छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा
जिले में 10 अगस्त को मनाया जाएगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस
दंतेवाड़ा, 06 अगस्त 2026
कलेक्टर श्री देवेश कुमार धु्रव के निर्देश पर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अजय रामटेके के मार्गदर्शन में जिले में 10 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया जाएगा ।जिसके अंतर्गत जिले के समस्त शासकीय , अनुदान प्राप्त एवं समस्त निजी स्कूल शिक्षण संस्था एवं आंगनबाड़ी केंद्रों मैं 10 अगस्त को एक वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमि मुक्ति की दवाई निशुल्क दी जाएगी। जिले में कुल 1 लाख 16 हजार बच्चों को कृषि की दवाई खिलाई जाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसके लिए पूरी तैयारी पूर्ण कर ली गई है। विकासखंड स्तर पर एल्बेंडाजोल की गोली उपलब्ध करा दी गई है।
जिला नोडल अधिकारी कृमि मुक्ति कार्यक्रम डॉक्टर एस मंडल ने बताया है कि समस्त आंगनबाड़ी एवं स्कूल में 10 तारीख को कृमि की दवा दी जाएगी। किसी कारण बच्चे छूट जाते हैं तो उन्हें 17 अगस्त को माप अप राउंड बच्चों को दवा दी जाएगी। जिले के सभी पलकों से अपील की जाती है कि उक्त दिवस अपने बच्चों को कृमि मुक्ति की दवा अनिवार्य रूप से खिलाए।
गीदम आईटीआई में 13 अगस्त को प्लेसमेंट कैंप का आयोजन
दंतेवाड़ा, 06 अगस्त 2026
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) गीदम में 13 अगस्त 2026, गुरुवार को प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक निःशुल्क प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस प्लेसमेंट कैंप के माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। कैंप में ईगल हाई-टेक इंडस्ट्रियल कॉर्पोरेट प्राइवेट लिमिटेड, संभाजीनगर (महाराष्ट्र) एवं जीनस एनर्जाइजिंग लाइव्स सहित प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। इसमें विद्युतकार, फिटर, वायरमैन, टर्नर, मैकेनिक डीजल, वेल्डर, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग सहायक (कोपा) सहित आईटीआई के सभी व्यवसायों के प्रशिक्षणार्थी भाग ले सकते हैं। इसके अलावा पॉलीटेक्निक, 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर एवं अन्य योग्यताधारी अभ्यर्थी भी अपनी पात्रता के अनुसार प्लेसमेंट कैंप में शामिल हो सकते हैं।
इसके संबंध में इच्छुक अभ्यर्थियों को शैक्षणिक दस्तावेजों की मूल प्रति, रोजगार पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड की दो छायाप्रति, बैंक पासबुक की दो छायाप्रति, शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की दो छायाप्रति तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। यह प्लेसमेंट कैंप पूर्णतः निःशुल्क होगा। संस्था द्वारा सभी प्रशिक्षण अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे वर्तमान सत्र एवं पूर्व में उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थियों को प्लेसमेंट कैंप की जानकारी उपलब्ध कराते हुए निर्धारित तिथि पर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक युवा इस रोजगार अवसर का लाभ उठा सकें।
सेवा सेतु से मिली राहत, अब राजपत्र में नाम संशोधन की प्रक्रिया हुई आसान
दंतेवाड़ा, 06 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा नागरिकों को घर के नजदीक सरल, सुगम और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित सेवा सेतु पहल लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। इसका लाभ दंतेवाड़ा जिले की निवासी श्रीमती धिन्नो कडि़यामी को भी मिला। आधार कार्ड में नाम गलत दर्ज होने के कारण उन्हें लंबे समय से शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में परेशानी हो रही थी। महतारी वंदन योजना सहित अन्य योजनाओं की राशि भी उन्हें नहीं मिल पा रही थी। आधार में नाम सुधार कराने के लिए पहले राजपत्र (नेम चेंज) में नाम प्रकाशित कराना आवश्यक था, जिसके लिए दस्तावेज जमा करने राजनांदगांव तक जाना पड़ता था। यह प्रक्रिया समय, धन और श्रम की दृष्टि से काफी कठिन थी।
अब सेवा सेतु के माध्यम से यह सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध होने से उन्होंने आवश्यक दस्तावेज जमा कर राजपत्र में नाम संशोधन की प्रक्रिया शुरू कराई। ऑनलाइन माध्यम से राजपत्र में नाम प्रकाशित होने की प्रक्रिया आगे बढ़ी, जिससे आधार कार्ड में नाम सुधार का रास्ता भी आसान हो गया है। श्रीमती धिन्नो कडि़यामी ने बताया कि सेवा सेतु के कारण उन्हें अनावश्यक दौड़-भाग से राहत मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुविधा दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी और समय बचाने वाली साबित हो रही है।
12वीं राज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में बचेली के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
5 खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण और कांस्य पदक, कोच नंदकिशोर साहू भी हुए सम्मानित
दंतेवाड़ा । 12वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक धमतरी के अग्रसेन भवन, सिहावा चौक में हुआ। प्रतियोगिता में कोच नंदकिशोर साहू के नेतृत्व में बचेली नगर के पांच खिलाड़ियों ने भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और विभिन्न भार वर्गों में पदक जीतकर दंतेवाड़ा जिले का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में श्रुति साहू ने 84 किलोग्राम जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक, शिप्रा बिस्वास ने 84़ किलोग्राम सीनियर वर्ग में दो स्वर्ण पदक, दीपाली सरकार ने 84 किलोग्राम सीनियर वर्ग में कांस्य पदक, शोभा बघेल ने 64 किलोग्राम सीनियर वर्ग में कांस्य पदक तथा चित्रंजन दास ने 74 किलोग्राम जूनियर वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।
इस प्रतियोगिता के दौरान कोच नंदकिशोर साहू को पावर लिफ्टिंग के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। खिलाडि़यों की इस उपलब्धि पर एनएमडीसी, नगर के जनप्रतिनिधियों एवं वेटलिफ्टिंग संघ बचेली के पदाधिकारियों ने सभी विजेता खिलाड़ियों और कोच को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
कुआकोंडा में नवीन आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ, अब स्थानीय स्तर पर मिलेंगी आधार संबंधी सेवाएं
दंतेवाड़ा । विगत दिवस जिले के कुआकोंडा विकासखंड में नागरिकों की सुविधा के लिए नवीन आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में ग्राम पंचायत कुआकोंडा की सरपंच सुनीता बघेल, उपसरपंच मंगल बघेल सहित जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया।
उपस्थित अतिथियों ने इस पहल को ग्रामीणों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे आधार संबंधी सेवाएं अब स्थानीय स्तर पर सहजता से उपलब्ध हो सकेंगी। कार्यक्रम के दौरान सीएससी जिला प्रबंधक मिथलेश साहू ने तहसीलदार एवं तहसील कार्यालय कुआकोंडा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से आधार सेवा केंद्र के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया गया, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने बताया कि अब नागरिकों को आधार नामांकन, आधार में संशोधन, मोबाइल नंबर अपडेट सहित अन्य आधार संबंधी कार्यों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। नवीन आधार सेवा केंद्र के संचालन से सभी आवश्यक सेवाएं कुआकोंडा में ही उपलब्ध होंगी, जिससे लोगों के समय, धन और श्रम की बचत होगी तथा आधार सेवाओं तक उनकी पहुंच और अधिक आसान एवं सुगम बनेगी।
राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर जावंगा में हुआ जिला स्तरीय अंतरिक्ष आउटरीच कार्यक्रम
दंतेवाड़ा । राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस 2026 के अवसर पर एजुकेशन सिटी जावंगा स्थित आस्था विद्या मंदिर इंग्लिश मीडियम स्कूल में जिला स्तरीय अंतरिक्ष आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के रीजनल रिमोट सेंसिंग सेंटर, नागपुर के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सीकॉस्ट), छत्तीसगढ़ रीजनल साइंस सेंटर, स्कूल शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन दंतेवाड़ा के संयुक्त सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में इसरो के वैज्ञानिक डॉ. आनंद अरूर ने भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम, उपग्रहों, रॉकेट प्रक्षेपण मिशनों तथा अंतरिक्ष विज्ञान की उपलब्धियों पर प्रेरणादायी व्याख्यान दिया। वहीं सीकॉस्ट के वैज्ञानिक डॉ. एम.के. बैग ने नवाचार, वैज्ञानिक सोच और तकनीक आधारित विकास पर विद्यार्थियों को जानकारी दी। वही जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर एवं जिला मिशन समन्वयक हरीश प्रताप गौतम ने विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सैटेलाइट एवं रॉकेट मॉडल प्रदर्शनी, पोस्टर प्रदर्शनी, चित्रकला तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में गुज्जो रवीना ने प्रथम, अमित कुंजाम ने द्वितीय एवं इंद्रजीत चंदेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में नैतिक सिंह प्रथम, दीक्षा नेताम द्वितीय तथा अमन प्रसाद भूआर्य तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समन्वयक कमल कर्मकार, आस्था विद्या मंदिर के प्राचार्य रबीन्द्रनाथ पाणीग्राही, सह-समन्वयक वी.एस. ताती, कार्यक्रम प्रभारी अमुजुरी विश्वनाथ सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल एवं स्वास्थ्य संस्थानों का किया निरीक्षण
दंतेवाड़ा । कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव द्वारा आज जिले के मुख्य स्वास्थ्य संस्थानों जैसेे टेकनार स्थित अस्थायी मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, आयुष पॉलीक्लिनिक निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, गीदम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित पूर्व में बाढ़ से क्षतिग्रस्त आदिम कैफे एवं मिलेट कैफे का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं मरम्मत निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सबसे पहले कलेक्टर ने टेकनार स्थित अस्थायी मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर आगामी माह से प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज संचालन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने पेयजल, बिजली, शौचालय, बाउंड्रीवाल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं अगस्त माह के अंत तक हर हाल में पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों एवं चिकित्सा सेवाओं से जुड़े सभी कार्य समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि मेडिकल कॉलेज का संचालन बिना किसी बाधा के प्रारंभ हो सके।
इसके पश्चात कलेक्टर ने जिला अस्पताल पहुंचकर फिजियोथेरेपी कक्ष एवं बर्न यूनिट के निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल भवन की छत पर प्रभावी वॉटरप्रूफिंग कराने एवं बाल वार्ड में बेहतर वायु संचार के लिए एयर वेंटिलेशन सिस्टम स्थापित करने के निर्देश भी दिए। अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उन्होंने परिसर को पूर्णतः स्वच्छ एवं तंबाकू मुक्त बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कोटपा अधिनियम के तहत तंबाकू उत्पादों के सेवन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान इस माह से तथा सितंबर माह से नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर स्वास्थ्य वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस क्रम में कलेक्टर ध्रुव ने चितालंका स्थित आयुष पॉलीक्लीनिक का निरीक्षण कर शीघ्र प्रारंभ होने वाली पंचकर्म एवं आयुर्वेदिक शल्य चिकित्सा इकाई की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने शेष कार्यों को जल्द पूरा कर आगामी माह से पाइल्स (अर्श) एवं भगंदर के आयुर्वेदिक उपचार सहित पंचकर्म सेवाएं शुरू करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इससे जिलेवासियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर आयुष स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने चितालंका स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का भी अवलोकन किया और विभिन्न भवनों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण एजेंसी के इंजीनियरों से कार्यों की वर्तमान स्थिति एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी लेते हुए तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर ने गीदम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, शौचालय एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए परिसर की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
आदिम कैफे और मिलेट कैफे के शीघ्र मरम्मत कार्य के दिए निर्देश :
निरीक्षण के क्रम में कलेक्टर ने पूर्व में आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त आदिम कैफे एवं मिलेट कैफे का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मरम्मत,सिविल कार्य शीघ्र पूर्ण कर दोनों कैफे को जल्द से जल्द पुनः संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों एवं आगंतुकों को पुनः इन सुविधाओं का लाभ मिल सके। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के ईई शिवलाल ठाकुर, डीन मेडिकल कॉलेज दंतेवाड़ा डॉ टीकू सिन्हा,सीएमएचओ डॉ अजय रामटेके, सिविल सर्जन डॉ अभय तोमर, जनपद पंचायत सीईओ प्रांजल प्रजापति, निर्माण विभाग एसडीओ,इंजीनियर, सीजीएमएससी सहित अन्य के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर 7 से 15 अगस्त तक जिलेभर में होंगे विविध कार्यक्रम
दंतेवाड़ा, । छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग द्वारा “वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर 7 से 15 अगस्त 2026 तक तृतीय चरण के अंतर्गत जिलेभर में विविध देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में संस्कृति विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी जिला मुख्यालय, जनपद, ग्राम पंचायतों तथा शैक्षणिक संस्थानों में व्यापक स्तर पर आयोजन सुनिश्चित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के तहत 7 से 15 अगस्त तक “हर घर तिरंगा” अभियान के साथ तिरंगा यात्रा, मशाल रैली, देशभक्ति गीत प्रतियोगिता, विचार गोष्ठी, संगोष्ठी तथा छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों में समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी तथा स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को सभी जिला, विकासखंड एवं ग्राम पंचायत मुख्यालयों सहित स्कूलों एवं महाविद्यालयों में ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन बड़े पैमाने पर कराया जाएगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय कार्यक्रम के अनुरूप विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में स्कूल बैंड द्वारा वंदे मातरम् पर आधारित संगीतमय प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिनमें एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड सहित विभिन्न युवा संगठनों की सहभागिता रहेगी। इसी क्रम में 14 अगस्त को वंदे मातरम् विषयक विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। वहीं संध्याकाल में राज्य पुलिस बैंड द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर वंदे मातरम् एवं अन्य देशभक्ति गीतों की संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे स्वतंत्रता पर्व का उत्साह और अधिक बढ़ेगा। अभियान के तहत प्रदेश में सार्वजनिक एवं निजी भागीदारी से वंदे मातरम् ऑडियो-वीडियो बूथ भी स्थापित किए जाएंगे। इन बूथों पर नागरिक अपनी आवाज में वंदे मातरम् का गायन रिकॉर्ड कर अभियान पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। पोर्टल पर रिकॉर्ड की गई धुन के साथ गायन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों, शैक्षणिक संस्थानों एवं स्थानीय निकायों से शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए 7 से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाले वंदे मातरम् कार्यक्रमों का सफल एवं गरिमापूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने की अपील की है।
तकनीकी सहयोगी संस्थाओं से आवेदन 10 अगस्त तक
दंतेवाड़ा, । धरती आबा-जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत वन अधिकार अधिनियम, 2006 के तहत सामुदायिक वन संसाधन संरक्षण, संवर्धन एवं प्रबंधन योजना तैयार करने एवं उसके प्रभावी क्रियान्वयन में ग्राम सभाओं के सहयोग के लिए जिले में तकनीकी सहयोगी, सिविल सोसायटी ऑर्गेनाइजेशन एवं स्थानीय संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस अभियान के तहत चयनित संस्थाएं ग्राम सभाओं का क्षमता विकास, वन भूमि सर्वेक्षण, प्राकृतिक संसाधनों एवं लघु वनोपज की मैपिंग, जैव विविधता का दस्तावेजीकरण तथा सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समिति को तकनीकी सहयोग प्रदान करेंगी। इसके लिए भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा वित्तीय सहायता का भी प्रावधान किया गया है।
इस संबंध में आवेदन करने वाली संस्था का सोसायटी, सार्वजनिक ट्रस्ट अथवा गैर-लाभकारी संस्था के रूप में पंजीकृत होना, नवीनतम वित्तीय ऑडिट पूर्ण होना, नीति आयोग के दर्पण पोर्टल में पंजीकरण तथा वन अधिकार अधिनियम के क्रियान्वयन में कम से कम तीन वर्षों का अनुभव होना अनिवार्य है। संबंधित ग्राम सभा के प्रस्ताव द्वारा संस्था के नाम का अनुमोदन भी आवश्यक होगा। इच्छुक एवं पात्र तकनीकी सहयोगी संस्थाएं 10 अगस्त 2026 तक कार्यालयीन समय में कार्यालय कलेक्टर सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, दंतेवाड़ा में स्वयं उपस्थित होकर अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर सकती हैं। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर जिला स्तरीय निगरानी समिति द्वारा पात्र संस्थाओं का चयन किया जाएगा।
नव कौशल पथ, नई राह,नया हुनर के साथ आईटीआई गीदम में मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव
दंतेवाड़ा, । शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), गीदम में नव प्रवेशित प्रशिक्षणार्थियों के स्वागत हेतु “नव कौशल पथ, नई राह,नया हुनर” थीम पर “नए सफर की शुरुआत, कौशल विकास की ओर एक सुदृढ़ कदम” कार्यक्रम के अंतर्गत शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न व्यवसायों के प्रशिक्षण अधिकारी एवं नव प्रवेशित प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने प्रशिक्षणार्थियों को अपने-अपने ट्रेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कौशल अर्जित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कुशल युवा ही आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अनुशासन, समर्पण और निरंतर सीखने की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने “शिक्षार्थ आइए एवं सेवार्थ जाइए” के प्रेरणादायी स्लोगन के माध्यम से शिक्षा के उद्देश्य और समाज सेवा के महत्व को भी विस्तार से समझाया तथा प्रशिक्षणार्थियों से अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के विकास में करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के प्राचार्य हेमंत कुमार सोनवानी ने प्रशिक्षणार्थियों का स्वागत करते हुए आईटीआई में उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों तथा कौशल विकास के महत्व की जानकारी दी।
सेवा सेतु पोर्टल से आसान हुआ विवाह पंजीयन, बड़े बचेली के दंपतियों को मिला शासकीय योजनाओं का लाभ
दंतेवाड़ा, । छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल सेवा सेतु पोर्टल ग्रामीणों के लिए विभिन्न शासकीय सेवाओं को सरल, पारदर्शी और सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। विकासखण्ड दंतेवाड़ा की ग्राम पंचायत बड़े बचेली में विवाह पंजीयन की सुविधा ने ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। पहले विवाह प्रमाण पत्र के अभाव में अनेक परिवारों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। साथ ही प्रमाण पत्र बनवाने के लिए दूरस्थ कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों का अपव्यय होता था।
विवाह पंजीयन के संदर्भ में ग्राम पंचायत स्तर पर चलाए गए जागरूकता अभियान तथा सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ग्रामीणों को विवाह पंजीयन की ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस तरह ग्राम पंचायत की सचिव प्रियंका दीवान एवं सरपंच गोविंद कुंजाम के मार्गदर्शन में पात्र हितग्राहियों ने आवश्यक दस्तावेजों के साथ सेवा सेतु पोर्टल पर आवेदन किया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत सत्यापन उपरांत उन्हें विवाह प्रमाण पत्र जारी किए गए। इस प्रकार सेवा सेतु पोर्टल के लाभार्थियों में से एक ग्राम पंचायत बड़े बचेली निवासी जोगाराम एवं श्रीमती अमवती नाग ने बताया कि पहले विवाह प्रमाण पत्र नहीं होने के कारण उन्हें कई आवश्यक कार्यों और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी होती थी। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने के बाद उनका विवाह प्रमाण पत्र आसानी से बन गया, जिससे अब विभिन्न शासकीय प्रक्रियाओं में उन्हें सुविधा मिल रही है।
इसी प्रकार एक अन्य लाभार्थी दम्पति श्रीमती सुषमा तामो एवं संतोष ने भी बताया कि पहले उन्हें विवाह पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी नहीं थी। ग्राम पंचायत द्वारा दी गई जानकारी और सहयोग से उन्होंने सेवा सेतु पोर्टल पर आवेदन किया तथा निर्धारित समय में विवाह प्रमाण पत्र प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि अब दस्तावेज बनवाने के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की बचत हुई है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन व्यवस्था लागू होने से पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, त्वरित और नागरिक हितैषी बनी है। ग्राम पंचायत बड़े बचेली में इस पहल से ग्रामीणों का डिजिटल सेवाओं के प्रति विश्वास भी बढ़ा है और वे अन्य शासकीय सेवाओं के लिए भी ऑनलाइन माध्यम का उपयोग करने के प्रति जागरूक हो रहे हैं। ग्राम पंचायत बड़े बचेली में विवाह प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की यह पहल डिजिटल सुशासन का एक सफल उदाहरण बनकर सामने आई है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ग्रामीणों को घर के निकट ही आवश्यक सेवाएँ उपलब्ध हो रही हैं, जिससे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुँच रहा है।
अगस्त माह में उच्च शिक्षण संस्थानों में होंगे व्यापक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम
दंतेवाड़ा, । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के मार्गदर्शन में जिले के समस्त विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य उच्च शैक्षणिक संस्थानों में स्वीप (सिस्टेमेटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) कार्ययोजना के अंतर्गत अगस्त 2026 के दौरान व्यापक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें मतदाता पंजीकरण एवं मतदान प्रक्रिया से जोड़ना है।
इस संबंध में सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के नोडल अधिकारियों एवं क्लब के सदस्यों के माध्यम से विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रमों में महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालयों के कैम्पस एम्बेसडर तथा प्रोफेसर नोडल अधिकारी (स्वीप) की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। मतदाता जागरूकता सत्रों में मोबाइल एप की उपयोगिता, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन, स्थानांतरण एवं विलोपन की ऑनलाइन प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण की चार अर्हता तिथियां (01 जनवरी, 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर), विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) एवं विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) की जानकारी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका एवं जिम्मेदारियों, मतदाता सूची तैयार करने और अद्यतन करने की प्रक्रिया सहित निर्वाचन संबंधी विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। कार्यक्रमों के अंतर्गत निर्वाचन प्रक्रिया आधारित प्रश्नोत्तरी, मॉक पोल, निबंध प्रतियोगिता, परिचर्चा, नुक्कड़ नाटक तथा अन्य सहभागी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। साथ ही नैतिक एवं सूचित मतदान को बढ़ावा देने तथा निर्वाचन से संबंधित भ्रामक एवं फर्जी सूचनाओं की पहचान एवं उनसे बचाव के संबंध में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी उच्च शिक्षण संस्थानों से अपने-अपने कार्यक्रमों की तिथि एवं समय की पूर्व सूचना उपलब्ध कराने का आग्रह किया है, ताकि जिला स्तरीय अधिकारी भी इन कार्यक्रमों में सहभागिता कर सकें। साथ ही आयोजित गतिविधियों का पालन प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से 05 सितंबर 2026 तक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसरो के वैज्ञानिकों ने किया जिला विज्ञान केंद्र दंतेवाड़ा का भ्रमण, वैज्ञानिक गतिविधियों की सराहना
दंतेवाड़ा, । विगत दिवस भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक प्रोफेसर आनंद एवं उनकी विशेषज्ञ टीम ने जिला विज्ञान केंद्र, दंतेवाड़ा का भ्रमण कर यहां संचालित वैज्ञानिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया। टीम ने विज्ञान केंद्र की स्पेस गैलरी, फिजिक्स गैलरी, माइनिंग गैलरी सहित विभिन्न ज्ञान-दीर्घाओं, वर्किंग मॉडल्स तथा विद्यार्थियों के लिए संचालित ‘करके सीखें गतिविधियों का निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान वैज्ञानिकों ने सुदूर जनजातीय अंचल के बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी पहल बताया। उन्होंने विज्ञान केंद्र में बच्चों को प्रयोगात्मक एवं व्यावहारिक विज्ञान से जोड़ने के लिए केंद्र प्रमुख उपेंद्र गौतम एवं उनकी टीम द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी प्रशंसा की।
इसरो की टीम ने केंद्र में नियमित रूप से आयोजित होने वाले शैक्षणिक भ्रमण, ‘कबाड़ से जुगाड़’ विज्ञान गतिविधियों तथा खगोल विज्ञान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन को विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा बढ़ाने की दिशा में प्रभावी पहल बताया। वैज्ञानिकों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां भविष्य में बच्चों को विज्ञान, अंतरिक्ष अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी। भ्रमण के अंत में विज्ञान केंद्र प्रबंधन ने इसरो के वैज्ञानिकों का आभार व्यक्त किया। वैज्ञानिकों के आगमन से विज्ञान केंद्र सहित जिले के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में उत्साह का वातावरण देखा गया।
जिले में एनालॉग पनीर पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध
दंतेवाड़ा, । आयुक्त खाद्य सुरक्षा, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ द्वारा जोखिम मूल्यांकन, उपभोक्ता हितों, निष्पक्ष व्यापार व्यवहार तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पनीर एनालॉग अथवा गैर-दूध खाद्य उत्पादों पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया गया है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 18 एवं धारा 30 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए ऐसे उत्पादों के निर्माण, प्रसंस्करण, भंडारण, परिवहन, वितरण एवं विक्रय को पूरे छत्तीसगढ़ में प्रतिबंधित किया गया है। प्रतिबंध उन गैर-दूध उत्पादों पर लागू होगा जो पनीर, क्रीम, मक्खन अथवा अन्य दुग्ध उत्पादों की नकल करते हैं। इसके मद्देनजर खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला दंतेवाड़ा ने जिले के सभी खाद्य कारोबार कर्ताओं, जिनमें निर्माता फर्म, डेयरी इकाइयाँ, होटल, रेस्टोरेंट, थोक एवं फुटकर विक्रेता शामिल हैं, को निर्देश जारी किए हैं कि ऐसे उत्पादों का निर्माण, भंडारण, परिवहन, वितरण एवं विक्रय तत्काल बंद करना सुनिश्चित करें। साथ ही जिन निर्माता फर्मों के लाइसेंस में एनालॉग उत्पाद अंकित हैं, उन्हें आवश्यक संशोधन कराते हुए इसे हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में जिला पंचायत दंतेवाड़ा में होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों तथा अन्य खाद्य कारोबार कर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने आयुक्त के प्रतिषेध आदेश की जानकारी देते हुए एनालॉग पनीर की पहचान, खाद्य सुरक्षा संबंधी प्रावधानों तथा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। जन जागरूकता के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा से संबंधित आई.ई.सी. सामग्री (फ्लेक्स) का भी वितरण किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध के पालन की निगरानी के लिए जिले में सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबार कर्ताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक के पश्चात खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने नकुलनार क्षेत्र स्थित क्षीर सागर मिल्क बूथ, शिवांश होटल, कन्हैया स्वीट्स तथा किरंदुल के पूनम होटल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कहीं भी एनालॉग पनीर अथवा प्रतिबंधित डेयरी उत्पाद का उपयोग या भंडारण नहीं पाया गया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने आम उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि यदि कहीं एनालॉग पनीर अथवा अन्य प्रतिबंधित गैर-दूध उत्पादों का निर्माण, विक्रय या उपयोग किया जा रहा हो तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
स्वच्छता, सुरक्षित जल और प्लास्टिक मुक्त बाजार का संदेश लेकर हाट-बाजार पहुंचे स्वच्छता दूत
दंतेवाड़ा, । जिला प्रशासन दंतेवाड़ा के स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं यूनिसेफ के सहयोग से ग्राम पंचायत फरसपाल के साप्ताहिक हाट-बाजार में स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल तथा प्लास्टिक के कम उपयोग को लेकर व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य हाट-बाजार में आने वाले ग्रामीणों, दुकानदारों एवं विक्रेताओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा बाजार परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता दूत एवं ग्राम कोटवार ने मेगा फोन के माध्यम से हाट-बाजार में घूम-घूमकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से बाजार परिसर में कचरा इधर-उधर न फैलाने, डस्टबिन अथवा निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालने, प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग कम करने तथा कपड़े या जूट के झोले अपनाने की अपील की। साथ ही स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल के उपयोग, पानी को ढककर रखने तथा जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। इस जागरूकता अभियान के दौरान “स्वच्छ बाजार, स्वस्थ समाज”, “कचरा नहीं फैलाएंगे, स्वच्छता अपनाएंगे”, “प्लास्टिक कम करेंगे, पर्यावरण की रक्षा करेंगे” तथा “सुरक्षित पानी पिएंगे, स्वस्थ जीवन जिएंगे” जैसे नारों के माध्यम से ग्रामीणों और दुकानदारों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जिला सलाहकार (जल एवं स्वच्छता कार्यक्रम) सुरेश कुमार अनंत ने ग्रामीणों एवं बाजार में उपस्थित लोगों को कचरा प्रबंधन, सुरक्षित पेयजल और पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी देते हुए प्रत्येक नागरिक से स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत फरसपाल की सरपंच श्रीमती दीपमाला कर्मा एवं उपसरपंच राजू पवार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों एवं दुकानदारों से हाट-बाजार को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल शासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन एवं यूनिसेफ की इस पहल के माध्यम से लोगों को स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, प्लास्टिक मुक्त वातावरण तथा कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
अंजनेय यूनिवर्सिटी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले ने जीते 69 पदक
दन्तेवाड़ा । अंजनेय यूनिवर्सिटी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में दंतेवाड़ा जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 69 पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में जिले के 70 खिलाडि़यों ने भाग लिया, जिनमें प्री-मैट्रिक छात्रावास, पोस्ट-मैट्रिक छात्रावास, खेल परिसर जावंगा तथा इंडोर स्टेडियम के खिलाड़ी शामिल थे।
जिले के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में 33 स्वर्ण, 21 रजत एवं 15 कांस्य पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में राज्य के रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़, बालोद, भाटापारा, सारंगढ़, दंतेवाड़ा, जांजगीर-चांपा, अंबिकापुर, कांकेर, कोंडागांव तथा कोरबा सहित विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिले के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के पीछे प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और छात्रावासों में उपलब्ध खेल सुविधाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। खिलाडि़यों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर जिला प्रशासन, खेल विभाग, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस शानदार प्रदर्शन से दंतेवाड़ा ने राज्य स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया तथा जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए नई प्रेरणा प्रस्तुत की।
दन्तेवाड़ा :बस्तर मुन्ने पोर्टल एंट्री : कलेक्टर ने अद्यतन प्रगति के संबंध में लिया समीक्षा बैठक
व्यावहारिक दिक्कतों का समाधान फरक हल निकालें अधिकारी
दन्तेवाड़ा, 03 अगस्त 2026
कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव द्वारा आज जिला कार्यालय के डंकिनी सभाकक्ष में बस्तर मुन्ने अभियान के अंतर्गत पोर्टल एंट्री तथा सूचकांकों के संतृप्तिकरण की गहन समीक्षा किया गया। अभियान के तहत विभिन्न योजनाओं के सेचुरेशन के संबंध में उन्होंने कहा कि समस्त विभाग अब तक बाकी बचे हुए पोर्टल एण्ट्री कार्य को प्राथमिकता से पूरा करें। चूंकि राज्य शासन द्वारा बस्तर मुन्ने अभियान की प्रगति की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। अतः इस संबंध में किसी भी प्रकार का विलंब स्वीकार्य नहीं होगा और यह निर्धारित लक्ष्य एवं प्रतिशत अनुसार ही पूर्ण किया जाना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जो विभाग अपने लक्ष्य से पीछे चल रहे हैं वे उन विभागों से मार्गदर्शन लेवें जो अपने लक्ष्यों को शत-प्रतिशत प्राप्त कर चुके हैं उनसे समन्वय स्थापित करके ही अभियान के अंतर्गत लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकेगा। इसके साथ ही बैठक में एनसीएईआर सर्वे के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं जैसे आधार, जनधन खाता, आयुष्मान कार्ड, जननी सुरक्षा, मातृ वंदना, स्कूल में मुफ्त भोजन, यूनिफार्म, किताबें, टीकाकरण मिशन, श्रमिक कार्ड, विधवा पेंशन, जन्म, विवाह, जाति, निवास प्रमाण पत्र दिव्यांग पेंशन, महतारी वंदन, मतदाता कार्ड, आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को मुफ्त गर्म भोजन, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम आवास, मनरेगा, वन अधिकार पट्टा, किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, राशन कार्ड, हर घर जल योजना सहित अन्य योजनाओं की अद्यतन प्रगति का बैठक में ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। बैठक में यह भी बताया गया कि एनसीएईआर सर्वे के अंतर्गत जो हितग्राही उपरोक्त सभी योजनाओं से लाभान्वित नहीं हो पाये थे, उनमें से अब तक पोर्टल एंट्री कार्य का सत्यापन 96.59 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री एम भार्गव, अपर कलेक्टर श्री राजेष पात्रे सहित अन्य विभाग प्रमुख उपस्थित थे।