छत्तीसगढ़ / सूरजपुर
विश्व पर्यावरण दिवस पर पीएम श्री सेजेस जयनगर में हुआ वृक्षारोपण
सूरजपुर : विश्व पर्यावरण दिवस पर पीएम श्री सेजेस जयनगर में हुआ वृक्षारोपण
ग्राम धरसेंडी के कुदरी पारा में हुआ नलकूप खनन
सूरजपुर। ग्रीष्म ऋतु में जल स्तर गिरने से उत्पन्न पेयजल कठिनाई को दूर करने हेतु लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा 03 जून को ग्राम धरसेंडी के कुदरीपारा क्षेत्र में 01 नग नलकूप खनन कार्य संपन्न कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सहायक अभियंता एवं उप अभियंता, उपखण्ड ओड़गी द्वारा कुदरीपारा बसाहट का मौके पर निरीक्षण किया गया, जहाँ 08 से 10 परिवार निवासरत हैं। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि क्षेत्र में पूर्व से 05 नग विभागीय हैण्डपंप स्थापित एवं चालू स्थिति में हैं, परंतु ग्रीष्म ऋतु में जल स्तर कम हो जाने के कारण पेयजल आपूर्ति में कठिनाई हो रही थी।
ग्रामीणों की आवश्यकता को प्राथमिकता देते हुए तथा ग्राम धरसेंडी के कुदरीपारा बसाहट में निवासरत आदिवासी परिवारों की पेयजल समस्या का त्वरित समाधान हेतु विभाग द्वारा बिना विलंब किए स्थल पर नलकूप खनन की कार्यवाही सुनिश्चित की गई, जिससे अब बसाहट के परिवारों को सुगम एवं नियमित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
आदिम जाति सेवा सहकारी समिति रेवटी में पर्याप्त खाद का भंडारण, सुचारू रूप से हो रहा वितरण
- आवश्यकतानुसार खाद का उठाव करें किसान, जमाखोरी पर सख्त कार्यवाही के निर्देश - कलेक्टर
सूरजपुर । खरीफ सीजन को देखते हुए जिले में किसानों को खाद की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास प्रशासन द्वारा सुनिश्चित किया जा रहा है। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्या. रेवटी (शाखा प्रतापपुर) में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है तथा किसानों को आवश्यकतानुसार सुचारु रूप से वितरण किया जा रहा है। समिति प्रबंधक द्वारा बताया गया कि 03 जून की स्थिति में यूरिया, डी.ए.पी., इफको, एस.एस.पी. सहित विभिन्न प्रकार के खाद का लगभग 3493 क्विंटल खाद का भंडारण शेष है।
किसान बोले - पर्याप्त मात्रा में मिल रहा खाद
समिति में खाद लेने पहुंचे किसानों ने व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। कृषक गोविंदा पटेल ने बताया कि उन्हें पर्याप्त मात्रा में खाद मिल रहा है, जिससे उनकी खेती आसानी से हो जाएगी। ग्राम सोंधिहा के मिथलेश पटेल तथा जगदल प्रसाद पटेल ने बताया कि समिति में उनके आवश्यकतानुसार खाद की उपलब्धता सुनिश्चित हो जा रही है।
आवश्यकतानुसार करें उठाव - कलेक्टर की अपील
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप ही खाद का उठाव करें, ताकि सभी कृषकों को समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि खाद की कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर सतत निगरानी रखी जाए तथा ऐसे प्रकरणों में लगातार सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
विश्व साइकिल दिवस पर खेलो इंडिया योजना के तहत 7 जून को होगा भव्य साइकिल रैली का आयोजन
स्वास्थ्य, फिटनेस एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगी रैली, उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
सूरजपुर । संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ के निर्देशन तथा कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन में खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत ‘‘Celebration of World Bicycle Day in KICs and KISCE‘‘ कार्यक्रम के तहत 07 जून 2026 को साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा। यह रैली स्वास्थ्य, फिटनेस एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का संदेश लेकर निकलेगी।
रैली का शुभारंभ खेलो इंडिया सेंटर फुटबॉल ग्राउंड, हर्राटिकरा से होगा तथा इसका समापन स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम स्कूल, बिश्रामपुर में किया जाएगा। आयोजन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बालक एवं बालिका को 2000 रुपये, द्वितीय स्थान पर 1500 रुपये तथा तृतीय स्थान पर 1000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त चतुर्थ से दसवें स्थान तक के प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
इस साइकिल रैली में जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधि, खिलाड़ी तथा आम नागरिक बड़ी संख्या में सहभागिता करेंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को नियमित साइकिलिंग के लिए प्रेरित करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा प्रदूषणमुक्त एवं हरित पर्यावरण के निर्माण के प्रति जागरूक करना है।
विश्व पर्यावरण दिवस पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया पौधरोपण
“एक पेड़, अनेक पीढ़ियों का भविष्य” - हरित छत्तीसगढ़ के निर्माण का दिया संदेश
सूरजपुर । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सूरजपुर जिले के भटगांव नगर पंचायत स्थित पुष्प वाटिका में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आम एवं अमरूद के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों से प्रकृति के संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन का आधार नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन, स्वास्थ्य और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के संरक्षक भी हैं। उन्होंने कहा कि आज जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण की चुनौतियों के बीच प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके संरक्षण का संकल्प भी ले।
उन्होंने कहा कि हरित और स्वच्छ वातावरण ही समृद्ध समाज की पहचान है। पर्यावरण संरक्षण के लिए सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन जनसहभागिता के बिना यह अभियान पूर्ण नहीं हो सकता। यदि प्रत्येक नागरिक प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझे, तो आने वाली पीढ़ियों को एक बेहतर और सुरक्षित धरती सौंपना संभव होगा।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने पर्यावरण के प्रति जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी का सकारात्मक संदेश दिया।
सुशासन और विकास का मिला दोहरा लाभ, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सुनीं जनसमस्याएं
भटगांव में 6.09 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का शुभारंभ, जनसुविधाओं को मिलेगा विस्तार
सूरजपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रही सरकार की प्राथमिकताओं का प्रभाव अब जमीनी स्तर पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। इसी कड़ी में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए।
सुशासन तिहार के तहत आयोजित इस जनसंवाद में मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि शासन की मंशा केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने 6.09 करोड़ रूपये की लागत से स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन एवं कार्य प्रारंभ पूजन किया। इन कार्यों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक जनसुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्य शामिल हैं, जिनसे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करते हुए समावेशी विकास के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। विकास कार्यों के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच सुविधाओं की दूरी कम करने तथा लोगों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। जनसंवाद और विकास कार्यों के शुभारंभ के इस आयोजन ने शासन की जनहितैषी सोच और विकासोन्मुखी दृष्टिकोण को एक बार फिर रेखांकित किया।
वृद्ध दिव्यांग महिला को समाज कल्याण विभाग ने मुहैया करायी व्हील चेयर
सुशासन तिहार के आवेदन पर विभाग ने की आवश्यक कार्यवाही
सूरजपुर । सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत प्राप्त आवेदन पर त्वरित कार्यवाही करते हुए समाज कल्याण विभाग सूरजपुर द्वारा प्रतापपुर विकासखंड के ग्राम बंशीपुर निवासी वृद्ध दिव्यांग महिला श्रीमती शांति बाई को व्हील चेयर उपलब्ध करायी गई। कुछ माह पूर्व हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के कारण महिला का एक पैर काटना पड़ा था, जिससे वह दिव्यांगता की स्थिति में आ गई थीं।
महिला की पीड़ा को देखते हुए सामाजिक कार्यकर्ता ने उन्हें व्हील चेयर दिलाने हेतु नगर पंचायत द्वारा आयोजित सुशासन शिविर में आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन प्राप्त होते ही समाज कल्याण विभाग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्यवाही की गई और पात्रता अनुसार महिला को व्हील चेयर प्रदान की गई। इस अवसर पर सरपंच एवं सचिव उपस्थ्ति रहें। व्हील चेयर मिलने पर दिव्यांग महिला ने राहत महसूस करते हुए शासन एवं प्रशासन के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। सुशासन तिहार के माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध एवं संवेदनशील कार्यवाही कर पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश, ऑनलाइन आवेदन 15 तक
सूरजपुर । संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण, नवा रायपुर अटल नगर (छत्तीसगढ़) के अंतर्गत संचालित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रशिक्षण सत्र 2026-27 एवं 2026-28 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 29 मई 2026 से 15 जून 2026 रात्रि 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
प्रवेश के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से वेबसाइट cgiti.admission.nic.in पर स्वीकार किए जाएंगे। प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी एवं दिशा-निर्देश वेबसाइट पर उपलब्ध प्रवेश विवरणिका में दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पूर्व प्रवेश विवरणिका का सावधानीपूर्वक अध्ययन कर लें, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था प्रतापपुर के सूचना पटल का अवलोकन कर भी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा मार्गदर्शन के लिए अभ्यर्थी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था प्रतापपुर के संपर्क नंबर 6267032722 पर संपर्क कर सकते हैं।
सुशासन तिहार: महेशपुर शिविर में 648 आवेदनों के निराकरण की दी गई जानकारी
सूरजपुर । सुशासन तिहार 2026 के तहत जनपद पंचायत सूरजपुर के ग्राम पंचायत महेशपुर में 29 मई को जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। महेशपुर क्लस्टर में शामिल 19 ग्राम पंचायतों के नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी समस्याएं और मांगें प्रस्तुत कीं।
शिविर में क्लस्टर की 19 ग्राम पंचायतों से विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 648 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें 627 मांग संबंधी आवेदन तथा 21 शिकायतें शामिल थीं। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने शिविर में उपस्थित नागरिकों को प्राप्त आवेदनों के निराकरण एवं की गई कार्यवाही की जानकारी दी।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया। शिक्षा विभाग द्वारा 11 हितग्राहियों को जन्म प्रमाण पत्र वितरित किए गए। खाद्य विभाग द्वारा पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड प्रदान किए गए तथा एक हितग्राही को आवास निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के लिए प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्राम पंचायत लटोरी निवासी जमुना पिता नेम प्रसाद को दिव्यांग प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसके साथ ही जिले की लखपति दीदी को सम्मानित किया गया तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा 13 हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए गए।
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 195 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 189 मांग एवं 6 शिकायतें शामिल थीं। इनमें पंचायत विभाग के 52, राजस्व विभाग के 40, खाद्य विभाग के 30, पशुधन विभाग के 20, सीएसईबी के 10, महिला एवं बाल विकास विभाग के 6 सहित अन्य विभागों के आवेदन शामिल रहे। सभी आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई एवं निराकरण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
कार्यक्रम में श्रीमती स्वाती संत सिंह (अध्यक्ष, जनपद पंचायत सूरजपुर), मनमथ बछाड़ (उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत सूरजपुर), श्रीमती किरण केराम सिंह (जिला पंचायत सदस्य), मोहरलाल चेरवा, श्रीमती सीमा सिंह, दशरथ सिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सड़को की वस्तुस्थिति जानने कलेक्टर का सूरजपुर, प्रेमनगर व रामानुजनगर क्षेत्र में सुबह-सुबह सघन दौरा
15 जून से पूर्व अधिकाधिक कार्य पूर्ण करने के निर्देश
सूरजपुर । जिले में सड़क निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति और गुणवत्ता का जायजा लेने कलेक्टर श्रीमती रेना जमील स्वयं तड़के सुबह 06 बजे मैदान में उतरीं। लोक निर्माण विभाग एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अभियंताओं एवं अमले के साथ उन्होंने सूरजपुर, प्रेमनगर एवं रामानुजनगर क्षेत्र की सड़कों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन सड़कों में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सड़क मार्ग की चौड़ाई, ढलान एवं एलाइनमेंट का बारीकी से अवलोकन किया तथा सड़क के कॉम्पैक्शन की जांच की। सड़क की प्रत्येक परत की मोटाई तय मानक के अनुरूप है अथवा नहीं, यह सुनिश्चित करने हेतु मौके पर सड़क की खोदाई कराकर भी जांच की गई। साथ ही जल निकासी प्रबंधन पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निर्माण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता, सुरक्षा एवं तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने हेतु अभियंताओं, ठेकेदारों एवं उपस्थित अन्य संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को सुगम एवं सुदृढ़ सड़क संपर्क उपलब्ध कराना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। बेहतर सड़कों से न केवल आवागमन सुगम होता है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि उपज के विपणन एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने निर्माणाधीन मार्गों की गुणवत्ता, प्रगति एवं समय-सीमा की बारीकी से समीक्षा करते हुए निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत निर्माणाधीन प्रमुख मार्गों - एनएच-43 (तिलसिवा) से भैंसामार गोंड़पारा (1.85 किमी), लांची से लांची सत्तीपारा (2.77 किमी), परशुरामपुर-उमेश्वरपुर मार्ग से मोहनपुर पंडोपारा (4.70 किमी), उमेश्वरपुर से पार्वतीपुर सरईपारा (4.40 किमी), सलका कर्मी टिकरा से लक्ष्मीपुर खास (3.00 किमी) के साथ ही नवीनीकरण मार्गों- कंचनपुर से काशी कुर्रीपारा (10.68 किमी) एवं प्रेमनगर रोड से राजाकछार (15.15 किमी) के कार्यों का अवलोकन किया।
इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग अंतर्गत स्वीकृत/निर्माणाधीन मार्गों की प्रगति की भी समीक्षा की गई, जिनमंा देवीपुर-महामाया पंडुम मार्ग (4 किमी),बड़ाकापाद-पम्पापुर-कोट-पटना मार्ग (9.7 किमी), उमेश्वरपुर-कुमरभवना मार्ग (10.34 किमी), वृन्दावन-सलका मार्ग (7.2 किमी) तथा नारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर मार्ग सहित अन्य मार्ग सम्मिलित हैं।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग की जाए, गुणवत्ता परीक्षण नियमित रूप से कराया जाए तथा 15 जून से पूर्व अधिकाधिक कार्य पूर्ण किए जाएं।
मतदान दिवस : कारखानों एवं स्थापनाओं के श्रमिकों के लिए अवकाश घोषित
सूरजपुर । छत्तीसगढ़ शासन, श्रम विभाग द्वारा नगरपालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम/उप निर्वाचन के अंतर्गत आगामी 01 जून 2026 (सोमवार) को होने वाले मतदान के अवसर पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में कारखानों एवं स्थापनाओं में कार्यरत श्रमिकों/कर्मचारियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।
नगर पंचायत शिवनन्दनपुर के आम निर्वाचन 2026 एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन 2026 के लिए मतदान दिवस सोमवार, 01 जून 2026 को संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश घोषित किया है। इसी क्रम में श्रम विभाग द्वारा कारखाना अधिनियम 1948 तथा छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना अधिनियम के अंतर्गत आने वाले कारखानों एवं स्थापनाओं में कार्यरत श्रमिकों एवं कर्मचारियों के लिए मतदान के दिन संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में अवकाश घोषित किया गया है, ताकि प्रत्येक मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ऐसे कारखाने जो सप्ताह में सातों दिन संचालित होते हैं, वहां प्रथम एवं द्वितीय पॉली के श्रमिकों को मतदान के दिन 02-02 घंटे का अवकाश दिया जाएगा। साथ ही जो कारखाने निरंतर प्रक्रिया (कंटीन्यूअस प्रोसेस) के अंतर्गत आते हैं, उनमें कार्यरत श्रमिकों को बारी-बारी से मतदान करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उत्पादन प्रक्रिया भी बाधित न हो और श्रमिक भी अपने मत का प्रयोग कर सकें। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित कारखाना एवं स्थापना प्रबंधन से आदेश का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने तथा सभी श्रमिकों को मतदान हेतु अवकाश/सुविधा प्रदान करने की अपील की गई है।
युवाओं के सपनों को मिली नई उड़ान, आईटीआई भटगांव में आयोजित रोजगार मेले में हजारों युवाओं ने दिखाया उत्साह
नामी कंपनियों ने ऑन-द-स्पॉट दिए नियुक्ति पत्र, बैंकिंग से लेकर हॉस्पिटलिटी तक के क्षेत्रों में मिले रोजगार के अवसर
सूरजपुर/19 मई 2026
जिले के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं उन्हें रोजगार के सुनहरे अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से दिनांक 19 मई 2026 को आईटीआई भटगांव में एक दिवसीय विशाल रोजगार मेले (जॉब फेयर) का सफल आयोजन किया गया। जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में बेरोजगार युवाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
सुबह से उमड़ी युवाओं की भीड़:-
रोजगार मेले के प्रति युवाओं में इस कदर उत्साह था कि सुबह से ही बड़ी संख्या में योग्य एवं उत्साही उम्मीदवार अपने बायोडाटा (रिज्यूमे) एवं शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ आयोजन स्थल पर पहुंचने लगे थे। मेले में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए युवाओं ने अपनी योग्यता के अनुरूप कंपनियों के स्टॉल पर पंजीयन कराया।
नामी कंपनियों ने लिया हिस्सा:-
इस एक दिवसीय रोजगार मेले में बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, रिटेल एवं हॉस्पिटलिटी सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित कंपनियों ने शिरकत की। कंपनियों के मानव संसाधन (एचआर) प्रतिनिधियों ने मौके पर ही उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया एवं उनकी योग्यता को परखा।
ऑन-द-स्पॉट चयन से खिले युवाओं के चेहरे:-
मेले की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि कई कंपनियों ने लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के तुरंत बाद योग्य उम्मीदवारों को ऑफर लेटर (नियुक्ति पत्र) सौंप दिए, जिससे युवाओं के चेहरे खिल उठे। मौके पर ही नौकरी मिलने से चयनित युवाओं ने जिला प्रशासन एवं रोजगार विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
हर योग्यता के लिए मौजूद थे विकल्प:-
रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक एवं स्नातकोत्तर पास कर चुके फ्रेशर्स के साथ-साथ अनुभवी युवाओं के लिए भी ढेरों विकल्प मौजूद थे। इस व्यापक दायरे के कारण विभिन्न शैक्षणिक पृष्ठभूमि के युवाओं को अपनी योग्यता के अनुसार अवसर मिल सका।
करियर काउंसलिंग डेस्क ने दिखाई राह:-
जो युवा इस बात को लेकर असमंजस में थे कि उन्हें किस क्षेत्र में जाना चाहिए, उनके लिए विशेष करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किए गए। विशेषज्ञों ने उन्हें भविष्य के बाजार की मांग एवं कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) के महत्व के बारे में विस्तृत मार्गदर्शन दिया, जिससे युवा अपने करियर को लेकर बेहतर निर्णय ले सकें।
शेष युवाओं से भी होगा संपर्क:-
शाम 5 बजे तक चले इस रोजगार मेले का समापन बेहद सकारात्मक माहौल में हुआ। प्रशासन के मुताबिक जिन युवाओं को इस बार मौका नहीं मिल पाया है, उनके डेटाबेस को सुरक्षित रख लिया गया है। आगामी समय में होने वाली भर्तियों के लिए कंपनियों द्वारा उनसे सीधे संपर्क किया जाएगा।
कुल मिलाकर 19 मई को आयोजित यह रोजगार मेला क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं के लिए एक बड़ी राहत एवं उम्मीद की नई किरण लेकर आया। जिला प्रशासन द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के रोजगार मेलों के आयोजन की योजना बनाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
गायत्री परियोजना प्रभावितों के लिए बड़ी सौगात : जोबगा में 95 रोजगार का रास्ता साफ
सूरजपुर : गायत्री परियोजना प्रभावितों के लिए बड़ी सौगात : जोबगा में 95 रोजगार का रास्ता साफ
पीएम श्री सेजेस जयनगर में कक्षा पहली में प्रवेश हेतु 13 मई को होगी लॉटरी प्रक्रिया
सूरजपुर/12 मई 2026
पीएम श्री सेजस जयनगर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु कक्षा पहली में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया 10 अप्रैल से 09 मई तक संपन्न हुई। इस दौरान अभिभावकों द्वारा उत्साहपूर्वक आवेदन प्रस्तुत किए गए। विद्यालय प्रबंधन द्वारा सूचित किया जाता है कि कक्षा पहली के लिए पात्र एवं अपात्र सूची का प्रकाशन 12 मई को किया जाएगा। इसके पश्चात चयनित विद्यार्थियों के अंतिम चयन हेतु लॉटरी प्रक्रिया 13 मई प्रातः 10ः00 बजे से विद्यालय परिसर में संपन्न की जाएगी।
सभी अभिभावकों से अनुरोध है कि वे निर्धारित तिथियों एवं समय पर विद्यालय में उपस्थित होकर प्रक्रिया में सहयोग करें तथा विद्यालय द्वारा जारी सूचनाओं का नियमित अवलोकन करते रहें।
एकलव्य आवासीय विद्यालय प्रेमनगर एवं ओड़गी मे रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु 23 मई तक आवेदन आमंत्रित
सूरजपुर/12 मई 2026
शिक्षण सत्र 2026-27 हेतु जिला सूरजपुर के विकासखंड प्रेमनगर अंतर्गत संचालित कन्या एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय प्रेमनगर एवं ओड़गी विकासखंड अंतर्गत एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय ओड़गी में सीबीएसई पाठ्यक्रम हेतु कक्षा 11वीं विज्ञान, गणित एवं कला संकाय में रिक्त सीटों का प्रवेश लिया जाना है। रिक्त सीटों की पूर्ति हेतु छ.ग. राज्य द्वारा घोषित अनुसूचित जनजातीय वर्ग/समुदाय के बालक एवं बालिका से ऑफलाईन आवेदन पत्र 23 मई 2026 तक आमंत्रित किया गया हैं। आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप में भरकर जमा करें। अधिक जानकारी हेतु संबंधित विद्यालय में कार्यालयीन समय प्रातः 09 बजे से शाम 04 बजे तक संपर्क या सूचना पटल का अवलोकन कर सकते हैं।
आगामी मानसून को देखते हुए कलेक्टर कार्यालय सूरजपुर में कंट्रोल रूम स्थापित
सूरजपुर/12 मई 2026
आगामी मानसून 2026 के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं से बचाव एवं राहत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर सूरजपुर द्वारा संयुक्त जिला कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
छत्तीसगढ़ शासन राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशानुसार स्थापित इस कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 07775-266116 निर्धारित किया गया है। इस कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्री सुनील अग्रवाल को एवं सहायक श्री धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय सहायक ग्रेड 02 को नियुक्त किया गया है।
कंट्रोल रूम के सुचारु संचालन के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी विभिन्न पालियों में लगाई गई है। प्रातः 5ः00 बजे से 11ः00 बजे तक सहायक ग्रेड-03 श्री सुमित कुजूर एवं भृत्य श्री विष्णुनारायण प्रसाद कार्य करेंगे। प्रातः 11ः00 बजे से शाम 5ः00 बजे तक सहायक ग्रेड-03 श्री तेजप्रकाश सिंह तथा भृत्य श्री सतेन्द्र कुमार धीवर की ड्यूटी लगाई गई है। शाम 5ः00 बजे से रात्रि 11ः00 बजे तक सहायक ग्रेड-03 श्री राधेश्याम साहू एवं भृत्य श्री कृष्णा यादव कार्य करेंगे। वहीं रात्रि 11ः00 बजे से प्रातः 5ः00 बजे तक सहायक ग्रेड-03 श्री विजय प्रताप सिंह एवं भृत्य श्री नहर सिंह तैनात रहेंगे।
जिला प्रशासन ने मानसून अवधि में आमजन से अपील की है कि किसी भी प्राकृतिक आपदा अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम में दें, ताकि त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके।
‘तारुण्य वार्ता हैशटैग पीरियड्स पर खुलकर‘ अभियान का हुआ आगाज
यूनिसेफ और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का संयुक्त तत्वाधान
मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण लेने सूरजपुर जिले से एडल्ट लीडर्स हुए शामिल
सूरजपुर/12 मई 2026
सोमवार को मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन के अंतर्गत ‘तारुण्य वार्ता हैशटैग पीरियड्स पर खुलकर‘ अभियान के साथ ही दो दिवसीय मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। यूनिसेफ और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वाधान में इसका आयोजन हुआ। रायपुर स्थित श्री बालाजी विद्या मंदिर में मास्टर ट्रेनर्सत्र का प्रशिक्षण प्राप्त करने राज्य के सभी जिलों से तीन- तीन की संख्या में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जिला संगठन आयुक्त एवं लीडर्स जुटे हैं। जिसमे सूरजपुर ने भी अपना प्रतिनिधित्व किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि की आसंदी से छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने कहा कि मासिक धर्म पर चुप्पी नहीं, जागरूकता और संवाद की आवश्यकता है। हर बेटी को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक माहवारी प्रबंधन का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने यूनिसेफ और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा प्रारंभ किए गए अभियान की प्रशंसा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने कहा कि यूनिसेफ के साथ शुरू की गई मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन की इस मुहिम को पूरे छत्तीसगढ़ में हर वर्ग तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 28 मई को अभियान का समापन मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में होगा।
यूनिसेफ की छत्तीसगढ़ हेड सीमा कुमार ने कहा कि यह गर्व की बात है कि आज हम लड़कियों की गरिमा, समानता और स्वास्थ्य सुरक्षा का अभियान शुरू कर रहे हैं। यह बालिकाओं के सशक्तिकरण का भी अभियान है। उन्होंने कहा कि यह अभियान माहवारी के मिथकों और अनावश्यक पाबंदियों को तोड़ने का काम करेगा। यह अभियान लड़कियों तक ही सीमित नहीं रहेगा, यह लड़कों को भी माहवारी के प्रति जागरूक करेगा और उनकी समझ को बढ़ाएगा तथा झिझक को दूर करेगा। सीमा कुमार ने मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन जैसे विषय को स्कूलों के पीटीएम के माध्यम से अभिभावकों तक पहुंचाने की मांग रखी।
यूनिसेफ के व्यवहार परिवर्तन स्पेशलिस्ट अभिषेक सिंह ने अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस अभियान से माहवारी को लेकर किशोरों में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता में वृद्धि होगी। मासिक धर्म स्वच्छता व्यवहार में सुधार आएगा और इस विषय पर बात करने की झिझक दूर होगी तथा भ्रांतियों में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान बालिकाओं के सशक्तिकरण पर भी जोर देगा।
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान यूनिसेफ की बाल संरक्षण विशेषज्ञ चेतना देसाई, वाश स्पेशलिस्ट श्वेता पटनायक, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय मुख्यालय आयुक्त जी स्वामी, रेड क्रास सोसायटी के उपाध्यक्ष रूपेश पाणिग्रही, राज्य मुख्यालय आयुक्त रविश गुप्ता, स्टेट को ऑडिनेटर में बरशिप ग्रोथ मोहम्मद सादिक शेख भी मंचासीन रहे। शुभारंभ कार्यक्रम का संचालन राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) पूनम सिंह साहू ने किया तथा आभार राज्य संयुक्त सचिव बीना यादव द्वारा जताया गया।
पहले दिवस का प्रशिक्षण यूनिसेफ के एसबीसी कंसलटेंट अभिषेक त्रिपाठी, वाश ऑफिसर बिरजा कबी सतपथी, आशिष कुमार द्वारा प्रदान किया गया। दो दिवसीय मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का संयोजन दिलीप पटेल द्वारा किया जा रहा है। शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) सरिता पाण्डेय, राज्य संगठन आयुक्त द्वय अमित क्षत्रिय, जलवती साहू सहित अन्य की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन का संकल्प भी दिलाया। सूरजपुर से डीओसी स्काउट बलभद्र देवांगन, गाइड विनीता भगत एवं कंचनलता सम्मिलित हुए। अतिथियों द्वारा पोस्टर का विमोचन भी किया गया।