलाई) व शशीकला खोब्रागडे (सिकोलाभाठा) को श्रवण यत्र का प्रदान किया। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक अमित परिहार, मुस्कान विद्यालय के संचालक अजय कांत भट्ठ तथा विभागीय कर्मचारीगण उपस्थित थे।
शराब दुकान को अन्यत्र स्थापित करने ग्रामवासियों ने दिया आवेदन
बेलौदी ग्रामवासियों ने एनीकट के उपरी सतह एवं गेट मरम्मत के लिए लगाई गुहार
दुर्ग। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देश पर आज एडीएम अरविंद एक्का ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे जनसामान्य लोगां से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में पहुंचे सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान एवं निराकरण करने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही कर आवश्यक पहल करने को कहा। डिप्टी कलेक्टर हितेश पिस्दा भी जनदर्शन में मौजूद थे। जनदर्शन में पेयजल, आवास, अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन कराने, ग्राम में कोटवार की नियुक्ति कराने, आर्थिक सहायता राशि दिलाने सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आज 105 आवेदन प्राप्त हुए।
जनदर्शन के दौरान डून्डेरा जोरातराई ग्रामवासियों ने डून्डेरा जोरातराई मुख्यमार्ग में स्थित शराब दुकान को अन्यत्र स्थापित करने आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि शराब दुकान सड़क किनारे होने से रोड में भीड़ के कारण जाम बना रहता है। जिससे लोगों को खास कर महिलाओं और स्कूली बच्चों को आने-जाने में बहुत ही दिक्कत का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों द्वारा इस संबंध में पहले भी आवेदन प्रस्तुत किया गया था। इस पर एडीएम ने आबकारी अधिकारी को निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
बेलौदी ग्रामवासियों ने एनीकट के उपरी सतह एवं गेट मरम्मत कराने दिया। ग्रामवासियों ने बताया कि बेलौदी उरला एनीकट की उपरी सतह पूर्ण रूप से छतिग्रस्त हो गया है एवं गेट भी खराब होने के कारण नदी में पानी नही रूक पाता है, जिससे आस-पास के क्षेत्रवासियों को समस्या का सामना करना पड़ता है। गांव के लोगों को रोजी-रोटी के लिए एवं आम जनता को इस एनीकट से होकर गुजरना पड़ता है। एनीकट का उपरी सतह क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को बड़ी दुर्घटना होने का भय लगा रहा है। इस पर एडीएम ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
जामुल निवासी कृषक ने बोर कनेक्शन हेतु विद्युत लाईन प्रदाय करने आवेदन दिया। कृषक ने बताया कि उनके खेत से ट्रांसफार्मर एक हजार फीट की दूरी पर स्थित है। विद्युत लाईन प्रदाय नही होने के कारण खेतों को सिंचित करने में कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा। अन्य किसानों को ट्रांसफार्मर से नया कनेक्शन दिया गया है। इस पर बिजली विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया।
एएनएम ने गर्भवती माताओं एवं बच्चों को टीकाकरण के लिए भवन उपलब्ध कराने आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सुविधा केन्द्र वार्ड नम्बर 2 रूआबांधा में स्थित सामुदायिक भवन में गर्भवती माताओं की जांच एवं बच्चों को टीका लगाने में बहुत ही दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सामुदायिक भवन में हमेशा कोई न कोई कार्यक्रम होने के कारण गर्भवती माताओं की जांच करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्राप्त सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को, इस दिशा में गंभीरतापूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर खाद्य, जिला पंचायत, नगर निगम दुर्ग, भिलाई, रिसाली के विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
विष्णु के सुशासन में महिलाओं को मिल रहा सम्मान
छत्तीसगढ़ सरकार गठन के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में महतारी वंदन सम्मेलन का हुआ आयोजन
दुर्ग। छत्तीसगढ़ सरकार गठन के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में विधानसभावार महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत आज विधानसभा क्षेत्र दुर्ग ग्रामीण के ग्राम पंचायत चिंगरी में, विधानसभा क्षेत्र भिलाई नगर के खुर्सीपार वार्ड क्र. 45 में श्रीराम चौक के पास एवं विधानसभा क्षेत्र पाटन में खूबचंद बघेल सामुदायिक भवन में सम्मेलन का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत चिंगरी में आयोजित कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र विधायक ललित चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि हमारे देश में नारी को जैसा सम्मान मिलता है वैसा पूरे विश्व में नहीं मिलता। यहां नारी को आदिशक्ति के रूप में पूजा जाता है। मां के रूप में पहचाना जाता है। आज का यह कार्यक्रम समस्त नारियों को समर्पित है। उन्होंने कहा हमारी सरकार ने जो कहा है वह किया है। प्रदेश की सरकार नारियों को विशेष महत्व देते हुए महिलाओं की गर्भवती अवस्था से लेकर प्रसव होने तक एवं आगे पढ़ाई करने के लिए व गृहस्थ जीवन में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ने के लिए सभी नारी वर्ग को योजनाओं से जोड़ रही है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सम्मानित होने वाली समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, पर्यवेक्षक एवं सुपरवाइजर तथा सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दी। विधायक ललित चंद्राकर ने महिला बाल विकास द्वारा संचालित स्व सहायता समूह के माध्यम से लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने स्टाल में स्व सहायता समूह के माध्यम से तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का लुफ्त उठाया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, पर्यवेक्षक एवं सुपरवाइजर तथा महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं को सम्मानित किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में ग्राम चिंगरी के आंगनबाड़ी के.क्र. 01 की नंदनी देशमुख, आंगनबाड़ी के.क्र. 02 की ललिता निर्मलकर, आंगनबाड़ी के. क्र. 03 की चित्ररेखा गायकवाड़, पिसेगांव आंगनबाड़ी के.क्र. 03 की राजेश्वरी बांधे, ग्राम बिरेझर आंगनबाड़ी के.क्र. 03 की असम निषाद, ग्राम थनौद के आंगनबाड़ी के.क्र. 04 की संध्या गायकवाड, करंजाभिलाई आंगनबाड़ी के.क्र. 01 की खुशबू तिवारी, जेवरा आंगनबाड़ी के.क्र. 02 की होमेश्वरी साहू, अरसनारा आंगनबाड़ी के.क्र. 03 की सुमन कोसरे, खेदामारा आंगनबाड़ी के.क्र. 02 की दुर्गा नारंग, रिसामा आंगनबाड़ी के.क्र. 02 की लीला ठाकुर, मचांदुर आंगनबाड़ी के.क्र. 03 की जयंती साहू, भेड़सर आंगनबाड़ी के.क्र. 01 की दीपक गौतम, डांडेसरा आंगनबाड़ी के.क्र. 01 की सरस्वती गौतम, खाड़ा की मालती देशमुख, आलबरस आंगनबाड़ी के.क्र. 01 की मीना शर्मा, खुरसूल आंगनबाड़ी के.क्र. 02 की राधा निर्मलकर, हनोदा आंगनबाड़ी के.क्र. 03 की सुनिता चंदेल और पाऊवारा आंगनबाड़ी के.क्र. 02 की धनेश्वरी साह शामिल है। इसी प्रकार आंगनबाड़ी सहायिकाओं को भी सम्मानित किया गया। जिनमें चिंगरी आंगनबाड़ी के.क्र. 01 की भगवती देशमुख, के.क्र. 02 की चम्पा निर्मलकर और के.क्र. 01 की रेणु देशलहरा शामिल है। इसी क्रम में पर्यवेक्षकों को भी सम्मानित किया गया। जिनमें रेखा लोनारे, देवकी साहू, इन्दू मित्रा, शशि रैदास, प्रमिला वर्मा, ममता साहू, कंचन गौतम, सोनल सोनी तिवारी, गीतांजली भैंसारे, तृप्ति शर्मा शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान महतारी वंदन योजना की लाभार्थी महिलाओं को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का संदेश पत्र ’’विष्णु के पातिर’’ का वितरण किया गया। मुख्यमंत्री का शुभकामना संदेश पाकर लाभार्थी प्रोत्साहित हुए और सभी ने सरकार की संवेदनशीलता के प्रति आभार जताया। इस दौरान महतारी वंदन योजना की लाभार्थी महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। जिसमें ग्राम पंचायत मतवारी की ललिता साहू, ग्राम जेवरा की डुमेश्वरी साहू, ग्राम अंजोरा की अरूणा सोनी, ग्राम बेलौदी की रोहनी देशमुख, ग्राम खेदामारा की ज्योति पटेल, ग्राम बोरई की पुष्पा शिवहरे, ग्राम चिखली की बम्लेश्वरी उमरे, ग्राम अण्डा की रेखा चन्द्राकर, मिनाक्षी चन्द्रकर, काजोल साहू, और इन्दु साहू, ग्राम अरसनारा की संतोषी साहू, ग्राम पिपरछेड़ी की सोहद्रा निषाद, ग्राम चिंगरी की हेमलता यादव, ग्राम चिंगरी की प्रेमा देशमुख, पार्वती निर्मलकर, हेमलता देशमुख, यामिनी बाघमारे और सकुन देशमुख, ग्राम उमरपोटी की महेश्वरी सोनवानी और ग्राम मचान्दूर की जयंती साहू शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान महतारी वंदन योजना हितग्राही अनीता पांडे ने खुशी जाहित करते हुए बताया कि शासन की महतारी वंदन योजना से उन्हें एक हज़ार रूपए प्रतिमाह प्राप्त हो रहे है। इस राशि का इस्तेमाल वह बेटी की दवाई व घर चलाने में कर रही है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत कुथरेल की निरंजन चंद्राकर ने बताया कि उनके बच्चों को आंगनबाड़ी आने जाने मे असुविधा हो रही थी। शासन के द्वारा महतारी वंदन योजना से प्राप्त एक हजार रुपये से उन्होंने आंगनबाड़ी के सामने सड़़क का समतलीकरण कर सड़क निर्माण कार्य कराया। अब बच्चों को आंगनबाड़ी आने-जाने किसी प्रकार की दिक्क़त नहीं होती है। उन्होंने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री साय को धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चों ने प्रस्तुति द्वारा ई.सी.सी.ई. की गतिविधियों का प्रदर्शन किया। साथ ही कुर्सी दौड़, रस्सा खीच, मटका फोड़ जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई। आं.बा. के बच्चों को प्रतियोगिता पुरस्कार प्रथम, द्वितीय, तृतीय, वितरित किया गया। समस्त अतिथियों को विभाग द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी हरवंश मिरी, जनपद पंचायत दुर्ग सीईओ रूपेश पाण्डेय, दुर्ग जिला पंचायत अध्यक्ष, दुर्ग (ग्रामीण) परियोजना अधिकारी उषा झा, बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, पर्यवेक्षक, सुपरवाइजर तथा महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाएं उपस्थित थे।
एरो क्लब रेस्टोरेन्ट का उपमुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ
दुर्ग। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने जिले के करंजा भिलाई में स्थित कोशी एरो क्लब व रिसार्ट का आज शुभारंभ किया। उन्होंने रिसार्ट का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान कहा कि इस प्रकार के रेस्टोरेन्ट के होने से आम जनता को अच्छी सुविधा मिलेगी। इस रेस्टोरेन्ट में हवाई जहाज के भीतर के माहौल का लुत्फ उठा सकते है। इस रेस्टोरेन्ट में हवाई जहाज चलाने का लुत्फ उठा सकते है। इसके अलावा इस रेस्टारेन्ट में हवाई जहाज में बैठने जैसा अनुभव करेंगे।
डड़सेना (सिन्हा) कलार समाज के पारिवारिक मिलन समारोह में उपमुख्यमंत्री शामिल हुए
समाज के भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए की घोषणा की
दुर्ग । जिले के भिलाई सेक्टर-2 स्थित स्कूल में छत्तीसगढ़ डड़सेना (सिन्हा) कलार समाज का आज पारिवारिक मिलन समारोह एवं युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि समाज की एकता एवं समाज को मजबूत बनाने के लिए युवक-युवती परिचय सम्मेलन के आयोजन से समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियां एक-दूसरे से परिचित होते हैं और रिश्ता शीघ्र तय होने में समाज का सहयोग प्राप्त होता है। उन्होंने समाज की मांग पर छत्तीसगढ़ डड़सेना (सिन्हा) कलार समाज के लिए भवन निर्माण हेतु शासन की ओर से 20 लाख रुपए की घोषणा की।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए दुर्ग ग्रामीण के विधायक ललित चंद्राकर ने युवक-युवती परिचय सम्मेलन के आयोजन के लिए समाज को बधाई दी। उन्होंने कहा कि समाज की एकता बनाए रखने के लिए ऐसे आयोजन होते रहने चाहिए। इस दौरान नगर पालिक निगम दुर्ग के महापौर धीरज बाकलीवाल, रिसाली नगर पालिका की महापौर शशि सिन्हा और समाज के अध्यक्ष सहित समाज के पदाधिकारी और सदस्यगण उपस्थित थे।
हमर हटरी का उपमुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ
छत्तीसगढ़ के शिल्पकारों के शिल्पों का एक ही छत के नीचे अनुपम संग्रहण
दुर्ग । प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने जिले के रामकृष्ण मार्ट के ऊपर वार्ड नंबर 11 बोरसी उत्तर स्थित जीविका स्व-सहायता समूह बोरसी युवा शक्ति संगठन द्वारा संचालित छत्तीसगढ़ के शिल्पकारों के शिल्पों का एक ही छत के नीचे अनुपम संग्रहण एवं विक्रय केंद्र हमर हटरी का आज शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न शिल्पकारों जैसे मटपराई कला, बास कला, पारा कला, ढोकरा कला, बेल मेटल, बस्तर कला, जूट कला के शिल्प एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो। शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थाओं तथा आम नागरिकों की मांग को देखते हुए हमर हटरी एम्पोरियम में भारतीय संस्कृति के वेशभूषा एवं परिधान किराए पर उपलब्ध हैं तथा शील्ड एवं स्मृति चिन्ह के ऑर्डर भी लिए जाएंगे। इससे बेरोजगार एवं बेसहारा बहनों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, जिससे वे आर्थिक रूप से मजबूत होगी।
हमर हटरी का उद्देश्य बेरोजगार एवं अप्रशिक्षित भाई-बहनों को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण के अभाव में स्व-सहायता समूह औपचारिक संगठनों तक सीमित रह जाते हैं और निराशा के कारण धीरे-धीरे लुप्त हो जाते हैं। बाहर प्रशिक्षण के लिए बड़ी रकम दे पाना मध्यम एवं निम्न वर्ग के लिए संभव नहीं है, परिणाम स्वरूप भाई-बहनों की प्रतिभा बेरोजगारी एवं कम वेतन में काम करके बर्बाद हो जाती है। इसलिए हमर हटरी की परिकल्पना की गई है। जीविका स्व सहायता समूह बोरसी एवं युवा शक्ति संगठन बोरसी के माध्यम से हम विगत 05 वर्षों से सामाजिक, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, कैरियर मार्गदर्शन, महिला जागरूकता, नशा उन्मूलन जैसे कार्य करते आ रहे हैं। हमर हटरी के शुभारंभ अवसर पर दुर्ग ग्रामीण के विधायक ललित चंद्राकर एवं नगर निगम दुर्ग के महापौर धीरज बाकलीवाल सहित जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।
हमर हटरी का उपमुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ
- छत्तीसगढ़ के शिल्पकारों के शिल्पों का एक ही छत के नीचे अनुपम संग्रहण
दुर्ग । प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने जिले के रामकृष्ण मार्ट के ऊपर वार्ड नंबर 11 बोरसी उत्तर स्थित जीविका स्व-सहायता समूह बोरसी युवा शक्ति संगठन द्वारा संचालित छत्तीसगढ़ के शिल्पकारों के शिल्पों का एक ही छत के नीचे अनुपम संग्रहण एवं विक्रय केंद्र हमर हटरी का आज शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न शिल्पकारों जैसे मटपराई कला, बास कला, पारा कला, ढोकरा कला, बेल मेटल, बस्तर कला, जूट कला के शिल्प एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो। शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थाओं तथा आम नागरिकों की मांग को देखते हुए हमर हटरी एम्पोरियम में भारतीय संस्कृति के वेशभूषा एवं परिधान किराए पर उपलब्ध हैं तथा शील्ड एवं स्मृति चिन्ह के ऑर्डर भी लिए जाएंगे। इससे बेरोजगार एवं बेसहारा बहनों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, जिससे वे आर्थिक रूप से मजबूत होगी।
हमर हटरी का उद्देश्य बेरोजगार एवं अप्रशिक्षित भाई-बहनों को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण के अभाव में स्व-सहायता समूह औपचारिक संगठनों तक सीमित रह जाते हैं और निराशा के कारण धीरे-धीरे लुप्त हो जाते हैं। बाहर प्रशिक्षण के लिए बड़ी रकम दे पाना मध्यम एवं निम्न वर्ग के लिए संभव नहीं है, परिणाम स्वरूप भाई-बहनों की प्रतिभा बेरोजगारी एवं कम वेतन में काम करके बर्बाद हो जाती है। इसलिए हमर हटरी की परिकल्पना की गई है। जीविका स्व सहायता समूह बोरसी एवं युवा शक्ति संगठन बोरसी के माध्यम से हम विगत 05 वर्षों से सामाजिक, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, कैरियर मार्गदर्शन, महिला जागरूकता, नशा उन्मूलन जैसे कार्य करते आ रहे हैं। हमर हटरी के शुभारंभ अवसर पर दुर्ग ग्रामीण के विधायक ललित चंद्राकर एवं नगर निगम दुर्ग के महापौर धीरज बाकलीवाल सहित जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।
प्राचीनकाल से भारत देश में गुरुकुल की गौरवशाली परंपरा रही है : राज्यपाल
राज्यपाल ने किया स्वामी नारायण गुरुकुल विद्यालय भवन का उद्घाटन
दुर्ग । राज्यपाल रमेन डेका ने आज सूर्या विहार भिलाई में श्री स्वामी नारायण गुरुकुल विद्यालय भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक रिकेश सेन, स्वामी महंत सुफलक दास, मनीष गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित थे।
समारोह को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि गुरूकुल भवन केवल एक भौतिक संरचना का अनावरण नहीं है बल्कि यह शिक्षा, संस्कृति और नैतिकता के प्रकाश स्तंभ की स्थापना है। राज्यपाल ने कहा कि स्वामीनारायण गुरूकुल गत 75 वर्षों से शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। भारत के 60 से अधिक गुरूकुलों के माध्यम से 40 हजार से अधिक विद्यार्थियों को शिक्षित करना और उन्हंे नैतिक मूल्यों की शिक्षा देना, दोनों एक असाधारण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह गुरूकुल परंपरा जिसे हमारे ऋषि मुनियों ने आरंभ किया था, आज भी प्रासंगिक और प्रेरणादायक है।
राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि प्राचीनकाल से ही हमारे देश में गुरूकुल की गौरवशाली परंपरा रही है। गुरूकुल के संस्थापक संतो और आचार्याे का दृष्टिकोण था कि शिक्षा केवल जानकारी देने का माध्यम नहीं है बल्कि यह मानव जीवन को संपूर्णता प्रदान करने का मार्ग है। उनका यह दृष्टिकोण आज के समय में भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षा न केवल व्यक्तिगत विकास का साधन है बल्कि यह समाज और राष्ट्र के निर्माण का भी आधार है। मुझे यह देख कर प्रसन्नता हो रहा है कि स्वामी नारायण गुरूकुल इस विचारधारा के साथ विद्यार्थियों को शिक्षित कर रहा है।
राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि आधुनिक युग में नैतिक मूल्यों का पतन हो रहा है। ऐसे समय में स्वामी नारायण गुरूकुल जैसा संस्थान, समाज में नैतिक संस्कारो को फिर से जीवित करने का कार्य कर रहा है। यहां विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान नहीं दिया जाता है बल्कि उन्हें जीवन जीने की कला सिखाई जाती है। ज्ञान, आध्यात्मिकता और नैतिकता का समन्वय किसी भी व्यक्ति को समाज का आदर्श नागरिक बनाते हैं।
राज्यापाल श्री डेका ने गुरूकुल परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भिलाई में इसकी स्थापना की और यहां के विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने यहां अध्ययनरत् विद्यार्थियों से कहा कि वे यहां दी जाने वाली शिक्षा और संस्कारों का पूरी लगन से पालन करें और इसे अपने जीवन का आधार बनाएं। आज इस विद्यालय भवन का उद्घाटन, विद्यार्थियों के लिए नई उम्मीदों और सपनों का आरंभ है। यहां से निकलने वाले विद्यार्थी न केवल अपने क्षेत्र में विशेषज्ञ बनेंगे बल्कि समाज में नैतिकता और सदाचार का प्रचार भी करेंगे, ऐसी हम सबकी आकांक्षा है। राज्यपाल श्री डेका ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और गुरूजनों को विद्यालय भवन के लिए शुभकामनाएं दी। गुरूकुल के संचालक श्री रघुनाथ ने कार्यक्रम के अंत में सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर गुरूकुल के आचार्यगण, विद्यार्थी और उनके अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
अहिवारा विधानसभा में सीसी रोड निर्माण कार्य के लिए 14.09 लाख रूपए स्वीकृत
दुर्ग । कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी द्वारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजनांतर्गत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए अहिवारा विधानसभा के दो कार्य के लिए 14 लाख 09 हजार रूपए स्वीकृत किया गया है। विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ाद्वारा अनुशंसित उक्त कार्य का संपादन क्रियान्वयन एजेंसी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत धमधा द्वारा की जाएगी।
जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय से प्राप्त जानकारी ग्राम पंचायत नारधा में सीसी रोड निर्माण कार्य पाण्डेय ब्यारा से कोष्टा तालाब तक के लिए 6 लाख 98 हजार रूपए एवं ग्राम पंचायत नारधा में सीसी रोड निर्माण कार्य (लखन वर्मा घर से कोटवार घर तक) के लिए 7 लाख 11 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
DSP पर भाभी से दुष्कर्म का आरोप… रिश्ते में मौसी की बहू लगती है पीड़िता, जांच जारी
भिलाई। मोहन नगर पुलिस ने सुकमा जिले में पदस्थ डीएसपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। डीएसपी की भाभी ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मोहन नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, सुकमा जिले में पदस्थ आरोपी डीएसपी की मौसी का घर दुर्ग में है। इस कारण से आरोपी डीएसपी का दुर्ग आना जाना लगा रहता है। इसी दौरान डीएसपी की अपनी मौसी की बहू यानी अपनी भाभी से भी परिचय गहरा हुआ।
दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई थी। वहीं पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी डीएसपी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर मोहन नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी डीएसपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। अभी इस प्रकरण की जांच की जा रही है।
महिला डिजिटल अरेस्ट से बची
दुर्ग । भिलाई में SBI कर्मचारियों की सतर्कता से ना सिर्फ महिला डिजिटल अरेस्ट से बची, बल्कि उसके 45 लाख रुपए भी बच गए। बताया जा रहा है कि रिसाली क्षेत्र की एक विधवा महिला और उसका 22 साल का बेटा अपने घर में एक साथ डिजिटल अरेस्ट का शिकार हो गए थे। ठगों ने महिला को जमकर डराया- धमकाया। ठगों ने कहा कि उसने सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो और वीडियो अपलोड कर दिए हैं।
उसे जेल जाने से बचाने के लिए लाखों रुपये में सौदा किया। SBI के रिसाली ब्रांच के मैनेजर विनीत नायर ने बताया कि ये घटना 19 दिसंबर की है। उनके बैंक की एक ग्राहक बैंक में अपनी 35 लाख की FD को तुड़वाने आई थीं। बैंक मैनेजर विनीत नायर ने लोगों से अपील की है कि सरकार डिजिटल अरेस्ट से लोगों को बचाने के लिए कॉलर ट्यून में भी जागरूकता वाले मैसेज दे रही है। साथ ही लोगों को इसके प्रति अवेयर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर आपके पास कोई अनजान कॉल आए और कोई आपको धमकाए या आपका ओटीपी मांगे तो उसे बिल्कुल न बताएं। ऐसा होने पर आप सीधे नजदीकी पुलिस स्टेशन या अपनी शाखा से संपर्क करें।
सिकोला भाटा पटरीपार भाजपा मंडल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष को मिली शुभकामनाएं
दुर्ग । भाजपा मंडल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनमोहन शर्मा को पूर्व भाजपा खेल प्रकोष्ठ संयोजक अभिषेक टंडन जिला मीडिया प्रभारी अ जा मोर्चा और वार्ड नंबर 19 पार्षद प्रत्याशी तारा अभिषेक टंडन ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर अभिषेक टंडन ने कहा कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए यह गर्व की बात है कि मनमोहन शर्मा जैसे सक्षम नेता को हमारे मंडल अध्यक्ष के रूप में कार्यभार सौंपा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मनमोहन शर्मा जी पार्टी को हमेशा आगे बढ़ाने में अपनी पूरी मेहनत और प्रतिबद्धता से योगदान देंगे।
तारा अभिषेक टंडन ने भी मनमोहन शर्मा की नवनियुक्ति पर उन्हें शुभकामनाएं दी और उम्मीद जताई कि वे पार्टी के कार्यों को और बेहतर तरीके से साकार करेंगे। इस दौरान मंडल के कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद थे, जिन्होंने अपने नए अध्यक्ष को हरसंभव सहयोग देने का वादा किया।
अभिषेक ने इस अवसर पर सभी समर्थकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनका उद्देश्य भाजपा की नीतियों को लोगों तक पहुँचाना और पार्टी को और मजबूत बनाना है।
भारतीय जनता पार्टी सिकोला भाटा पटरीपार भाजपा मंडल अध्यक्ष के रूप में उनकी यह नियुक्ति पार्टी के लिए एक नई दिशा और ऊर्जा का प्रतीक बनी है।
जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक संपन्न
दुर्ग । जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की 186वीं डीएलसीसी/डीएलआरसी की बैठक 21 दिसम्बर को जिला पंचायत के सभाकक्ष में हुई। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशानुसार बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग दुबे द्वारा की गई। बैठक के प्रारंभ में बैंको की साख जमा अनुपात (सीडी रेटियो) पर चर्चा हुई। जिन बैंकों का साख जमा अनुपात कम हैं, उन बैंकों को अगले तिमाही बैठक तक सुधार करने को कहा गया।
बैठक में सीईओ बजरंग दुबे ने सभी बैंकर्स को शासन के मंशानुरूप प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना के तहत ज्यादा से ज्यादा लोगों का नामांकन कर दिए गए लक्ष्य को पूरा करने निर्देशित किया गया। उन्होंने बैंकवार प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं जीवन ज्योति योजना के क्लेम से संबंधित लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते प्राप्त प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने को कहा। जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति द्वारा तिमाही की लक्ष्य प्राप्ति की जानकारी दी गई और सभी बैंकों को अंत्यावसायी अंतर्गत प्राप्त प्रकरणों को जल्द से जल्द निराकरण करने निर्देशित किया गया। पीएम विश्वकर्मा अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके लाभार्थियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने निर्देशित किया गया। साथ ही प्राथमिकता के साथ विद्यार्थियों को शिक्षा ऋण प्रदान करने को कहा। इस दौरान बैंक एवं विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
जल्द शुरू होगा सगनीघाट और सिल्लीघाट के बीच बन रहे नए पुल पर आवागमन
पुल का 95 प्रतिशत काम पूरा, 14 करोड़ रुपए की लागत से शिवनाथ नदी पर बन रहा पुल
दुर्ग । दुर्ग जिले के सगनीघाट और सिल्लीघाट के बीच शिवनाथ नदी पर निर्माणाधीन नए पुल का काम पूर्ण होने के कगार पर है। 14 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बन रहे पुल का 95 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। अभी पुल के दोनों ओर सीसी रोड निर्माण का काम प्रगति पर है। अगले कुछ दिनों में पुल के ऊपर बीटी वर्क के बाद पुल आवागमन के लिए तैयार हो जाएगा।
लोक निर्माण विभाग द्वारा दुर्ग-धमधा मार्ग को जालबांधा-खैरागढ़ मार्ग से जोड़ने वाली सड़क में शिवनाथ नदी पर सगनीघाट और सिल्लीघाट के बीच 400 मीटर लंबे नए पुल का निर्माण किया जा रहा है। इससे क्षेत्र के 12 गांवों की करीब 20 हजार आबादी के साथ ही इस मार्ग का उपयोग कर जिला मुख्यालय दुर्ग, विकासखंड मुख्यालय धमधा, जालबांधा एवं खैरागढ़ की ओर आने-जाने वालों को फायदा होगा। धमधा, ननकट्ठी, सगनी, लिटिया, बोरी और सिल्ली जैसे कई गांवों के लोग अब नदी के उस पार के गांवों में बारहों महीने निर्बाध आवागमन कर सकेंगे। इससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।