छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही
जनदर्शन में पहुंचे 14 आवेदक, जिला पंचायत सीईओ ने सुनी समस्याएं
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 30 जून 2026
कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में आए नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा। जनदर्शन के दौरान कुल 14 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका संबंधित अधिकारियों द्वारा परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों में पेंशन, बैंक खाते से होल्ड हटवाने, भूमि पर कब्जा संबंधी शिकायत, अनुकम्पा नियुक्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर सहायता राशि प्रदान करने सहित अन्य जनसमस्याएं शामिल रहीं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों को आवेदनों का परीक्षण कर संबंधित अधिकारी को मार्क किया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। पात्रता के अनुसार हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जनजागरूकता एवं यातायात नियमों के कड़ाई से पालन पर दिया गया जोर
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 30 जून 2026
जिले में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए समन्वित एवं प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए गए। कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश मिश्रा ने संबंधित विभागों द्वारा सड़क सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को जनसुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला परिवहन अधिकारी श्री आनंद शर्मा ने बताया कि वर्ष 2025 में जिले में सड़क दुर्घटनाओं के 166 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 94 लोगों की मृत्यु हुई तथा 193 व्यक्ति घायल हुए। वहीं वर्ष 2026 में 27 जून तक 98 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनमें 63 लोगों की मृत्यु तथा 85 लोग घायल हुए हैं। इन आंकड़ों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों ने दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि दुर्घटना संभावित स्थलों की नियमित समीक्षा कर वहां गति सीमा संबंधी बोर्ड, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, दिशा सूचक एवं अन्य आवश्यक यातायात संकेतकों की स्थापना प्राथमिकता के आधार पर की जाए। साथ ही सड़क किनारे उगी झाड़ियों की नियमित सफाई, क्षतिग्रस्त संकेतकों का सुधार तथा आवश्यकतानुसार सड़क सुरक्षा संबंधी अधोसंरचना को मजबूत करने पर भी चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की सहभागिता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। इसके लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, परिवहन संघों एवं सामाजिक संगठनों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। लोगों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए लगातार प्रेरित किया जाए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके और नागरिकों का जीवन सुरक्षित बनाया जा सके।
हिट एंड रन के 5 प्रकरणों में दावाकर्ता को किया गया भुगतान
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 30 जून 2026
कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में टक्कर मार कर भागना मोटर यान दुर्घटना पीड़ित प्रतिकर स्कीम (जिला स्तरीय हिट एंड रन समिति) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मुकेश रावटे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश मिश्रा सहित समिति के सदस्य उपस्थित थे। परिवहन विभाग द्वारा बताया कि जिले में 28 प्रकरणों में दुर्घटनाकारित वाहनों का पता चला है, जिसमें पेण्ड्रारोड क्षेत्र के 13, पेण्ड्र क्षेत्र के 8 और मरवाही क्षेत्र के 7 प्रकरण शामिल हैं। इनमें सेे 6 प्रकरणों में निपटान आयुक्त द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है तथा 5 प्रकरणों में साधारण बीमा परिषद द्वारा दावाकर्ता के विधिक प्रतिनिधि के बैंक खाते में ई-संदाय कर दिया गया है। इस योजना के तहत भारत सरकार हिट एंड रन मोटर दुर्घटनाओं के पीड़ितों को मृत्यु की स्थिति में 2 लाख रुपये (मृतक के कानूनी प्रतिनिधियों को) और गंभीर चोट के मामले में 50 हजार रुपये मुआवजा प्रदान करती है।
एनएमईओ योजना के तहत कोटमीकला में 25 किसानों को वितरित किया गया मूंगफली बीज
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 28 जून 2026
पेंड्रा विकासखंड के ग्राम कोटमीकला में भारत सरकार की राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन (एनएमईओ) योजना के अंतर्गत किसानों को मूंगफली के उन्नत बीजों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य तिलहनी फसलों के उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि कर किसानों की आय में बढ़ोतरी करना है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अमित कुमार तंवर, कृषि विकास अधिकारी मधुसूदन, क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी तथा ग्राम पंचायत कोटमीकला के सरपंच भंवर सिंह अर्मो उपस्थित रहे। इस अवसर पर योजना के अंतर्गत 10 हेक्टेयर प्रदर्शन रकबे के लिए चयनित 25 किसानों को मूंगफली के उन्नत बीज वितरित किए गए। कृषि अधिकारियों ने किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, बीज उपचार, संतुलित उर्वरक प्रबंधन एवं फसल की वैज्ञानिक देखभाल संबंधी आवश्यक जानकारी भी प्रदान की। कृषि विभाग ने किसानों से शासन की कृषि हितैषी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर तिलहनी फसलों का उत्पादन बढ़ाने का आग्रह किया।
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ
कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया अभियान का शुभारंभ
"दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार।"
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 28 जून 2026
जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ आज जिला चिकित्सालय में कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन द्वारा बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को साकार किया जा सके। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. के.के. सोनी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 53 हजार 490 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के प्रथम दिवस 28 जून को जिले के सभी निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई गई। उन्होंने बताया कि अभियान के द्वितीय एवं तृतीय चरण में 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश पोलियो बूथ तक नहीं पहुँच सके हैं। इसके लिए जिले में व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य दलों की तैनाती की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं तथा घर-घर पहुँचने वाली स्वास्थ्य टीमों का सहयोग करें। विभाग ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को समय-समय पर पोलियो की खुराक पिलाना ही इस गंभीर बीमारी से स्थायी सुरक्षा का सबसे प्रभावी उपाय है।
सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा से सकुशल लौटे विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची एवं श्रद्धालुओं का हुआ भव्य स्वागत
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 27 जून 2026
छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति एवं राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा से सकुशल लौटे विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची एवं जिले के श्रद्धालुओं का आज गौरेला स्थित सर्किट हाउस के समीप मुख्य मार्ग पर नागरिकों द्वारा भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर उत्साह और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। स्वागत कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद गौरेला की उपाध्यक्ष श्रीमती रोशनी तापस शर्मा, जिला पंचायत सदस्य श्री राजेश नंदिनी आर्मो, श्री बृजलाल सिंह राठौर, श्री तापस शर्मा, श्री अजय तिवारी, श्री सचिन जैन, श्री अजय राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पमालाओं एवं पुष्पवर्षा के साथ यात्रा दल का अभिनंदन कर उनका स्वागत किया।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति एवं राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से चयनित 21 विशिष्टजनों का प्रतिनिधिमंडल गत 22 जून को विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची के नेतृत्व में रायपुर रेलवे स्टेशन से गुजरात स्थित ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र सोमनाथ धाम के लिए रवाना हुआ था। यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने भगवान सोमनाथ के दर्शन-पूजन कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। यात्रा से लौटने पर श्रद्धालुओं ने इसे आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत प्रेरणादायी अनुभव बताते हुए सरकार के इस अभिनव प्रयास की सराहना की।
कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक 30 जून को
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 26 जून 2026
जिले में सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ संतोष कुमार देवांगन की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आगामी 30 जून मंगलवार को आयोजित की जाएगी। यह बैठक कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में समय-सीमा की बैठक के उपरांत होगी। बैठक में जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात सुरक्षा को सुदृढ़ करने, विभिन्न विभागों के समन्वय से आवश्यक कार्यवाहियों तथा सड़क सुरक्षा संबंधी उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। संबंधित विभागों द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना भी निर्धारित की जाएगी। जिला परिवहन अधिकारी एवं समिति के सदस्य सचिव द्वारा पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, नगरीय निकायों सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों पर समन्वित एवं प्रभावी निर्णय लिए जा सकें।
खनिज मुरूम-मिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते पाए जाने पर 3 जेसीबी और 3 ट्रैक्टर वाहन जप्त
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 26 जून 2026
कलेक्टर डॉ संतोष देवांगन के निर्देश पर जिला खनिज उड़न दस्ता दल द्वारा जिले के देवराजपारा-सधवानी एवं बंधी-बचरवार से खनिज मुरूम-मिट्टी के अवैध उत्खनन करते पाए जाने पर 3 जेसीबी वाहन और सिलपहरी क्षेत्र से खनिज रेत के अवैध परिवहन करते पाए जाने पर 3 ट्रैक्टर वाहन को जप्त किया गया है। बतादें कि साधवानी के ग्रामवासियों द्वारा सीएम हेल्पलाइन ट्रोल फ्री नंबर 1076 एवं कलेक्टर के समक्ष ग्रामीणों द्वारा शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत मिलने पर कलेक्टर द्वारा तत्काल खनिज विभाग को जांच करने के आदेश दिए गए थे, जिस पर विभाग द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए देवराजपारा-सधवानी से 2 एवं बंधी-बचरवार क्षेत्र से 1 जेसीबी वाहन और 3 रेत के ट्रैक्टर वाहन सिलपहरी क्षेत्र से जप्त करके सुरक्षित रूप से पुलिस लाइन अमरपुर मे खड़ा किया गया हैं।
सभी वाहन मालिकों के विरुद्ध खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम के तहत कार्यवाही किया जाकर अर्थदंड, समझौता की राशि निर्धारित खनिज मद में जमा कराए जाने के उपरांत ही मय खनिज वाहनों को मुक्त किया जाएगा। कलेक्टर द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि जिले में कोई भी खनिजों की अवैध गतिविधि स्वीकार नहीं की जाएगी। जांच दल में आदित्य मानकर सहायक खनिज अधिकारी, सुजीत कंवर खनिज निरीक्षक, शिवकुमार लहरे खनिज सिपाही एवं सतीश साहू नगर सैनिक शामिल रहे।
पक्के घर से अमृतलाल के जिंदगी में आई खुशहाली : कलेक्टर ने दी बधाई
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 26 जून 2026
गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत पंडरीपानी निवासी अमृतलाल और उनका परिवार लंबे समय तक एक कच्चे मिट्टी के मकान में रहते थे। लेकिन अब वे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेकर एक सुंदर बड़े पक्के आवास में परिवार के साथ सुखमय जीवन व्यतित कर रहे हैं।बीते 24 जून को पंडरीपानी में आयोजित विशेष ग्राम सभा में कलेक्टर डॉ संतोष कुमार देवांगन और जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे ने उनके आवास का अवलोकन कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी। अमृतलाल ने बताया कि पक्का मकान बनने से पहले वे कच्चे मकान में रहते थे जहां बरसात के दिनों में घर की छत से पानी टपकता था और दीवारों में सीलन आ जाती थी। इन समस्याओं के कारण परिवार को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था और सुरक्षित एवं आरामदायक जीवन जीना चुनौतीपूर्ण था।
ऐसे समय में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अमृतलाल को पक्का आवास स्वीकृत हुआ। योजना की सहायता से उनका सपना साकार हुआ और उन्हें एक मजबूत एवं सुरक्षित घर मिला। पक्का मकान बनने के बाद उनके परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया। अब उन्हें बारिश, सीलन और अन्य मौसम संबंधी परेशानियों से राहत मिल गई है। अमृतलाल बताते हैं कि नया आवास मिलने से उनके परिवार की जीवनशैली में सुधार हुआ है। अब सभी सदस्य सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण में रह रहे हैं। बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिला है और पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। अपने अनुभव साझा करते हुए अमृतलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके परिवार को नई पहचान और सुरक्षा प्रदान की है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।
पुनर्मूल्यांकन के बाद आत्मानंद स्कूल पेंड्रा की आकृति साहू ने राज्य मेरिट में हासिल किया 8वां स्थान
जिले का बढ़ाया गौरव, कक्षा 12वीं की मेरिट सूची में आत्मानंद विद्यालय के तीन विद्यार्थियों ने बनाई जगह
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 25 जून 2026
स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पेंड्रा की मेधावी छात्रा आकृति साहू ने पुनर्मूल्यांकन के बाद उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करते हुए जिले एवं विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। पुनर्मूल्यांकन के उपरांत आकृति के 4 अंक बढ़ने से उनका कुल प्राप्तांक 484 हो गया, जिसके आधार पर उन्होंने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की राज्य मेरिट सूची में 8वां स्थान प्राप्त किया। वहीं निर्धारित बोनस अंक जोड़ने के बाद उनका कुल प्राप्तांक 494 (98.80 प्रतिशत) दर्ज किया गया।
आकृति साहू ने इससे पूर्व कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में भी राज्य मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। उनकी इस निरंतर उपलब्धि ने यह सिद्ध किया है कि समर्पण, अनुशासन और सतत परिश्रम से उत्कृष्ट परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री भुवाल सिंह पैकरा ने छात्रा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता शिक्षकों के समर्पित प्रयास, अभिभावकों के सहयोग तथा विद्यालय में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पेंड्रा के कक्षा 12वीं के तीन विद्यार्थियों ने राज्य की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान बनाकर विद्यालय एवं जिले को गौरवान्वित किया है। जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी के मार्गदर्शन, पूर्व प्राचार्य श्री वी. के. वर्मा के शैक्षणिक नेतृत्व तथा विद्यालय के शिक्षकों के सतत प्रयासों से यह शासकीय विद्यालय प्रदेश में उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों का नया कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।आकृति की इस उल्लेखनीय सफलता पर विद्यालय परिवार, शिक्षा विभाग, अभिभावकों एवं जिलेवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उप अभियंता के प्रकरण में उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप कलेक्टर ने जारी किया भारमुक्त आदेश
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 24 जून 2026
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ने माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर के निर्देशों के परिपालन में जनपद पंचायत गौरेला में पदस्थ उप अभियंता श्री विजेन्द्र बलभद्रे के प्रकरण में आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग छत्तीसगढ़ शासन द्वारा अक्टूबर 2024 में श्री विजेन्द्र बलभद्रे उप अभियंता जनपद पंचायत गौरेला का स्थानांतरण जनपद पंचायत कोटा जिला बिलासपुर किया गया था। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला अनुसूचित क्षेत्र में होने तथा उनके स्थान पर वैकल्पिक अधिकारी की उपलब्धता नहीं होने के कारण उन्हें तत्काल भारमुक्त नहीं किया गया था।
इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा शासन को आवश्यक पत्राचार भी किया गया था। इसके पश्चात विकास आयुक्त कार्यालय छत्तीसगढ़ द्वारा अप्रैल 2026 में संबंधित अधिकारी को तत्काल प्रभाव से भारमुक्त किए जाने के निर्देश जारी किए गए, जिसके आधार पर जिला पंचायत द्वारा 28 मई 2026 को उन्हें भारमुक्त कर दिया गया। उक्त आदेश के विरुद्ध श्री बलभद्रे द्वारा माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर में याचिका प्रस्तुत की गई।
उच्च न्यायालय ने प्रकरण की सुनवाई करते हुए निर्देश दिया कि याचिकाकर्ता द्वारा प्रस्तुत आवेदन पर कलेक्टर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही नियमानुसार 15 दिवस के भीतर निर्णय लें। साथ ही, निर्णय होने तक 28 मई 2026 के आदेश के प्रभाव को स्थगित रखा गया। न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप कलेक्टर द्वारा प्रकरण का परीक्षण किया गया। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया है कि जिले में उप अभियंताओं की वर्तमान में कमी तथा प्रशासनिक आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए प्रस्तुत आवेदन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया गया। प्रकरण के सभी तथ्यों, शासन से प्राप्त निर्देशों एवं माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के परिपालन में श्री विजेन्द्र बलभद्रे के आवेदन को अस्वीकार करते हुए उन्हें जनपद पंचायत कोटा जिला बिलासपुर हेतु भारमुक्त किए जाने का आदेश जारी किया गया है।
दो कार्यालय सहायकों का प्रशासनिक स्थानांतरण
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 24 जून 2026
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग द्वारा दो कार्यालय सहायक कर्मचारियों के स्थानांतरण संबंधी आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश के अनुसार कार्यालय सहायक वर्ग-2 श्री दीपक कुमार तिवारी, जो वर्तमान में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पेंड्रा कार्यालय में कार्यरत हैं, उन्हें मूल पदस्थापना कार्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मरवाही में आगामी आदेश तक कार्य करने हेतु पदस्थ किया गया है। इसी तरह कार्यालय सहायक वर्ग-3 श्री अनीश कुमार राय, जो वर्तमान में जनपद पंचायत मरवाही में पदस्थ हैं, उन्हें मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पेंड्रा कार्यालय में कार्य करने के लिए स्थानांतरित किया गया है।
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने दिए जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 23 जून 2026
कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जनसमस्याओं एवं जनशिकायतों से संबंधित आवेदनों के विभागवार निराकरण की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर पात्रता एवं नियमों के अंतर्गत आने वाले प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। जिन मामलों में पात्रता नहीं बनती है, उनमें आवेदकों को नियमानुसार सूचना प्रदान कर प्रकरणों का निराकरण करते हुए टीएल सूची से विलोपित किया जाए। बैठक में कलेक्टर ने आगामी वर्षाकाल को ध्यान में रखते हुए मौसमी एवं जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सभी स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयों, चिकित्सकीय उपकरणों तथा उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पशु चिकित्सा विभाग को पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु टीकाकरण अभियान में तेजी लाने कहा।
कलेक्टर ने वर्षा जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के लिए जिले में निर्मित एनीकट, स्टॉप डैम, डबरियों तथा अन्य जल संरचनाओं में अधिकतम जल भराव सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभावित कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए अभी से कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि भविष्य में जल संकट की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। बैठक में कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन एवं पशुधन विकास विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की बैठक आयोजित कर आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि यदि वर्षा सामान्य से कम होती है तो किसानों को कम पानी में होने वाली वैकल्पिक फसलों के संबंध में जागरूक किया जाए तथा उन्हें वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान के शेष उठाव की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित समितियों से शीघ्र धान उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में डीजल एवं पेट्रोल की उपलब्धता, पेयजल व्यवस्था तथा किसानों के लिए खाद-बीज के उठाव एवं वितरण की स्थिति की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं जनहित से जुड़े कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आमजन की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, एसडीएम पेण्ड्रारोड विक्रांत अंचल, एसडीएम मरवाही देवेन्द्र सिरमोर सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर जनदर्शन में पेशन, मजदूरी भुगतान आदि से संबंधित 14 आवेदन प्राप्त हुए
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 23 जून 2026
कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में पेंशन, मजदूरी भुगतान आदि से संबंधित 14 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदन में केवाईसी, राशन, शौचालय निर्माण की राशि, मृत्यु प्रमाण पत्र में त्रुटि सुधार आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे ने सभी आवेदकों की समस्याएं सुनी और उनके आवेदनों का परीक्षण तथा पात्रता के अनुसार शीघ्रता से लाभ दिलाने आश्वस्त किया।
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया शुरू, ऑनलाइन पंजीयन की तिथियां जारी
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 23 जून 2026
अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा सत्र 2026-27 की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा 12वीं से उच्चतर) हेतु ऑनलाइन पंजीयन, स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। यह प्रक्रिया राज्य के सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग, मेडिकल, नर्सिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक तथा आईटीआई संस्थानों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों के लिए लागू होगी। आदिवासी विकास विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल पर किए जाएंगे। वर्ष 2026-27 के लिए नवीनीकरण आवेदन 20 जून 2026 से तथा नवीन आवेदन 1 अगस्त 2026 से स्वीकार किए जाएंगे। प्राप्त आवेदनों के परीक्षण एवं स्वीकृति की समस्त कार्रवाई निर्धारित समयावधि में पूरी की जाए, ताकि छात्रवृत्ति राशि का वितरण एवं भुगतान जनवरी 2027 तक पूर्ण किया जा सके।
छात्रवृत्ति के लिए अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के पालकों की वार्षिक आय सीमा 2.50 लाख रुपये तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए 1 लाख रुपये निर्धारित की गई है। आवेदकों के पास सक्षम अधिकारी द्वारा जारी स्थायी जाति प्रमाण पत्र, छत्तीसगढ़ का मूल निवास प्रमाण पत्र तथा पूर्व वर्ष की परीक्षा परिणाम संबंधी दस्तावेज होना आवश्यक है। छात्रवृत्ति की राशि पीएफएमएस के माध्यम से सीधे आधार सीडेड बैंक खातों में जमा की जाएगी। इसलिए विद्यार्थियों को आवेदन के समय सक्रिय एवं आधार से लिंक बैंक खाते की जानकारी दर्ज करना अनिवार्य होगा। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थीयों के लिए वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल एनएसपी से ओटीआर प्राप्त करना भी अनिवार्य किया गया। नई संस्थाओं के संस्था प्रमुख एवं छात्रवृत्ति प्रभारी के लिए बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन अनिवार्य किया गया है, जिससे छात्रवृत्ति प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा सके।
कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन की आमजन से अपील
21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में बढ़-चढ़कर करें सहभागिता
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 20 जून 2026
कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने जिले के सभी नागरिकों से 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य सभी आयु वर्ग के लोगों को स्वस्थ, सक्रिय एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कलेक्टर ने कहा है कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करता है। वर्तमान जीवनशैली में बढ़ते तनाव एवं स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ जीवन का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।
उन्होंने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों से अपने निकटतम आयोजन स्थल पर पहुंचकर सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेने का आग्रह किया है। साथ ही ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों एवं विभिन्न संस्थानों से भी योग कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।कलेक्टर ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ और निरोगी समाज के निर्माण का जनआंदोलन है। उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे स्वयं योग अपनाएं तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करें, ताकि स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध जिले के निर्माण में सहभागी बन सकें।
विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची के मुख्य आतिथ्य में सामूहिक योग कार्यक्रम 21 जून को
“स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर आयोजित होगा भव्य आयोजन
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 20 जून 2026
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा 21 जून को प्रातः 7 बजे से शासकीय बहुउद्देशीय विद्यालय पेंड्रा के असेंबली हॉल में सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग निर्धारित की गई है, जिसके माध्यम से नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नियमित योगाभ्यास के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मरवाही विधायक एवं मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री प्रणव कुमार मरपची होंगे। कार्यक्रम में विधायक कोटा श्री अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, गौरेला नगरपालिका अध्यक्ष श्री मुकेश दुबे, पेंड्रा नगरपालिका अध्यक्ष श्री राकेश जलान सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय निकायों के पदाधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। आयोजन के अंतर्गत सामूहिक योगाभ्यास, योग प्रोटोकॉल का प्रदर्शन तथा स्वास्थ्य संवर्धन से जुड़े विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत एवं अतिथियों के उद्बोधन से होगी, जिसके पश्चात योगाभ्यास कराया जाएगा। इसके साथ ही साइकिल रैली का भी आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।