छत्तीसगढ़ / रायपुर

छठे दिन चक्रधर समारोह में सांसद श्री विजय बघेल ने किया दीप प्रज्वलन

 महाराजा चक्रधर सिंह की कला साधना को किया नमन, ‘मोर संग चलो रे’ से दिया विकसित भारत के लिए मिल जुलकर आगे बढ़ने का संदेश

रायपुर, सितम्बर 2026

छठे दिन चक्रधर समारोह में सांसद श्री विजय बघेल ने किया दीप प्रज्वलन

रायगढ़ जिले में आयोजित 41वें अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह की छठवीं सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल ने दीप प्रज्वलन कर किया। समारोह में पहुंचने से पहले उन्होंने रामलीला मैदान परिसर में भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने महाराजा चक्रधर की छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने समारोह में शामिल कलाकारों एवं प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद श्री विजय बघेल ने कहा कि चक्रधर समारोह में शामिल होना उनके लिए पहला अवसर है। उन्होंने कहा कि महाराजा चक्रधर सिंह ने संगीत, संस्कृति, परंपरा और कलाकारों को एक सूत्र में पिरोने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उनके प्रयासों से कला और संस्कृति को नई पहचान मिली तथा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का सशक्त मंच मिला। उन्होंने कहा कि चक्रधर समारोह आज चार दशक से अधिक समय से निरंतर कला और संस्कृति की परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले कलाकार अपनी-अपनी लोक एवं शास्त्रीय कलाओं के माध्यम से भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत करते हैं। अलग-अलग भाषा, बोली, खान-पान और परंपराओं के बावजूद कला और संस्कृति देशवासियों को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करती है।

सांसद श्री बघेल ने महाराजा चक्रधर सिंह के वंशज एवं समारोह से जुड़े परिवार तथा आयोजन समिति को इस सांस्कृतिक परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे कलाकारों, कवियों, पत्रकारों एवं समारोह में उपस्थित कला प्रेमियों का छत्तीसगढ़ की पावन धरती पर स्वागत किया। इस दौरान सांसद विजय बघेल ने छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गीत ‘मोर संग चलो रे’ के मधुर स्वर के माध्यम से उपस्थित जनसमुदाय को विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए मिलजुलकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, उर्वशी देवी सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image