सेवा सेतु ने बढ़ाया विश्वास, डिजिटल प्रणाली से आसान हुए काम’
’दुर्गावती का जाति और डिम्पल का आय प्रमाण पत्र बना, स्थानीय स्तर पर मिल रही नागरिक सेवाएं’
’कोरिया 30 अक्टूबर 2026
शासकीय सेवाओं तक नागरिकों की पहुंच आसान बनाने में सेवा सेतु केंद्र मददगार साबित हो रहे हैं। कोरिया जिले के ग्राम खरवत निवासी पवन लाल की पुत्री दुर्गावती का अन्य पिछड़ा वर्ग जाति प्रमाण पत्र सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से बनाया गया। इसी गांव के कृष्ण कुमार राजवाड़े ने भी अपनी पुत्री डिम्पल का आय प्रमाण पत्र सेवा सेतु केंद्र से बनवाया। स्थानीय स्तर पर प्रमाण पत्र बनने से दोनों परिवारों का काम आसान हुआ है।
ई-जिला प्रबंधक श्री राकेश ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन की सेवा सेतु व्यवस्था के अंतर्गत नागरिकों को सैकड़ों प्रकार की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन सेवाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए जिले के सेवा सेतु केंद्र संचालकों और ऑपरेटरों को विभिन्न कार्यों तथा आवेदन प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया है।
उन्होंने बताया कि नागरिक अपने नजदीकी सेवा सेतु एवं अटल डिजिटल सेवा केंद्रों में जाकर उपलब्ध सेवाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं। डिजिटल प्रणाली के माध्यम से स्थानीय स्तर पर कार्य होने से लोगों को सुविधा मिल रही है और शासकीय सेवाओं के प्रति उनका विश्वास बढ़ रहा है।